दिल्ली मॉर्निंग न्यूज ब्रीफ : कल (3 जून 2026) की खबरों में मालवीय नगर रेस्टोरेंट में आग लगने से 21 की मौत, दिल्ली में ड्रोन से होगी संपत्तियों की मैपिंग, साकेत बिल्डिंग हादसा में बड़ा खुलासा, हौजखास में दूषित बदबूदार पानी से बिगड़ी लोगों की सेहत प्रमुख रहा।

मालवीय नगर रेस्टोरेंट में आग लगने से 21 की मौत
नई दिल्ली। दक्षिण दिल्ली के मालवीय नगर में बुधवार को हुए भीषण अग्निकांड ने राजधानी को झकझोर दिया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, इस हादसे में 21 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य गंभीर रूप से झुलस गए हैं। मृतकों और घायलों में कुछ विदेशी नागरिक भी शामिल बताए जा रहे हैं। जानकारी के मुताबिक, जिस इमारत में आग लगी उसमें रेस्टोरेंट के साथ-साथ ठहरने की सुविधा भी उपलब्ध थी। वहां ठहरे अधिकांश लोग ऐसे थे जिनके परिजनों का इलाज पास स्थित Max Super Speciality Hospital में चल रहा था। इसी वजह से वे अस्थायी रूप से वहां रह रहे थे। हादसे के बाद भवन की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल उठने लगे हैं।

दिल्ली में ड्रोन से होगी संपत्तियों की मैपिंग
नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली में संपत्तियों का सटीक और डिजिटल रिकॉर्ड (Digital Record) तैयार करने के लिए नगर निगम (MCD) ने ड्रोन आधारित सर्वेक्षण शुरू करने की तैयारी कर ली है। इसके लिए MCD प्रशासन ने 4 एजेंसियों के साथ MOU पर हस्ताक्षर किए हैं। दिल्ली में ड्रोन आधारित जियोस्पेशियल सर्वे प्रक्रिया पायलट प्रोजेक्ट के रूप में शुरू की जा रही है। इस परियोजना के तहत राजधानी में मौजूद सभी प्रकार की संपत्तियों का आधुनिक तकनीक की मदद से सर्वेक्षण और डिजिटल मैपिंग की जाएगी। परियोजना के अंतर्गत ड्रोन सर्वे के जरिए संपत्तियों की मैपिंग (Mapping of assets), डिजिटल ट्विन तकनीक, थ्री-डी सिटी मॉडलिंग और जीआईएस (Geographic Information System) आधारित मैपिंग तैयार की जाएगी।

साकेत बिल्डिंग हादसा में बड़ा खुलासा
नई दिल्ली। दक्षिण दिल्ली के साकेत क्षेत्र में 30 मई को हुई इमारत ढहने की घटना की जांच में कई अहम खुलासे सामने आए हैं। शुरुआती जांच के मुताबिक, हादसे की एक बड़ी वजह अवैध निर्माण और आर्थिक लाभ कमाने की मंशा मानी जा रही है। जांच एजेंसियों को मिली जानकारी के अनुसार, संबंधित भवन को करीब 10 लाख रुपये प्रतिमाह की आय अर्जित करने के उद्देश्य से विकसित किया गया था। आरोप है कि अधिक किराया और व्यावसायिक फायदा हासिल करने के लिए भवन निर्माण से जुड़े नियमों और सुरक्षा मानकों की अनदेखी की गई। जांच में यह भी सामने आया है कि इमारत में निर्धारित मानकों से अधिक निर्माण किया गया था, जिससे उसकी संरचनात्मक मजबूती प्रभावित हुई। अधिकारियों का मानना है कि इसी वजह से भवन कमजोर हुआ और अंततः हादसे का शिकार बन गया।

