Delhi Morning News Brief (दिल्ली मॉर्निंग न्यूज ब्रीफ): कल (01 सितंबर 2026) की खबरों में 400 यूनिट तक बिजली खपत पर मिलेगा मुफ्त सोलर प्लांट, मनुस्मृति की प्रतियां जलाने का मामला, महिलाओं का मुफ्त बस सफर अब 17 सितंबर तक, DU की नई प्रवेश नीति पर हाईकोर्ट सख्त प्रमुख रहा।

400 यूनिट तक बिजली खपत पर मिलेगा मुफ्त सोलर प्लांट

दिल्ली सरकार ने राजधानी में सौर ऊर्जा को बढ़ावा देने के लिए दिल्ली सोलर पॉलिसी में बड़ा संशोधन किया है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने प्रेसवार्ता में बताया कि कैबिनेट ने संशोधित सौर ऊर्जा नीति को मंजूरी दे दी है। सरकार का लक्ष्य सोलर एनर्जी को बढ़ावा देने के साथ-साथ दिल्ली के घरों को ऊर्जा उत्पादन का केंद्र बनाना है।

पढ़े पूरी खबर…..

मनुस्मृति की प्रतियां जलाने का मामला

दिल्ली में मंगलवार को उस समय राजनीतिक माहौल गरमा गया, जब कांग्रेस नेता और ऑल इंडिया अनऑर्गनाइज़्ड वर्कर्स एंड एम्प्लॉईज़ कांग्रेस (KKC) के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. उदित राज को पुलिस ने हिरासत में ले लिया। उदित राज और कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केशव कुंज स्थित RSS के दिल्ली मुख्यालय के बाहर अचानक विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने नारेबाजी के साथ मनुस्मृति की प्रतियां और RSS की प्रतीकात्मक यूनिफॉर्म भी जलाई।

पढ़े पूरी खबर…..

महिलाओं का मुफ्त बस सफर अब 17 सितंबर तक

दिल्ली में DTC बसों से सफर करने वाली महिलाओं के लिए राहत की खबर है। दिल्ली सरकार ने महिलाओं को पेपर आधारित पिंक टिकट (Pink Ticket) के जरिए मिलने वाली मुफ्त बस यात्रा की सुविधा को एक बार फिर बढ़ा दिया है। अब महिलाएं 17 सितंबर तक पहले की तरह पिंक टिकट के माध्यम से DTC बसों में मुफ्त सफर कर सकेंगी। सरकार ने यह फैसला आगामी त्योहारों को देखते हुए लिया है। इसका उद्देश्य महिलाओं को मुफ्त बस यात्रा की सुविधा का लाभ लेने में किसी तरह की परेशानी से बचाना है। पिंक टिकट की व्यवस्था जारी रहने से महिलाएं पहले की तरह बस में यात्रा के दौरान टिकट प्राप्त कर मुफ्त सफर कर सकेंगी।

पढ़े पूरी खबर…..

DU की नई प्रवेश नीति पर हाईकोर्ट सख्त

दिल्ली हाईकोर्ट (Delhi High Court) ने दिल्ली विश्वविद्यालय (DU) के एक वर्षीय स्नातकोत्तर पाठ्यक्रमों में लागू की गई नई प्रवेश प्राथमिकता प्रणाली को चुनौती देने वाली याचिका पर विश्वविद्यालय की शिकायत निवारण समिति को 3 दिनों के भीतर फैसला लेने का निर्देश दिया है। न्यायमूर्ति जसमीत सिंह की पीठ ने मामले की सुनवाई करते हुए कहा कि विश्वविद्यालय की शिकायत निवारण समिति याचिका में उठाए गए मुद्दे पर विचार करे और स्पष्ट आदेश पारित करे।  अदालत ने समिति को मामले पर जल्द निर्णय लेने की समयसीमा भी तय कर दी है। उसे तीन दिनों के भीतर इस संबंध में अपना निर्णय देना होगा।

पढ़े पूरी खबर…..

कल की कुछ महत्वपूर्ण खबरेंः-

DUSU Election 2026: दिल्ली विश्वविद्यालय छात्रसंघ (DUSU) चुनाव 2026-27 को लेकर तैयारियां शुरू हो गई हैं। इस बार डूसू चुनाव 18 सितंबर 2026 को आयोजित किए जाएंगे। मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय की ओर से नामांकन प्रक्रिया को लेकर जरूरी दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय की ओर से जारी नामांकन पत्र में चुनाव लड़ने वाले प्रत्याशियों के लिए कई शर्तें निर्धारित की गई हैं। अध्यक्ष समेत डूसू के सभी पदों के लिए उम्मीदवारों को निर्धारित प्रारूप में ही नामांकन दाखिल करना होगा। (पढ़े पूरी खबर)

