चंकी बाजपेयी, इंदौर। भंवरकुआ थाना क्षेत्र में ब्लैकमेलिंग का गंभीर मामला सामने आया है। एक युवक ने महिला के निजी फोटो और वीडियो वायरल करने की धमकी देकर उससे हजारों रुपये ऐंठ लिए। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
पीड़िता ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उसे जानने वाला राम नाम का युवक उसके निजी फोटो और वीडियो के जरिए ब्लैकमेल कर रहा था। आरोपी ने फोटो वायरल करने की धमकी देते हुए उससे पैसों की मांग की और डराकर करीब 60 हजार रुपये वसूल लिए। इसके बावजूद जब आरोपी की मांगें लगातार बढ़ती गईं, तो परेशान होकर पीड़िता ने पुलिस की मदद ली।
शिकायत मिलते ही पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने आरोपी का मोबाइल भी जब्त कर लिया है और अब तकनीकी जांच की जा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि उसके पास पीड़िता की कितनी आपत्तिजनक फोटो थी और वह उसका किस तरह इस्तेमाल कर रहा था। पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

