कुंदन कुमार, पटना। केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान कल देर रात पहुंचे। आज बुधवार (17 जून) को दिनभर पटना में ही रहेंगे और विकसित भारत, कृषि विभाग समेत कई कार्यक्रमों में शामिल होंगे। इस बीच सीएम सम्राट चौधरी ने लोकसेवक आवास पर पहुंचकर उनसे मुलाकात की और पटना आगमन पर उनका स्वागत किया।

बैठक में लिए गए कई महत्वपूर्ण निर्णय

इस दौरान सीएम सम्राट चौधरी कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान के साथ लोकसेवक आवास पर आयोजित बैठक में शामिल हुए। बैठक में ग्रामीण विकास, कृषि क्षेत्र में नवाचार, किसानों की आय वृद्धि तथा महिला सशक्तिकरण से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई। इसके साथ ही बिहार में कृषि एवं ग्रामीण विकास को नई गति देने, किसानों को उनकी उपज का बेहतर मूल्य दिलाने, एकीकृत खेती को बढ़ावा देने तथा जीविका दीदियों के आर्थिक सशक्तिकरण हेतु कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।

एक पेड़ मां के नाम अभियान की तारीफ

वहीं, पटना में मीडिया से बातचीत के दौरान शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि, यह धरती मां केवल हमारे लिए नहीं है, आने वाली पीढ़ियों के लिए भी है। पेड़ लगाना मनुष्य मात्र की सेवा है लेकिन आप देखते हैं कि एक पेड़ पर कितने पक्षी, कीट पलते हैं, तो यह जीवों की भी सेवा है। मैं मानता हूं कि पेड़ लगाना संसार की सबसे बड़ी सेवा है। प्रधानमंत्री मोदी ने केवल मनुष्यों की चिंता नहीं की बल्कि पेड़, पशु-पक्षियों की भी चिंता की है और इसलिए उन्होंने एक पेड़ मां के नाम का आह्वान किया है।

विकतिस भारत संकल्प सम्मेलन में होंगे शामिल

केंद्र की एनडीए सरकार के 12 वर्ष पूरे होने के अवसर पर बिहार भाजपा की ओर से राज्य के विभिन्न जिलों में ‘विकसित भारत संकल्प सम्मेलन’ का आयोजन किया जा रहा है। इसी कड़ी में आज बुधवार (17 जून) को पटना स्थित विद्यापति भवन में दोपहर 1 बजे एक महत्वपूर्ण सम्मेलन का आयोजन किया गया है, जिसमें मुख्य अतिथि के रूप में केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान शामिल होंगे। इस दौरान वे केंद्र सरकार की उपलब्धियों, जनकल्याणकारी योजनाओं और विकसित भारत के संकल्प पर चर्चा करेंगे।

3 बजे भाजपा कार्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस को करेंगे संबोधित

सम्मेलन में शामिल होने के बाद केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान आज शाम 3 बजे पटना में स्थित भाजपा कार्यालय में एक अहम प्रेस कॉन्फ्रेंस को भी संबोधित करेंगे। प्रेस वार्ता के दौरान शिवराज सिंह चौहान किसानों से जुड़े मुद्दों, किसानों को लेकर केंद्र सरकार द्वारा चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं और बिहार में कृषि क्षेत्र के विकास को लेकर अपनी बात सामने रख सकते हैं। इसके साथ ही वह राज्य की मौजूदा राजनीतिक हालात और जनहित से जुड़े मुद्दों पर मीडिया के सवालों का जवाब भी देंगे। इस प्रेस कॉन्फ्रेंस में उनके अलावा पार्टी के वरिष्ठ नेता और पदाधिकारी मौजूद रहेंगे।

ये भी पढ़ें- ‘बिहार में नहीं होगा ई सब’, पटना कोचिंग विवाद के बीच जदयू सांसद संजय झा का बड़ा बयान