दिल्ली मॉर्निंग न्यूज ब्रीफ : कल (13 मई 2026) की खबरों में नेपाल-बांग्लादेश जैसा ‘Gen Z आंदोलन’भारत में भी हो, CM रेखा गुप्ता का फैसला, मंत्री-विधायक करेंगे पब्लिक ट्रांसपोर्ट का इस्तेमाल, ट्रैफिक चालान सिस्टम हुआ हाईटेक, 200 करोड़ मनी लॉन्ड्रिंग केस: जैकलीन फर्नांडिस ने लिया यू-टर्न, दिल्ली पुलिस में ईंधन बचत और संसाधन उपयोग पर सख्ती प्रमुख रहा।

अरविंद केजरीवाल का बयान: नेपाल-बांग्लादेश जैसा ‘Gen Z आंदोलन’ भारत में भी हो
अरविंद केजरीवाल (Arvind Kejriwal) ने NEET पेपर लीक मामले को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए देश के युवाओं से बड़े आंदोलन की अपील की है। आम आदमी पार्टी (AAP) के राष्ट्रीय संयोजक केजरीवाल ने कहा कि भारत में भी युवाओं को ‘जेन जी आंदोलन’ खड़ा करना चाहिए। केजरीवाल ने नेपाल और बांग्लादेश का उदाहरण देते हुए कहा कि वहां युवाओं ने आंदोलन कर सरकार बदल दी। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या भारत के युवा पेपर लीक कराने वाले मंत्रियों और जिम्मेदार लोगों को जेल नहीं भेज सकते? उन्होंने कहा कि लगातार हो रहे पेपर लीक से करोड़ों छात्रों का भविष्य प्रभावित हो रहा है और युवाओं में गहरा आक्रोश है। केजरीवाल ने आरोप लगाया कि सरकार परीक्षा प्रणाली को सुरक्षित रखने में विफल रही है।

CM रेखा गुप्ता: मंत्री-विधायक करेंगे कारपूल और पब्लिक ट्रांसपोर्ट का इस्तेमाल
नई दिल्ली। पश्चिम एशिया में जारी युद्ध और उससे पैदा हुए वैश्विक तेल संकट के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Narendra Modi) की अपील के बाद अब दिल्ली सरकार ने भी बड़ा कदम उठाया है। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता (Rekha Gupta) ने घोषणा की है कि वह स्वयं, उनके कैबिनेट मंत्री, विधायक और सरकारी अधिकारी निजी कारों का कम इस्तेमाल करेंगे और सार्वजनिक परिवहन तथा कार पूलिंग को प्राथमिकता देंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि मौजूदा वैश्विक परिस्थितियों को देखते हुए ईंधन बचत और संसाधनों का जिम्मेदार उपयोग बेहद जरूरी हो गया है।

ट्रैफिक चालान सिस्टम हुआ हाईटेक
राजधानी दिल्ली में ट्रैफिक नियम तोड़ने वालों के लिए अब बच निकलना आसान नहीं होगा। दिल्ली ट्रैफिक पुलिस (Delhi Traffic Police) ने चालान सिस्टम में बड़ा बदलाव करते हुए नया OTP बेस्ड वेरिफिकेशन सिस्टम लागू किया है। इस नई व्यवस्था का उद्देश्य गलत मोबाइल नंबर देकर कार्रवाई से बचने वाले लोगों पर रोक लगाना और सही व्यक्ति तक चालान एवं नोटिस पहुंचाना है। जानकारी के मुताबिक, अब ट्रैफिक नियम उल्लंघन के दौरान वाहन चालक द्वारा दिए गए मोबाइल नंबर का OTP के जरिए सत्यापन किया जाएगा। नंबर सत्यापित होने के बाद ही उसे रिकॉर्ड में दर्ज किया जाएगा। इससे फर्जी या गलत नंबर देने की संभावना काफी हद तक कम हो जाएगी।

