Morning News Brief (दिल्ली मॉर्निंग न्यूज ब्रीफ): कल (14 जुलाई 2026) की खबरों में CM रेखा गुप्ता ने लॉन्च किया डस्ट पोर्टल 2.0, दिल्ली में बिजली बिल फिर होगा महंगा, दिल्ली-NCR में पुराने ट्रक और बसें होंगी इलेक्ट्रिक, अरविंद केजरीवाल ने शुरू किया ‘स्टॉप E20 पेट्रोल’ ऑनलाइन सिग्नेचर अभियान प्रमुख रहा।

CM रेखा गुप्ता ने लॉन्च किया डस्ट पोर्टल 2.0

दिल्ली में धूल प्रदूषण पर लगाम लगाने के लिए सरकार ने तकनीक का सहारा लिया है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता (Rekha Gupta) ने AI-संचालित डस्ट पोर्टल 2.0 (Dust Pollution Control Self-Assessment Web Portal और Mobile Application) का शुभारंभ किया। दिल्ली प्रदूषण नियंत्रण समिति (DPCC) द्वारा विकसित यह डिजिटल प्लेटफॉर्म निर्माण और ध्वस्तीकरण (Construction & Demolition) स्थलों पर धूल नियंत्रण उपायों की रियल-टाइम निगरानी करेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह पोर्टल आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) आधारित तकनीक से लैस है, जिससे निर्माण स्थलों पर धूल नियंत्रण के नियमों के पालन की निगरानी अधिक प्रभावी और पारदर्शी तरीके से की जा सकेगी। इसके माध्यम से परियोजना संचालकों को अपने निर्माण स्थलों का स्वयं मूल्यांकन (सेल्फ-असेसमेंट) करने की सुविधा भी मिलेगी।

पढ़े पूरी खबर…..

70 लाख पौधारोपण अभियान को मिली रफ्तार

दिल्ली को स्वच्छ, हरित और विकसित बनाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे 70 लाख पौधारोपण अभियान (plantation drive) के तहत मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता (Rekha Gupta) ने मॉडल टाउन विधानसभा क्षेत्र में आयोजित प्लांटेशन ड्राइव में हिस्सा लेकर पौधारोपण किया। ‘हरित दिल्ली संकल्प’ और ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के अंतर्गत आयोजित इस कार्यक्रम में मॉडल टाउन क्षेत्र में लगभग 1,100 पौधे लगाए गए। इस अवसर पर मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि प्रत्येक पौधा केवल एक वृक्ष नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ हवा, हरियाली और स्वस्थ जीवन देने के संकल्प का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की साझा भागीदारी से ही दिल्ली को स्वच्छ और प्रदूषण-मुक्त बनाया जा सकता है।

पढ़े पूरी खबर…..

दिल्ली में बिजली बिल फिर होगा महंगा

दिल्ली के बिजली उपभोक्ताओं को लगातार दूसरे महीने भी महंगे बिजली बिल का सामना करना पड़ सकता है। दिल्ली इलेक्ट्रिसिटी रेगुलेटरी कमीशन (DERC) ने राजधानी की बिजली वितरण कंपनियों (डिस्कॉम) को ग्राहकों से 8 प्रतिशत तक अतिरिक्त फ्यूल एंड पावर परचेज एडजस्टमेंट सरचार्ज (FPPAS) वसूलने की मंजूरी दे दी है। अधिकारियों ने बताया कि डीईआरसी के इस फैसले के बाद बिजली वितरण कंपनियां लगातार दूसरे महीने अपने उपभोक्ताओं के बिजली बिल में एफपीपीएएस जोड़ सकेंगी। इससे उपभोक्ताओं के मासिक बिजली बिल में बढ़ोतरी होने की संभावना है।

पढ़े पूरी खबर…..

दिल्ली-एनसीआर में पुराने ट्रक और बसें होंगी इलेक्ट्रिक

दिल्ली-एनसीआर में प्रदूषण कम करने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए दिल्ली सरकार ने पुराने ट्रकों और बसों को चरणबद्ध तरीके से इलेक्ट्रिक वाहनों में बदलने की योजना को मंजूरी दे दी है। नेशनल कैपिटल रीजन प्लानिंग बोर्ड (NCRPB) के माध्यम से केंद्र सरकार के सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय की ‘नया सफर’ योजना को स्वीकृति प्रदान की गई है। इस संबंध में जानकारी देते हुए दिल्ली के परिवहन मंत्री डॉ. पंकज कुमार सिंह ने सचिवालय में बताया कि इस पहल का उद्देश्य दिल्ली-एनसीआर में अधिक प्रदूषण फैलाने वाले पुराने व्यावसायिक (कमर्शियल) वाहनों को चरणबद्ध तरीके से हटाना और उनकी जगह स्वच्छ ईंधन आधारित BS-VI मानकों वाले अथवा इलेक्ट्रिक वाहनों को बढ़ावा देना है।

पढ़े पूरी खबर…..

