Bihar Top News Today: बिहार (BIHAR) में आज 4 अक्टूबर को क्या कुछ खास रहा? कहां कौन सी घटना घटी? किस नेता के बयान से सियासत गरमाई? अगर आप से जरूरी खबरें छूट गई हैं तो लल्लूराम डॉट कॉम (Lalluram.com) पर एक क्लिक में पढ़ सकते हैं. आइए एक नजर डालते हैं अब तक की बड़ी खबरों पर……………..
MLC चुनाव से पहले महागठबंधन में बवाल
बिहार विधान परिषद की आठ शिक्षक और स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों की सीटों पर होने वाले चुनावों को लेकर प्रदेश का सियासी पारा हाई है। इस महागठबंधन का हिस्सा होने के बावजूद MLC चुनाव में कांग्रेस और राजद के बीच सीटों को लेकर खींचतान बढ़ गया हैं। दरअसल दरभंगा शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से कांग्रेस द्वारा उम्मीदवार घोषित किए जाने के बाद राजद ने इस सीट से कुमर राय को अपना प्रत्याशी घोषित कर दिया है। इसके साथ ही राजद द्वारा घोषित कुल प्रत्याशियों की संख्या अब 7 हो गई है। इनमें से चार सीटें ऐसी हैं, जहां पर राजद-कांग्रेस आमने सामने होंगे। पढ़ें पूरी खबर………….
जमुई सदर अस्पताल में दो प्रसूताओं की मौत
जमुई सदर अस्पताल के प्रसव कक्ष में शनिवार की रात से रविवार सुबह तक दो प्रसूताओं की मौत के बाद अस्पताल की व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए। दोनों मामलों में परिजनों ने ड्यूटी पर तैनात महिला चिकित्सक के मौजूद नहीं रहने और समय पर इलाज नहीं मिलने का आरोप लगाया है। एक प्रसूता की प्रसव से पहले मौत हुई, जबकि दूसरी ने ऑपरेशन के बाद दम तोड़ा। घटना के बाद आक्रोशित परिजनों ने अस्पताल के मुख्य द्वार पर शव रखकर हंगामा किया और जिम्मेदार चिकित्सक पर कार्रवाई की मांग की। मौके पर पहुंची मंत्री श्रेयसी सिंह ने भी डॉक्टरों को फटकार लगाया और सीएम व स्वास्थ्य मंत्री तक मामले को पहुंचाने की बात कही। पढ़ें पूरी खबर………………
यूपी में हम अकेले चुनाव लड़ने को तैयार- चिराग पासवान
छत्तीसगढ़ पहुंचे चिराग पासवान ने यूपी में चुनाव लड़ने के सवाल पर बड़ा बयान देते हुए कहा कि, नागालैंड में हमारे 2 विधायक हैं। लेकिन वहां हमने फैसला किया था कि हम वहां गठबंधन से हटकर अकेले चुनाव लड़ेंगे। अभी उत्तर प्रदेश में हमारी भूमिका तय होनी बाकी है। उन्होंने कहा कि, राज्य इकाई (एलजेपी आर यूपी) के माध्यम से यह विश्वास दिलाया गया है कि अकेले चुनाव लड़ने की जरूरत पड़ेगी तो हमारी पार्टी यूपी में अकेले चुनाव लड़ने के लिए भी तैयार है। पढ़ें पूरी खबर…………………
तेजस्वी का राज्य और केंद्र सरकार पर हमला
बिहार की सियासत में एक बार फिर नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने राज्य और केंद्र सरकार को आड़े हाथों लिया है। तेजस्वी ने कहा कि वर्तमान में बिहार के कई हिस्से बाढ़ और सुखाड़ दोनों की दोहरी मार झेल रहे हैं। प्राकृतिक आपदा के कारण किसानों की खड़ी फसलें बर्बाद हो चुकी हैं, लेकिन महीनों बीत जाने के बाद भी अन्नदाताओं को अब तक कोई मुआवजा नहीं मिला है। उन्होंने कहा कि, बीजेपी नेताओं को सिर्फ चुनावों के समय ही बिहार की जनता की याद आती है। धरातल पर उन्हें राज्य की जनता के सुख-दुख से कोई सरोकार नहीं है और ना ही वे बिहार के वास्तविक विकास को लेकर चिंतित हैं। पढ़ें पूरी खबर……………….
बेगूसराय में सो रहे पति-पत्नी को मारी गोली
बेगूसराय में सोशल मीडिया पर तस्वीर अपलोड करने को लेकर विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। बखरी थाना क्षेत्र के छोटकी मौजी गांव में अज्ञात हमलावरों ने घर में सो रहे पति-पत्नी को गोली मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। इस दुस्साहसिक वारदात के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है। घायल पति की पहचान साहेबपुर कमाल थाना क्षेत्र के राजेंद्र शाह के पुत्र छोटू कुमार के रूप में हुई है, जबकि उसकी घायल पत्नी का नाम करिश्मा पासवान है। छोटू कुमार अपनी पत्नी के साथ बखरी थाना क्षेत्र के छोटकी मौजी गांव स्थित अपने ससुराल आया हुआ था। आरोप है कि इसी दौरान आठ महीने पहले इंस्टाग्राम पर फोटो अपलोड करने को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद अचानक गहरा गया और आरोपियों ने इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया। पढ़ें पूरी खबर……………
शादी का झांसा देकर युवती से रेप
बेगूसराय के मंसूरचक थाना क्षेत्र की एक युवती ने अपने ही दूर के रिश्तेदार पर शादी का झांसा देकर महीनों तक शारीरिक शोषण करने का गंभीर आरोप लगाया है। आरोपी ने नशीला पदार्थ पिलाकर दुष्कर्म किया और अश्लील वीडियो बनाकर उसे लगातार ब्लैकमेल करता रहा। पीड़िता के अनुसार, समस्तीपुर जिले के दलसिंहसराय थाना क्षेत्र के बम्बैया गांव निवासी श्यामलाल महतो उसका दूर का रिश्तेदार है। रिश्तेदारी की आड़ में आरोपी ने युवती से नजदीकियां बढ़ाईं और शादी का भरोसा देकर अपने जाल में फंसा लिया। परिवार का कोई भी सदस्य उस पर शक नहीं करता था, क्योंकि वह अक्सर उनके घर आता-जाता रहता था। पढ़ें पूरी खबर…………..
सारण में चाकूबाजी के दौरान तीन युवकों की मौत
सारण जिले के एकमा थाना क्षेत्र अंतर्गत परसा परसागढ़ गांव में आपसी विवाद के बाद हुई खूनी चाकूबाजी में एक-एक कर तीन युवकों की मौत हो गई है, जिससे पूरे इलाके में सनसनी और भारी दहशत का माहौल है। इस हिंसक वारदात ने स्थानीय प्रशासन और आमजन को झकझोर कर रख दिया है। जानकारी के अनुसार, छपरा के काशी बाजार निवासी अंकुर पटेल उर्फ धोनी अपने मामा के घर परसा परसागढ़ आया हुआ था। किसी बात को लेकर उपजा मामूली विवाद अचानक इतना बढ़ गया कि उसने खूनी रूप ले लिया। बात बढ़ते-बढ़ते चाकूबाजी तक जा पहुंची, जिसमें कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। पढ़ें पूरी खबर…………