हौजखास में दूषित बदबूदार पानी से बिगड़ी लोगों की सेहत
दक्षिण दिल्ली के हौजखास (Hauzkhas) इलाके में लंबे समय से गंदा और बदबूदार पानी मिलने की शिकायतों के बीच कई लोगों के बीमार पड़ने के बाद इस मुद्दे को लेकर दिल्ली हाईकोर्ट (Delhi High Court) में याचिका दायर की गई है। मामले पर अदालत 4 जून को सुनवाई करेगी। याचिकाकर्ता अभिएसुमत गुप्ता ने अपनी याचिका में आरोप लगाया है कि इलाके में लगातार दूषित पानी (Contaminated water) की आपूर्ति की जा रही है, जिससे स्थानीय निवासियों के स्वास्थ्य पर गंभीर असर पड़ रहा है। उनका कहना है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया। दिल्ली जल बोर्ड (DJB) पर लापरवाही बरतने का आरोप लगाते हुए कहा गया है कि स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराना उसकी जिम्मेदारी है, लेकिन इसके बावजूद लोगों को गंदा और बदबूदार पानी पीने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है।
कल की कुछ महत्वपूर्ण खबरेंः-
मालवीय नगर अग्निकांड पर बड़ा खुलासाः राजधानी दिल्ली के मालवीय नगर इलाके में बुधवार को लेमन ग्रीन रेस्टोरेंट में लगी भीषण आग ने बड़ा हादसा। रिपोर्ट के अनुसार इस दुर्घटना में करीब 21 लोगों की मौत हो गई है। अधिकारियों ने बताया कि दमकल विभाग को आग लगने की सूचना सुबह करीब 9 बजे मिली थी। सूचना मिलते ही दमकल की कई गाड़ियां मौके पर भेजी गईं और राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग इतनी तेजी से फैली कि कई लोग इमारत के अंदर फंस गए। जान बचाने के लिए कुछ लोगों ने ऊपरी मंजिलों से छलांग भी लगाई। स्थानीय लोगों ने मौके पर पहुंचकर बचाव में मदद की और नीचे गद्दे बिछाकर कुछ लोगों की जान बचाने की कोशिश की। घटना के बाद दमकल, पुलिस और आपदा प्रबंधन की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत कार्य शुरू किया गया। कई घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। (पढ़े पूरी खबर)
आबादी और जरूरत के अनुसार होगा पानी का वितरण: राजधानी दिल्ली में पानी की समस्या के स्थायी समाधान के लिए दिल्ली सरकार जल वितरण व्यवस्था में बड़ा बदलाव करने की तैयारी कर रही है। सरकार का लक्ष्य ऐसी संतुलित और प्रभावी व्यवस्था विकसित करना है, जिससे शहर के किसी भी इलाके को पानी की कमी का सामना न करना पड़े। प्रस्तावित योजना के तहत यह निर्धारित किया जाएगा कि किस क्षेत्र को कितनी मात्रा में और कितने समय तक पानी की आपूर्ति की जानी चाहिए। इसके लिए विभिन्न इलाकों की आबादी, जल मांग, पाइपलाइन नेटवर्क और मौजूदा आपूर्ति व्यवस्था का आकलन किया जाएगा। सरकार का मानना है कि वर्तमान व्यवस्था में कुछ क्षेत्रों को अपेक्षाकृत अधिक पानी मिलता है, जबकि कई इलाकों में लोगों को पर्याप्त जलापूर्ति नहीं हो पाती। नई प्रणाली के जरिए जल वितरण को अधिक वैज्ञानिक और संतुलित बनाया जाएगा, ताकि उपलब्ध जल संसाधनों का बेहतर उपयोग सुनिश्चित हो सके। (पढ़े पूरी खबर)
उपहार सिनेमा से लेकर मालवीय नगर होटल तक: दिल्ली में हर साल आग लगने की घटनाएं सामने आती हैं, जिनमें होटल, फैक्ट्री, बाजार और रिहायशी इमारतें शामिल होती हैं। हाल ही में मालवीय नगर में हुए भीषण अग्निकांड ने एक बार फिर राजधानी की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। इस हादसे में 21 लोगों की मौत हो चुकी है और कई लोग घायल हुए हैं। पिछले करीब 30 वर्षों में दिल्ली ने कुछ ऐसे भीषण अग्निकांड देखे हैं, जिन्होंने पूरे देश को हिला दिया था। (पढ़े पूरी खबर)
मालवीय नगर अग्निकांड पर विदेश मंत्रालय का आया बयान: दिल्ली के मालवीय नगर में होटल में आग लगने से 21 लोगों की मौत हो गई है. इनमें 18 विदेशी नागरिक भी हैं. पीड़ितों में नाइजीरिया, मोजाम्बिक, बांग्लादेश, सोमालिया, लाइबेरिया और अफगानिस्तान के बताए जा रहे हैं. स्थानीय लोगों के मुताबिक, मालवीय नगर में मौजूद होटल के रेस्टोरेंट में सुबह 8.50 बजे आग लगी. होटल के पास केवल 6 कमरों के संचालन का लाइसेंस था, जबकि इमारत में 25 से अधिक कमरे बनाए गए थे।अब इस घटना पर विदेश मंत्रालय का बयान सामने आया है. (पढ़े पूरी खबर)
दिल्ली के दो प्रमुख रेलवे स्टेशनों के नाम बदलने की संभावना: नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली के दो प्रमुख रेलवे स्टेशनों(Railway Station) शकूरबस्ती और बिजवासन सहित कुछ अन्य स्टेशनों के नाम बदलने की संभावना जताई जा रही है। इन दोनों स्टेशनों पर हाल ही में पुनर्विकास और प्लेटफॉर्म विस्तार का कार्य भी पूरा किया गया है, जिसके बाद इनके नाम परिवर्तन को लेकर चर्चा तेज हो गई है। वर्तमान में रेलवे स्टेशनों के नाम बदलने का अधिकार गृह मंत्रालय के पास है। इसी वजह से किसी भी नाम परिवर्तन के लिए अंतिम मंजूरी वहीं से मिलती है। (पढ़े पूरी खबर)
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

