Bihar Top News Today 18 may 2026: बिहार (BIHAR) में आज 18 मई को क्या कुछ खास रहा? कहां कौन सी घटना घटी? किस नेता के बयान से सियासत गरमाई? अगर आप से जरूरी खबरें छूट गई हैं तो लल्लूराम डॉट कॉम (Lalluram.com) पर एक क्लिक में पढ़ सकते हैं. आइए एक नजर डालते हैं अब तक की बड़ी खबरों पर………
पूर्व सांसद आनंद मोहन के बयान पर बवाल
पूर्व सांसद आनंद मोहन के जदूय को थैली पार्टी और नीतीश कुमार को जिंदा दफना देने वाले बयान पर जदयू विधान पार्षद संजय सिंह ने तगड़ा पलटवार किया है। संजय सिंह ने मीडिया से बातचीत में कहा कि, आनंद मोहन जदयू में नहीं…थैली वाले थैली की बात करते हैं। उन्होंने कहा कि, नीतीश कुमार ने उनको (लवली आनंद, आनंद मोहन की पत्नी) को शिवहर से बीजेपी का टिकट काटकर चुनाव लड़ाया। उनके बेटे चेतन आनंद नवीनी नगर से चुनाव लड़े। वो बताए की क्या यह सब थैली लेकर हुआ था क्या? पढ़ें पूरी खबर…………..
बिहार में हाईटेक फायर सिस्टम की शुरुआत
सीएम सम्राट चौधरी ने आज सोमवार (18 मई) को पटना के गांधी मैदान में 80 अत्याधुनिक अग्निशमन वाहनों और एआई आधारित आधुनिक अग्निशमन नियंत्रण कक्ष का लोकार्पण किया। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार अब सड़क, बिजली और मूलभूत सुविधाओं से आगे बढ़कर औद्योगिक विकास की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। अग्निशमन कर्मियों को संबोधित करते हुए सीएम सम्राट ने कहा कि आपदा को विपदा बनने से रोकना सबसे बड़ी जिम्मेदारी है। पढ़ें पूरी खबर………
अपराध में नंबर वन बना बिहार
बिहार की कानून व्यवस्था को लेकर नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने सम्राट सरकार पर बड़ा हमला बोला है। तेजस्वी यादव ने कहा कि, बिहार की कानून व्यवस्था बदहाल है। NCRB के आंकड़ों के अनुसार बिहार अपराध में शीर्ष पर है। उन्होंने कहा कि, विगत एक महीने में बलात्कार, हत्या, लूट और चोरी की घटनाओं में रिकॉर्ड तोड़ वृद्धि हुई है, लेकिन सरकार अपना जुर्म कबूल करने को तैयार ही नहीं है। पढ़ें पूरी खबर………
ट्रेन में मिली सिर कटी महिला की लाश
बिहार के छपरा से लखनऊ आने वाली गोमतीनगर एक्सप्रेस (ट्रेन संख्या- 15114) में रविवार सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। ट्रेन की स्लीपर बोगी (S-1) में एक संदिग्ध बक्से से एक अज्ञात महिला की सिर कटी लाश बरामद हुई है। मृतका के हाथ-पैर काटकर एक अलग बैग में पॉलीथिन के अंदर पैक किए गए थे, जबकि उसका सिर गायब है। पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। पढ़ें पूरी खबर…………
पटना पहुंचे पंजाब के सीएम भगवंत मान
पंजाब के मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी (AAP) के वरिष्ठ नेता भगवंत मान अपने परिवार के साथ बिहार की राजधानी पटना पहुंचे। पटना आगमन के तुरंत बाद वे सीधे सिख धर्म के ऐतिहासिक और पवित्र स्थल पटना सिटी स्थित तख्त श्री हरिमंदिर जी पटना साहिब गुरुद्वारा के लिए रवाना हुए। इस धार्मिक यात्रा के दौरान उनके साथ उनका परिवार भी मौजूद रहा। मुख्यमंत्री मान ने गुरुद्वारे में शीश नवाया और गुरु महाराज का आशीर्वाद लिया। पढ़ें पूरी खबर……….
बिहार में फिर से एनकाउंटर
बिहार में अपराधियों के खिलाफ पुलिस का कड़ा एक्शन जारी है। सीवान जिले में सोमवार की सुबह ऑपरेशन लंगड़ा के तहत पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। यहां जामापुर सोना दुकान लूटकांड के मुख्य आरोपी को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद दबोच लिया। भागने की कोशिश कर रहे बदमाश पर पुलिस ने गोलियां चलाईं, जो उसके दोनों घुटनों के आर-पार हो गईं। घायल आरोपी की पहचान सिसवन थाना क्षेत्र के चांदपुर घुरघाट निवासी अंकित कुमार सिंह (26 वर्ष, पिता श्रीनिवास सिंह) के रूप में हुई है। पढ़ें पूरी खबर…………
सड़क हादसे में 7 लोगों की मौत
बिहार के खगड़िया में भीषण सड़क हादसा हुआ है, जिसमें 7 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। वहीं, कई लोगों के घायल होने की खबर है। तीन वाहनों (स्कॉर्पियो, ट्रक और ऑटो) की आपस में टक्कर होने से यह भीषण सड़क हादसा हुआ है। घटना मानसी थाना क्षेत्र के अंतर्गत NH-31 पर हुआ। इस भीषण सड़क हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। वहीं, मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया है। पढ़ें पूरी खबर………
पैसेंजर ट्रेन में लगी भीषण आग
बिहार के सासाराम रेलवे स्टेशन से एक खबर सामने आई है, जहां प्लेटफॉर्म संख्या-6 पर खड़ी एक पैसेंजर ट्रेन अचानक धू-धू कर जल उठी। इस भीषण अगलगी के बाद पूरे स्टेशन परिसर और यात्रियों के बीच अफरा-तफरी का माहौल कायम हो गया। राहत की बात यह रही कि समय रहते आग पर काबू पा लिया गया, जिससे एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। पढ़ें पूरी खबर…..

