Delhi Morning News Brief (दिल्ली मॉर्निंग न्यूज ब्रीफ): कल (16 अप्रैल 2026) की खबरों में जल्द शुरू होंगी 20 हाई-टेक जेरियाट्रिक एंबुलेंस, पानी पर बनेगी बिजली फ्लोटिंग सोलर प्रोजेक्ट को मिली मंजूरी, राघव चड्ढा को लेकर AAP में सियासी घमासान प्रमुख रहा।

जल्द शुरू होंगी 20 हाई-टेक जेरियाट्रिक एंबुलेंस
दिल्ली में वरिष्ठ नागरिकों की स्वास्थ्य सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए बड़ा कदम उठाया गया है। राजधानी सरकार जल्द ही बुजुर्गों के लिए विशेष रूप से तैयार की गई 20 आधुनिक जेरियाट्रिक एम्बुलेंस शुरू करने जा रही है। स्वास्थ्य मंत्री डॉ. पंकज कुमार सिंह ने बताया कि इन नई एम्बुलेंस के जुड़ने से दिल्ली में सेंट्रलाइज्ड एक्सीडेंट एंड ट्रॉमा सर्विसेज (CATS) की कुल एम्बुलेंस संख्या 331 से बढ़कर 351 हो जाएगी। सरकार का लक्ष्य भविष्य में इस संख्या को बढ़ाकर 1000 तक पहुंचाना है, ताकि आपातकालीन सेवाओं को और अधिक सशक्त बनाया जा सके।

CM रेखा गुप्ता केस में HC की सख्त टिप्पणी
दिल्ली उच्च न्यायालय ने पिछले वर्ष अगस्त में रेखा गुप्ता पर कथित हमले के मामले में आरोपियों को बड़ी राहत देने से इनकार कर दिया है। कोर्ट ने ट्रायल कोर्ट की कार्यवाही पर रोक लगाने की मांग को खारिज कर दिया। यह फैसला जस्टिस अनूप जयराम भंभानी ने सुनाया। मामले में आरोपी सकरिया राजेशभाई खिमजीभाई और तहसीन रजा की ओर से ट्रायल पर रोक लगाने की याचिका दायर की गई थी, जिसे अदालत ने स्वीकार नहीं किया। इस फैसले के बाद अब मामले की सुनवाई ट्रायल कोर्ट में आगे जारी रहेगी।

पानी पर बनेगी बिजली फ्लोटिंग सोलर प्रोजेक्ट को मिली मंजूरी
राजधानी दिल्ली में स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा देने के लिए सरकार अब एक नया और बड़ा कदम उठाने जा रही है। छतों पर सोलर पैनल लगाने के बाद अब झीलों और जलाशयों पर फ्लोटिंग सोलर प्रोजेक्ट शुरू करने की तैयारी की जा रही है। खास बात यह है कि यह वही योजना है, जिसे पहले आम आदमी पार्टी सरकार ने प्रस्तावित किया था, लेकिन वह लागू नहीं हो सकी थी। अब भारतीय जनता पार्टी सरकार इसे जमीन पर उतारने की तैयारी में है।

