CG Morning News : रायपुर. मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज विभिन्न बैठकों और कार्यक्रमों में शामिल होंगे. वह मंत्रालय में इन्फ्रास्ट्रक्चर, स्पोर्ट्स और टूरिज्म मिशन को लेकर बैठक करेंगे. इसके साथ ही पीएम सेतु योजना के क्रियान्वयन के लिए एमओयू निष्पादन कार्यक्रम में शामिल होंगे. मुख्यमंत्री शाम 7 बजे एक निजी होटल में आयोजित कार्टून फेस्टिवल 2026 में भी शिरकत करेंगे.
IGKV के छात्र-छात्राओं का प्रदर्शन आज
रायपुर. इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय (IGKV) के छात्र-छात्राएं आज अपनी विभिन्न मांगों को लेकर प्रदर्शन करेंगे. विद्यार्थी सुबह 9 बजे प्रशासनिक भवन में जुटेंगे. प्रदर्शन के जरिए उत्तर पुस्तिकाओं की निष्पक्ष जांच, संशोधित परिणाम जारी करने और ईयर बैक सिस्टम को पूरी तरह समाप्त कर स्थायी नियम बनाने की मांग उठाई जाएगी. छात्रों की मांग है कि चार विषयों में पुनर्मूल्यांकन अनिवार्य किया जाए और इसके लिए शुल्क माफ किया जाए. इसके अलावा ग्रेस मार्क्स बढ़ाने तथा आरटीआई में ‘बुक रेफरेंस’ के नियम को समाप्त करने की मांग भी शामिल है. विद्यार्थियों ने छात्र हितों से जुड़े मुद्दों को लेकर शांतिपूर्ण आंदोलन का ऐलान किया है.
ED आज रामगोपाल अग्रवाल को कोर्ट में फिर करेगी पेश
रायपुर. प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) रायपुर जोनल ऑफिस ने कांग्रेस के पूर्व कोषाध्यक्ष रामगोपाल अग्रवाल को कस्टम मिलिंग घोटाला मामले में गत 9 अक्टूबर 2026 को गिरफ्तार किया था और अदालत में पेश कर पांच दिनों की रिमांड ली थी. उन्हें राजधानी के सुभाष स्टेडियम स्थित ईडी के दफ्तर में ही रखा गया और 13 अक्टूबर मंगलवार को फिर विशेष न्यायालय में पेश किया जाएगा.
जिम्बाब्वे की टीम आज से करेगी अभ्यास
रायपुर. नवा रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में 16 अक्टूबर से भारत और जिम्बाब्वे के बीच पहली अंतरराष्ट्रीय महिला टी-20 क्रिकेट सीरीज खेली जाएगी. सीरीज के लिए जिम्बाब्वे की टीम 13 अक्टूबर को दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक स्टेडियम में अभ्यास करेगी. टीम को रायपुर के मौसम और स्टेडियम की परिस्थितियों के अनुकूल ढलने के लिए केवल तीन दिन का समय मिलेगा. वहीं, भारतीय टीम ने सोमवार को अपने पहले अभ्यास सत्र में शाम 6 बजे से रात 9 बजे तक तीन घंटे जमकर पसीना बहाया. सीरीज से पहले 13, 14 और 15 अक्टूबर को दोनों टीमों के लिए निर्धारित समय पर अभ्यास सत्र आयोजित किए जाएंगे. इस दौरान भारतीय टीम की फिजियो रायपुर की आकांक्षा सत्यवंशी होंगी.

आज से पटवारियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल
रायपुर. छत्तीसगढ़ में राजस्व पटवारी संघ ने PV ऐप की व्यवहारिक एवं तकनीकी समस्याओं का निराकरण नहीं होने, पटवारियों के खिलाफ की जा रही कार्रवाई और वर्षों से लंबित मांगों को लेकर 13 अक्टूबर से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाने का ऐलान किया है. राजस्व पटवारी संघ की प्रांतीय इकाई के आह्वान पर जिला शाखा रायपुर के सभी पटवारी हड़ताल में शामिल होंगे. इस संबंध में कलेक्टर को ज्ञापन भी सौंपा गया है.
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H