दिल्ली के ट्रैफिक का 30 साल का प्लान तैयार करेगी सरकार: दिल्ली सरकार शहर में बढ़ते ट्रैफिक जाम और सड़क सुरक्षा से जुड़ी समस्याओं को समझने के लिए बड़े स्तर पर ट्रैफिक अध्ययन कराने जा रही है। इसके तहत करीब 450 किलोमीटर लंबे सड़क नेटवर्क पर व्यापक ट्रैफिक कंजेशन स्टडी और रोड सेफ्टी ऑडिट कराया जाएगा। यह अध्ययन पूर्वी दिल्ली, उत्तर-पूर्वी दिल्ली और मध्य दिल्ली के कुछ हिस्सों में किया जाएगा। इसके दायरे में प्रमुख चौराहों और मुख्य सड़कों को शामिल किया जाएगा, जहां अक्सर ट्रैफिक दबाव और जाम की समस्या सामने आती है। (पढ़े पूरी खबर)

दिल्ली गैंगरेप केस: दिल्ली में स्लीपर बस में नाबालिग लड़की से कथित गैंगरेप के मामले में गिरफ्तार बस चालक कुलदीप की मां ने अपने बेटे को निर्दोष बताया है। उन्होंने आरोप लगाया कि उनके बेटे को झूठे मामले में फंसाया जा रहा है और वह पूरी तरह निर्दोष है। कुलदीप की मां ने कहा, “मेरा बच्चा पूरी तरह निर्दोष है। उसे झूठा फंसाया जा रहा है।” उन्होंने दावा किया कि उनके पति की करीब दो महीने पहले हत्या कर दी गई थी। महिला को आशंका है कि जिन लोगों ने उनके पति की हत्या की, उन्हीं लोगों ने उनके बेटे को इस मामले में फंसाया है। (पढ़े पूरी खबर)

दिल्ली के प्ले स्कूल में मासूम से मारपीट और यौन दुर्व्यवहार: दिल्ली के मौजपुर इलाके के एक नामी प्ले स्कूल में साढ़े तीन साल के बच्चे के साथ कथित मारपीट और दुर्व्यवहार (sexually assaulted) का मामला सामने आने के बाद हड़कंप मच गया है। मामले में सामने आए CCTV फुटेज ने स्कूल में बच्चों की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। घटना की गंभीरता को देखते हुए मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता (Rekha Gupta) के निर्देश पर जिला मजिस्ट्रेट ने स्कूल परिसर को सील करवाया। सरकार की ओर से मामले को गंभीरता से लेते हुए स्कूल प्रशासन की भूमिका और परिसर से जुड़े पहलुओं की भी जांच की जा रही है। (पढ़े पूरी खबर)

धूप में खड़ा करने और बाथरूम में बंद करने का आरोप: दिल्ली के मयूर विहार स्थित सर्वोदय कन्या बाल विद्यालय की कक्षा 7 की छात्रा अवनी की मौत के बाद मामला गंभीर हो गया है। छात्रा के परिवार ने स्कूल प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की है। परिवार का दावा है कि किताब लेकर स्कूल नहीं आने पर बच्ची को कथित तौर पर धूप में खड़ा किया गया, उसके साथ मारपीट की गई और बाद में बाथरूम में बंद कर दिया गया। परिजनों के मुताबिक, किताब स्कूल नहीं लाने को लेकर अवनी को कथित तौर पर सजा दी गई। परिवार का आरोप है कि बच्ची को धूप में खड़ा करने के साथ उसके साथ मारपीट की गई और बाद में उसे बाथरूम में बंद कर दिया गया। (पढ़े पूरी खबर)

PM मोदी को गाली देने वाली लड़की के समर्थन में अरविंद केजरीवाल: जुलाई में जंतर-मंतर (Jantar Mantar) पर छात्रों के प्रदर्शन के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Narendra Modi) के खिलाफ कथित तौर पर आपत्तिजनक टिप्पणी करने वाली नाबालिग लड़की के समर्थन में दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल (Arvind Kejriwal) सामने आए हैं। केजरीवाल ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो जारी कर नाबालिग के समर्थन में अपनी बात रखी। वीडियो में केजरीवाल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को संबोधित करते हुए कहा कि “अब उसे डर नहीं लगता है।” उन्होंने आरोप लगाया कि जंतर-मंतर पर प्रदर्शन के बाद नाबालिग को कथित तौर पर परेशान किया गया और उसे माफी मांगने के लिए मजबूर होना पड़ा। (पढ़े पूरी खबर)

SIR वोटर लिस्ट पर AAP ने पूछा: दिल्ली में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर आम आदमी पार्टी (AAP) और चुनाव आयोग के बीच विवाद बढ़ता जा रहा है। AAP नेता सौरभ भारद्वाज (Saurabh Bharadwaj) ने दावा किया है कि राजनीतिक दलों को हटाए गए मतदाताओं की सूची तो उपलब्ध कराई गई है, लेकिन उसमें मतदाताओं का पता और फोन नंबर नहीं दिया गया है। उन्होंने सवाल उठाया कि यदि सूची में सिर्फ मतदाता का नाम जैसी सीमित जानकारी उपलब्ध होगी और पता या संपर्क नंबर नहीं होगा, तो कार्यकर्ता संबंधित मतदाता तक पहुंचकर वास्तविक स्थिति की जांच कैसे करेंगे। (पढ़े पूरी खबर)

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m