राघव चड्ढा को लेकर AAP में सियासी घमासान
आम आदमी पार्टी के भीतर इन दिनों राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा (Raghav Chadda) को लेकर राजनीतिक तनाव बढ़ता दिख रहा है। पार्टी की ओर से उन पर भारतीय जनता पार्टी से कथित मिलीभगत के आरोप लगाए जा रहे हैं, जिससे संगठन के भीतर हलचल तेज हो गई है। सूत्रों के मुताबिक, कभी पार्टी नेतृत्व के भरोसेमंद और प्रमुख रणनीतिकार माने जाने वाले राघव चड्ढा को लेकर अब शीर्ष नेतृत्व सख्त रुख अपनाने की तैयारी में है। पार्टी की ओर से उन्हें “एहसान फरामोश” तक कहा गया है। साथ ही यह भी कहा गया है कि अरविंद केजरीवाल (Arvind Kejriwal) ने उन्हें एक सामान्य परिवार से उठाकर संसद तक पहुंचाया, लेकिन अब उन पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
कल की कुछ महत्वपूर्ण खबरेंः-
दिल्ली में ट्रैफिक जाम से मिलेगी राहत: राजधानी दिल्ली में लगातार बढ़ती ट्रैफिक समस्या को कम करने के लिए प्रशासन ने नई रणनीति पर काम शुरू कर दिया है। उपराज्यपाल (LG) के निर्देशों के बाद ‘प्रोजेक्ट संगम’ के तहत ट्रैफिक व्यवस्था को अधिक संगठित और प्रभावी बनाने की दिशा में कई कदम उठाए जा रहे हैं। इस योजना का उद्देश्य राजधानी की सड़कों पर यातायात को सुचारू बनाना और जाम की समस्या को कम करना है। इसके लिए अलग-अलग स्तरों पर सुझाव एकत्र किए जा रहे हैं और उन्हें लागू करने की प्रक्रिया को तेज किया गया है। (पढ़े पूरी खबर)
जनगणना 2027 का पहला चरण आज से शुरू: देश में जनगणना 2027 (Census) की प्रक्रिया का पहला चरण गुरुवार से शुरू हो गया है। इस चरण के तहत हाउसलिस्टिंग और हाउसिंग जनगणना का फील्ड कार्य आज से प्रारंभ हो रहा है, जो 15 मई 2026 तक चलेगा। पहले चरण में देश के 8 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को शामिल किया गया है, जिनमें अंडमान एवं निकोबार द्वीपसमूह, गोवा, कर्नाटक, लक्षद्वीप, मिजोरम, ओडिशा और सिक्किम शामिल हैं। इसके अलावा राजधानी दिल्ली के नई दिल्ली नगरपालिका परिषद और दिल्ली छावनी बोर्ड क्षेत्रों में भी यह प्रक्रिया शुरू हो रही है। इस चरण में घरों की संख्या, उनकी स्थिति, उपलब्ध सुविधाएं और अन्य बुनियादी जानकारियां एकत्र की जाएंगी। यह डेटा आगे होने वाली मुख्य जनगणना के लिए आधार तैयार करेगा। (पढ़े पूरी खबर)
दिल्ली में बड़े हनीट्रैप और साइबर ब्लैकमेलिंग का खुलासा: दिल्ली पुलिस ने एक बड़े हनीट्रैप और रोमांस स्कैम का पर्दाफाश किया है, जिसके तार देश के अलग-अलग राज्यों से जुड़े मामलों से मिलते-जुलते बताए जा रहे हैं। जांच में सामने आया कि इस तरह के गिरोह लोगों को भावनात्मक जाल में फंसाकर उनका शोषण और आर्थिक दोहन करते हैं। पुलिस के मुताबिक, यह मामला महाराष्ट्र के अयान तनवीर और पश्चिम बंगाल के आनंद कुमार के तरीकों से काफी हद तक मिलता-जुलता है। जानकारी के अनुसार, अयान तनवीर पर आरोप है कि वह नाबालिग लड़कियों को अपने जाल में फंसाता था, उनका यौन शोषण करता था और अश्लील वीडियो बनाकर उन्हें ब्लैकमेल कर देह व्यापार में धकेलता था। (पढ़े पूरी खबर)
दिल्ली MCD मेयर चुनाव की तैयारी तेज: दिल्ली नगर निगम (MCD) में मेयर चुनाव को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है। जानकारी के मुताबिक, मेयर का चुनाव 29 अप्रैल को हो सकता है। इसी दिन डिप्टी मेयर और स्टैंडिंग कमेटी के तीन सदस्यों का चुनाव भी कराया जाएगा। इस बार भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) मेयर चुनाव अपने दम पर जीतने का दावा कर रही है। मेयर पद जीतने के लिए 137 वोटों की जरूरत होती है, और मौजूदा स्थिति में बीजेपी के पास इससे ज्यादा वोट होने की बात कही जा रही है। (पढ़े पूरी खबर)
दिल्ली यमुना के बढ़ते जलस्तर से स्थायी राहत की तैयारी: राजधानी दिल्ली में मानसून के दौरान यमुना के बढ़ते जलस्तर से होने वाली बाढ़ की समस्या से निपटने के लिए सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। अब खतरे के निशान से ऊपर जलस्तर जाने के बावजूद शहर में बाढ़ का पानी घुसने से रोका जा सकेगा। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बताया कि सरकार रिंग रोड के किनारे मजनू का टीला से ओल्ड रेलवे ब्रिज (ORB) तक करीब 4.72 किलोमीटर लंबी मजबूत सुरक्षा दीवार बनाएगी। यह दीवार खासतौर पर उन इलाकों को ध्यान में रखकर तैयार की जा रही है, जो हर साल बाढ़ के दौरान सबसे ज्यादा प्रभावित होते हैं। (पढ़े पूरी खबर)
दिल्ली को ग्रीन बनाने की दिशा में बड़ा कदम: देश की राजधानी दिल्ली को ग्रीन और क्लीन बनाने की मुहिम अब और तेज होने जा रही है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता (Rekha Gupta) की सरकार राजधानी की सड़कों पर 150 नई इलेक्ट्रिक बसें उतारने जा रही है, जिनकी लॉन्चिंग 17 अप्रैल को की जाएगी। इससे पहले भी सरकार इस दिशा में तेजी से काम कर चुकी है। इसी साल फरवरी में 500 और मार्च में 300 इलेक्ट्रिक बसों को बेड़े में शामिल किया जा चुका है। अब नई 150 बसों के जुड़ने से दिल्ली में पब्लिक ट्रांसपोर्ट और अधिक पर्यावरण के अनुकूल हो जाएगा। (पढ़े पूरी खबर)
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए करें क्लिक

