Bihar Top News Today: बिहार (BIHAR) में आज 30 अक्टूबर को क्या कुछ खास रहा? कहां कौन सी घटना घटी? किस नेता के बयान से सियासत गरमाई? अगर आप से जरूरी खबरें छूट गई हैं तो लल्लूराम डॉट कॉम (Lalluram.com) पर एक क्लिक में पढ़ सकते हैं. आइए एक नजर डालते हैं अब तक की बड़ी खबरों पर…………
73 लाख किसानों के खाते में पहुंचे 1476 करोड़ रुपए
सीएम सम्राट चौधरी आज शुक्रवार (30, अक्टूबर) को सम्राट अशोक कन्वेंशन केंद्र परिसर स्थित ज्ञान भवन से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से गुजरात के बनासकांठा में आयोजित प्रधानमंत्री किसान उत्सव दिवस कार्यक्रम में शामिल हुए। इस अवसर पर गुजरात के बनासकांठा में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की 24वीं किस्त के तहत देशभर के 9.34 करोड़ से अधिक किसानों के बैंक खातों में डीबीटी के माध्यम से 18,690 करोड़ रुपये से अधिक की राशि हस्तांतरित की। इसके तहत बिहार के 73 लाख से अधिक किसान परिवारों के खाते में 1,476 करोड़ रुपये की सम्मान राशि सीधे भेजी गई। पढ़ें पूरी खबर…………………
बिहार टेंडर घोटाला में फंसे IAS आनंद किशोर
बिहार के चर्चित टेंडर घोटाला मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) की कार्रवाई लगातार तेज होती जा रही है। ठेकेदार रिशु श्री से जुड़े इस मनी लॉन्ड्रिंग और भ्रष्टाचार के मामले में सीनियर आईएएस अधिकारियों की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए ईडी ने कुल छह आईएएस अधिकारियों को समन जारी कर पूछताछ के लिए बुलाया था, जिसमें हालिया घटना और अब तक की पूरी जांच का ब्योरा सामने आया है। समन मिलने के बावजूद आईएएस अधिकारी आनंद किशोर शुक्रवार को पटना स्थित ईडी कार्यालय में पेश नहीं हुए। जांच एजेंसी ने उन्हें 30 अक्टूबर को हाजिर होकर अपना पक्ष रखने के लिए बुलाया था। पढ़ें पूरी खबर………………
बिहार की ताकत बनेंगी नदियां- सीएम सम्राट
सीएम सम्राट चौधरी आज शुक्रवार (30, अक्टूबर) को पटना के चाणक्या होटल में ‘गंगा जल संधि: बिहार की जल सुरक्षा’ विषय पर जल संसाधन विभाग द्वारा आयोजित एक दिवसीय सेमिनार कार्यक्रम में शामिल हुए। इस मौके पर उन्होंने कलश में गंगा जल डालकर इस कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया। संगोष्ठी को संबोधित करते हुए सीएम सम्राट चौधरी ने कहा कि बिहार की नदियों, जल संसाधन और यहां की आबादी को राज्य की कमजोरी नहीं, बल्कि उसकी सबसे बड़ी ताकत बनाना है। यदि हम अपनी कमजोरियों को ताकत में बदलने में सफल रहे, तो बिहार को समृद्ध राज्य बनने से कोई नहीं रोक सकता। पढ़ें पूरी खबर…………………
दरभंगा AIIMS निर्माण के लिए 1549 करोड़ का टेंडर जारी
बिहार के दरभंगा में बनने वाले एम्स (AIIMS) को लेकर लंबे समय से इंतजार कर रहे लोगों के लिए बड़ी खबर है। अस्पताल के निर्माण का रास्ता अब आगे बढ़ गया है। इसके लिए 1549.25 करोड़ रुपये का टेंडर जारी कर दिया गया है। निर्माण कार्य पूरा करने के लिए 30 महीने की समयसीमा तय की गई है। ऐसे में अब सबकी नजरें निर्माण एजेंसी के चयन और काम शुरू होने पर टिकी हैं। दरभंगा जिले के शोभन में करीब 182 एकड़ जमीन पर इस एम्स का निर्माण होना है। इसके लिए एचएससीसी (इंडिया) लिमिटेड ने निविदा जारी की है। पूरी परियोजना को ईपीसी (इंजीनियरिंग, प्रोक्योरमेंट एंड कंस्ट्रक्शन) मॉडल पर तैयार किया जाएगा। इसके तहत अस्पताल भवन के साथ मेडिकल शिक्षा और आवास से जुड़ी सुविधाएं भी विकसित की जाएंगी। पढ़ें पूरी खबर……………..
