रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज जशपुर जिले के दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वे जिले में आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होंगे और कई विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन करेंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री सुबह 11 बजे ग्राम बगिया से ग्राम केरसई के लिए रवाना होंगे। केरसई में वे विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन करेंगे। इसके बाद मुख्यमंत्री दोपहर 12:05 बजे ग्राम गारीघाट के लिए रवाना होंगे। यहां वे महतारी सदन पहुंचेंगे और आयोजित कार्यक्रम में शामिल होकर विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन करेंगे। मुख्यमंत्री साय दोपहर 2:25 बजे पंडरीपानी हेलीपैड पहुंचेंगे। यहां से वे हेलीकॉप्टर के जरिए रायपुर के लिए रवाना होंगे। मुख्यमंत्री दोपहर 3:40 बजे रायपुर पहुंचेंगे।
छत्तीसगढ़ में UCC को लेकर आज होगी अहम बैठक
रायपुर। छत्तीसगढ़ में समान नागरिक संहिता (UCC) लागू करने की दिशा में राज्य सरकार की कवायद तेज हो गई है। UCC के प्रावधानों और उसके सामाजिक प्रभावों पर चर्चा के लिए आज रायपुर के न्यू सर्किट हाउस में राज्य स्तरीय बैठक आयोजित की जाएगी। यह बैठक शासन द्वारा गठित उच्च स्तरीय समिति की मौजूदगी में होगी। इसमें करीब 200 प्रबुद्ध नागरिक, जनप्रतिनिधि और विभिन्न क्षेत्रों के विशेषज्ञ शामिल होंगे। बैठक का मुख्य उद्देश्य समान नागरिक संहिता के संभावित प्रावधानों पर व्यापक मंथन करना और अलग-अलग वर्गों से सुझाव हासिल करना है। बैठक में समान नागरिक संहिता के प्रावधानों के साथ-साथ इसके सामाजिक प्रभावों पर भी चर्चा की जाएगी। विशेषज्ञ कानून के व्यावहारिक पहलुओं और इसके संभावित क्रियान्वयन को लेकर अपनी राय रखेंगे। सरकार की ओर से गठित उच्च स्तरीय समिति विभिन्न वर्गों से प्राप्त सुझावों और विशेषज्ञों की राय को ध्यान में रखते हुए UCC का प्रारूप तैयार करने की दिशा में आगे बढ़ेगी।

रक्षाबंधन पर आज से चलेगी स्पेशल ट्रेन
रायपुर। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे यानी बिलासपुर रेलवे ने रक्षाबंधन पर यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए दुर्ग-रायगढ़-दुर्ग के बीच स्पेशल ट्रेन चलाने का फैसला किया है। यह ट्रेन 27, 28 और 29 अगस्त को दोनों दिशाओं में 3-3 फेरे लगाएगी। सभी मध्यवर्ती स्टेशनों पर ट्रेन का ठहराव रहेगा। इससे रक्षाबंधन पर्व पर यात्रा करने वाले भाई-बहनों को आने-जाने में सुविधा होगी।रेलवे अफसरों के मुताबिक, भाई-बहन के स्नेह और विश्वास के पर्व रक्षाबंधन पर यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए इस स्पेशल ट्रेन का परिचालन किया जा रहा है। ट्रेन चलने से रक्षाबंधन पर परिवार और प्रियजनों से मिलने जाने वाले यात्रियों को अतिरिक्त रेल सुविधा मिलेगी।
नेपाल में फंसे छत्तीसगढ़ के नागरिकों की सहायता के लिए हेल्पलाइन जारी
रायपुर। छत्तीसगढ़ सरकार ने नेपाल में बाढ़ एवं भूस्खलन के कारण फंसे छत्तीसगढ़ के नागरिकों की सहायता के लिए हेल्पलाइन नंबर जारी किए हैं। प्रदेश के नागरिक अथवा उनके परिजन सहायता एवं आवश्यक जानकारी के लिए आपदा प्रबंधन हेल्पलाइन 1070 तथा दूरभाष +91-771-2223471 पर संपर्क कर सकते हैं। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा है कि संकट की इस घड़ी में राज्य सरकार अपने प्रत्येक नागरिक के साथ खड़ी है। नेपाल में फंसे नागरिकों की सुरक्षित वापसी एवं आवश्यक सहायता के लिए सरकार पूरी तत्परता से कार्य कर रही है।
भगवान जगन्नाथ को 2100 माताएं-बहनें अर्पित करेंगी रक्षा सूत्र
रायपुर। रक्षाबंधन पर 27 अगस्त को भगवान जगन्नाथ स्वामी को रक्षा-सूत्र अर्पित करने का सामूहिक आयोजन होगा। गायत्री नगर स्थित जगन्नाथ मंदिर में सुबह 11 बजे से कार्यक्रम होगा। मंदिर समिति के अध्यक्ष व विधायक पुरंदर मिश्रा ने बताया कि 2100 माताएं-बहनें महाप्रभु को रक्षा-सूत्र बांधेंगी। कार्यक्रम को रक्षाबंधन पर धार्मिक परंपरा और मातृशक्ति की सामूहिक सहभागिता से जोड़कर आयोजित किया जा रहा है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