200 करोड़ मनी लॉन्ड्रिंग केस: जैकलीन फर्नांडिस ने लिया यू-टर्न
कथित ठग सुकेश चंद्रशेखर (Sukesh Chandrashekhar) से जुड़े 200 करोड़ रुपये के मनी लॉन्ड्रिंग मामले में बॉलीवुड अभिनेत्री जैकलीन फर्नांडिस (Jacqueline Fernandez) ने बड़ा यू-टर्न लिया है। जैकलीन ने सरकारी गवाह यानी अप्रूवर बनने के लिए दाखिल अपनी याचिका वापस ले ली है। जानकारी के मुताबिक, अभिनेत्री ने विशेष न्यायाधीश प्रशांत शर्मा की अदालत में दायर अपनी अर्जी मंगलवार को वापस ले ली। इस मामले में जैकलीन के वकील आशीष बत्रा ने भी इसकी पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि उनकी ओर से दाखिल सरकारी गवाह बनने की याचिका अब वापस ले ली गई है।

दिल्ली पुलिस में ईंधन बचत और संसाधन उपयोग पर सख्ती
पश्चिम एशिया संकट के चलते ईंधन बचत को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Narendra Modi) की अपील के बाद अब प्रशासनिक स्तर पर भी इसका असर दिखने लगा है। इसी क्रम में दिल्ली पुलिस (Delhi Police) ने अपने कामकाज में महत्वपूर्ण बदलाव करते हुए बैठकों का बड़ा हिस्सा वर्चुअल मोड में स्थानांतरित कर दिया है। दिल्ली पुलिस मुख्यालय (PHQ)में होने वाली ज्यादातर बैठकों को अब ऑनलाइन आयोजित किया जा रहा है। इससे दिल्ली के दूर-दराज के जिलों और विभिन्न यूनिटों के प्रमुखों को मुख्यालय तक बार-बार यात्रा नहीं करनी पड़ रही है।
कल की कुछ महत्वपूर्ण खबरेंः-
दिल्ली में मानसून से पहले PWD अलर्ट: राजधानी में मानसून के दौरान जलभराव की समस्या से निपटने के लिए PWD ने तैयारियां तेज कर दी हैं। विभाग ने पिछले तीन वर्षों में चिन्हित किए गए 448 जलभराव हॉटस्पॉट पर प्रभावी निगरानी और समय पर जल निकासी सुनिश्चित करने के लिए अधिकारियों की जिम्मेदारी तय कर दी है। PWD द्वारा जारी आदेश में स्पष्ट कहा गया है कि यदि इन चिन्हित स्थानों पर बारिश के दौरान जलभराव या बाढ़ जैसे हालात बनते हैं, तो संबंधित जिम्मेदार अधिकारी के खिलाफ विभागीय अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। विभाग ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि मानसून शुरू होने से पहले नालों की सफाई, ड्रेनेज सिस्टम की जांच और जल निकासी व्यवस्था को पूरी तरह दुरुस्त कर लिया जाए। साथ ही संवेदनशील इलाकों में लगातार निगरानी रखने और आपात स्थिति में तुरंत कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया है। (पढ़े पूरी खबर)
दिल्ली पुलिस का इंस्पेक्टर गिरफ्तार: राजधानी दिल्ली में भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) ने दिल्ली पुलिस के एक इंस्पेक्टर को करोड़ों रुपये की रिश्वत मांगने और वसूली की साजिश के आरोप में गिरफ्तार किया है। आरोपी इंस्पेक्टर दिल्ली पुलिस की एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स में तैनात बताया जा रहा है। जानकारी के मुताबिक, CBI को आरोपी अधिकारी के खिलाफ रिश्वत मांगने और अवैध वसूली से जुड़ी शिकायत मिली थी। प्रारंभिक जांच के बाद एजेंसी ने मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू की। इसके बाद इंस्पेक्टर को गिरफ्तार कर लिया गया। (पढ़े पूरी खबर)
रेप और ब्लैकमेलिंग केस में गिरफ्तार जिम ट्रेनर को जमानत: दिल्ली हाई कोर्ट (Delhi High Court) ने रेप और ब्लैकमेलिंग के आरोपों में गिरफ्तार एक शादीशुदा जिम ट्रेनर को जमानत दे दी है। अदालत ने मामले की सुनवाई के दौरान महत्वपूर्ण टिप्पणी करते हुए व्यक्तिगत स्वतंत्रता और कानूनी प्रक्रिया के संतुलन पर जोर दिया। कोर्ट ने कहा कि किसी व्यक्ति की नैतिकता और आपराधिक जिम्मेदारी को अलग-अलग दृष्टिकोण से देखा जाना चाहिए, खासकर ऐसे मामलों में जहां मामला व्यक्तिगत स्वतंत्रता से जुड़ा हो। (पढ़े पूरी खबर)
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