नीरज कुमार ने कराई थी दुलारचंद यादव की हत्या- अनंत सिंह
जेडीयू (JDU) से निष्कासित और बाहुबली विधायक अनंत सिंह ने नीरज कुमार पर तीखा हमला बोला है। पटना में मीडिया से बातचीत के दौरान अनंत सिंह ने कई खुलासे किए और नीरज कुमार पर उन्हें साजिश के तहत फंसाने का गंभीर आरोप लगाया है। मोकामा विधायक ने स्पष्ट किया कि उन्हें न्यायपालिका पर पूरा भरोसा है और वह तय तारीख (1 दिसंबर) पर खुद कोर्ट में सरेंडर करेंगे। उन्होंने कहा कि वह किसी के सामने झुकने या मदद मांगने नहीं जाएंगे, बल्कि कानून का सामना करेंगे। उन्होंने कहा, नीरज कुमार ने मेरा नाम साजिश के तहत कोर्ट में भेज दिया है और सरकार भी वही कर रही है जो नीरज कुमार चाहते हैं। अनंत सिंह ने आरोप लगाया कि दुलारचंद की हत्या नीरज कुमार ने कराई है और उन्हें इस घटना की जानकारी शाम को मिली थी। पढ़ें पूरी खबर……………………
सारण में पुजारी की गोली मारकर हत्या
सारण जिले के मशरक थाना क्षेत्र अंतर्गत सेरूकहा गांव में शुक्रवार को शिव चर्चा करने वाले और धार्मिक गतिविधियों में सक्रिय रहने वाले एक 37 वर्षीय पुजारी की अज्ञात अपराधियों ने गोली मारकर हत्या कर दी। घटना के बाद से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है और ग्रामीणों में भारी आक्रोश व भय का माहौल बना हुआ है। मृतक की पहचान सेरूकहा गांव निवासी स्वर्गीय वीरेंद्र मिश्रा के 37 वर्षीय पुत्र रवि प्रकाश के रूप में हुई है। स्थानीय लोगों से मिली जानकारी के मुताबिक, रवि प्रकाश रोजाना शिव चर्चा किया करते थे और इसके साथ ही धरमासती बाजार पर स्थित मंदिर में आरती भी दिखाया करते थे। पढ़ें पूरी खबर…………..
पूर्व राज्यसभा सांसद आरके सिन्हा का निधन
भारतीय राजनीति, समाजसेवी और कॉर्पोरेट जगत के एक प्रमुख स्तंभ, भारतीय जनता पार्टी के संस्थापक सदस्य तथा पूर्व राज्यसभा सांसद डॉ० रविन्द्र किशोर सिन्हा (बड़े साहब) का निधन हो गया है। उन्होंने नोएडा स्थित अपने आवास पर अंतिम सांस ली। उनके निधन की खबर से पूरे देश, विशेषकर बिहार के राजनीतिक और व्यापारिक गलियारों में शोक की लहर दौड़ गई है। वे न केवल एक वरिष्ठ राजनेता थे, बल्कि देश की अग्रणी सुरक्षा एजेंसियों में से एक, एसआईएस (SIS) ग्रुप के संस्थापक-चेयरमैन भी थे। पढ़ें पूरी खबर……………….
पटना में ABVP का हल्ला बोल
राजधानी पटना में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) के बैनर तले छात्र और युवा सड़कों पर उतर आए हैं। ‘लोकतंत्र बचाओ अराजकता रोको’ के नारों के साथ यह विशाल मार्च गांधी मैदान से आरंभ हुआ। प्रदर्शनकारियों का मुख्य उद्देश्य देश में लोकतांत्रिक मूल्यों और संवैधानिक संस्थाओं की गरिमा की रक्षा करना है। मार्च के दौरान जैसे ही छात्र जेपी गोलंबर के निकट पहुंचे, उन्होंने प्रशासनिक बैरिकेडिंग को तोड़ दिया और आगे बढ़ते हुए सीधे डाकबंगला चौराहे की ओर कूच कर गए। छात्रों के उग्र तेवर को देखते हुए जिला प्रशासन और पुलिस पूरी तरह मुस्तैद नजर आई। पढ़ें पूरी खबर…………….