कल की कुछ महत्वपूर्ण खबरेंः-

अरविंद केजरीवाल ने शुरू किया ‘स्टॉप E20 पेट्रोल’ ऑनलाइन सिग्नेचर अभियान,: E20 पेट्रोल को लेकर जारी बहस के बीच आम आदमी पार्टी (AAP) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने “स्टॉप E20 पेट्रोल” ऑनलाइन सिग्नेचर अभियान की शुरुआत की। केजरीवाल ने पिछले दिनों इस अभियान को शुरू करने की घोषणा की थी। अरविंद केजरीवाल ने बताया कि StopE20petrol.com के माध्यम से लोग प्रधानमंत्री के नाम जारी याचिका पर हस्ताक्षर कर इस मुद्दे पर अपनी आवाज दर्ज करा सकते हैं। उन्होंने लोगों से इस अभियान से जुड़ने की अपील की। केजरीवाल ने E20 पेट्रोल ( E20 Petrol) को लेकर चिंता जताते हुए कहा कि इस विषय पर आम लोगों की राय सामने आनी चाहिए। उन्होंने कहा कि ऑनलाइन सिग्नेचर अभियान के जरिए नागरिक अपनी आपत्तियां और सुझाव सरकार तक पहुंचा सकेंगे। (पढ़े पूरी खबर)

दिल्ली पुलिस SI मनीष भाटी ने पत्नी की हत्या के बाद की आत्महत्या: दिल्ली पुलिस के सब-इंस्पेक्टर (SI) मनीष भाटी ने कथित तौर पर अपनी पत्नी की गोली मारकर हत्या करने के कुछ घंटों बाद खुद भी सर्विस पिस्टल से आत्महत्या कर ली। यह सनसनीखेज घटना सोमवार रात से मंगलवार तक दो अलग-अलग स्थानों पर सामने आई, जिससे पुलिस महकमे और स्थानीय लोगों में हड़कंप मच गया। (पढ़े पूरी खबर)

दोषी करार होते ही फूट-फूटकर रोया ताहिर हुसैन: साल 2020 के उत्तर-पूर्वी दिल्ली दंगों के दौरान इंटेलिजेंस ब्यूरो (IB) के अधिकारी अंकित शर्मा (Ankit Sharma) की हत्या के बहुचर्चित मामले में दिल्ली की कड़कड़डूमा कोर्ट ने बड़ा फैसला सुनाया है। अदालत ने आम आदमी पार्टी (AAP) के पूर्व पार्षद ताहिर हुसैन (Tahir Hussain ) सहित 5 आरोपियों को दोषी करार दिया है। सोमवार को अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश (एडिशनल सेशंस जज) परवीन सिंह ने मामले में अपना फैसला सुनाते हुए ताहिर हुसैन समेत पांच आरोपियों को दोषी ठहराया। वहीं, साक्ष्यों के अभाव में अदालत ने छह अन्य आरोपियों को बरी कर दिया। (पढ़े पूरी खबर)

दिल्ली में बुलडोजर एक्शन जारी; राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में अवैध अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी है। मंगलवार को दिल्ली नगर निगम (MCD) की टीम बुलडोजर लेकर पीतमपुरा पहुंची, जहां मुख्य सड़क पर किए गए अवैध निर्माणों को हटाने के लिए अभियान चलाया गया। MCD की टीम भारी पुलिस बल और प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में मौके पर पहुंची। कार्रवाई के दौरान सड़क पर बने अवैध ढांचों को हटाया गया। इसी अभियान के तहत मुख्य मार्ग पर बनी एक मजार को भी हटाया गया, जिसे प्रशासन ने अतिक्रमण की श्रेणी में माना। (पढ़े पूरी खबर)

दिल्ली मेट्रो शुरू करेगी 12वां ऑनलाइन कस्टमर सेटिस्फेक्शन सर्वे: दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (DMRC) अपने यात्रियों के सफर को और अधिक सुगम, सुरक्षित और आरामदायक बनाने के लिए एक बार फिर सीधे जनता से संवाद करने जा रहा है। इसी कड़ी में डीएमआरसी 15 जुलाई से अपना 12वां ऑनलाइन कस्टमर सेटिस्फेक्शन सर्वे (ग्राहक संतुष्टि सर्वेक्षण-2026) शुरू करेगा। यह विशेष सर्वेक्षण 15 जुलाई से 14 अगस्त 2026 तक यानी एक महीने तक चलेगा। इस दौरान मेट्रो यात्री ऑनलाइन माध्यम से अपनी राय, सुझाव और अनुभव साझा कर सकेंगे। (पढ़े पूरी खबर)

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m