सतीश सिंह, बलिया. बांसडीह रोड थाना क्षेत्र में रविवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब एक विवाहिता करीब 100 फीट ऊंचे मोबाइल टॉवर पर चढ़ गई. महिला नीचे उतरने से इनकार कर रही थी और अपने कथित प्रेमी को मौके पर बुलाने की मांग पर अड़ी हुई थी. काफी देर तक चले समझाने-बुझाने के प्रयासों के बाद पुलिस और प्रशासन ने उसे सुरक्षित नीचे उतार लिया.

जानकारी के अनुसार, बांसडीह रोड थाना क्षेत्र के छितौनी (फरसाटार) गांव में रविवार सुबह मनियर थाना क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली विवाहिता मोबाइल टॉवर पर चढ़ गई. घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण एकत्र हो गए. सूचना पर बांसडीह रोड थाना पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी तत्काल मौके पर पहुंचे और महिला को सुरक्षित नीचे उतारने के प्रयास शुरू किए. महिला अपने कथित प्रेमी को मौके पर बुलाने की मांग कर रही थी. स्थिति की गंभीरता को देखते हुए बांसडीह तहसीलदार भी मौके पर पहुंचे. पुलिस ने महिला के कथित प्रेमी और उसके परिजनों को भी मौके पर बुलाया. इसके बाद घंटों तक समझाइश और बातचीत का दौर चलता रहा.

इसे भी पढ़ें : पहली बाढ़ में ही खुली पोल! 8.73 करोड़ के कटानरोधी कार्य की 9 ठोकरें नदी में समाईं

पुलिस और प्रशासन की टीम लगातार महिला को सुरक्षित नीचे उतरने के लिए समझाती रही. आखिरकार घंटों की मशक्कत के बाद महिला को सुरक्षित टॉवर से नीचे उतार लिया गया. घटना के दौरान पुलिस की प्राथमिकता महिला की सुरक्षा सुनिश्चित करना रही. फिलहाल, पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है. महिला के टॉवर पर चढ़ने के पीछे की वास्तविक वजह और उसके द्वारा लगाए गए दावों की भी जांच की जा रही है. पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए आगे की आवश्यक कार्रवाई की जाएगी.