Morning News Brief (दिल्ली मॉर्निंग न्यूज ब्रीफ) : कल (18जून 2026) की खबरों में दिल्ली सरकार की पहल, परीक्षा केंद्रों पर बनेंगे कूलिंग जोन, कॉकरोच जनता पार्टी का जंतर-मंतर पर 20 जून को प्रदर्शन, झुग्गी पुनर्वास नीति 2026 को मिली अंतिम मंजूरी, हर की पौड़ी से लक्ष्मण झूला तक पहुंचेगी नमो भारत प्रमुख रहा।

दिल्ली सरकार की पहल, परीक्षा केंद्रों पर बनेंगे कूलिंग जोन
राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (NEET) को लेकर दिल्ली सरकार ने परीक्षार्थियों और उनके अभिभावकों के लिए विशेष व्यवस्था करने का फैसला किया है। 21 जून को होने वाली परीक्षा के मद्देनजर परीक्षा केंद्रों पर सुविधाएं बढ़ाई जा रही हैं। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता (Rekha Gupta) ने बताया कि पहली बार परीक्षा केंद्रों पर केवल परीक्षार्थियों ही नहीं, बल्कि उनके माता-पिता और परिजनों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए कूलिंग जोन बनाए जा रहे हैं। इन कूलिंग जोन में अभिभावकों के बैठने की व्यवस्था के साथ स्वच्छ पेयजल और शिकंजी जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। सरकार का उद्देश्य परीक्षा के दौरान अभिभावकों को गर्मी और असुविधा से राहत देना है। मुख्यमंत्री ने कहा कि NEET जैसी महत्वपूर्ण परीक्षा में छात्रों के साथ-साथ उनके परिवार के सदस्यों की चिंताओं को ध्यान में रखते हुए यह व्यवस्था की जा रही है।

कॉकरोच जनता पार्टी का जंतर-मंतर पर 20 जून को प्रदर्शन
कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) एक बार फिर दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन करने की तैयारी में है। पार्टी ने इसके लिए दिल्ली पुलिस (Delhi Police) से अनुमति मांगी है। जानकारी के मुताबिक, 20 जून को प्रस्तावित यह प्रदर्शन पार्टी का दूसरा बड़ा प्रदर्शन होगा। CJP के राष्ट्रीय प्रवक्ता सौरभ दास (Saurabh Das) ने बताया कि प्रदर्शन को लेकर आवश्यक प्रक्रिया पूरी की जा रही है। उन्होंने कहा कि उन्होंने पूरा दिन संसद मार्ग पुलिस स्टेशन में बिताया और प्रदर्शन से संबंधित सभी जानकारियां पुलिस अधिकारियों को उपलब्ध कराई हैं। उन्होंने बताया कि पार्टी की ओर से प्रदर्शन की अनुमति के लिए सभी जरूरी दस्तावेज भी जमा कर दिए गए हैं। अब दिल्ली पुलिस की अनुमति का इंतजार है।

झुग्गी पुनर्वास नीति 2026 को मिली अंतिम मंजूरी
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता (Rekha Gupta) ने कहा है कि केंद्र और दिल्ली सरकार ने ‘दिल्ली स्लम एवं झुग्गी-झोपड़ी पुनर्वास एवं पुनर्स्थापन नीति, 2026’ को अंतिम रूप दे दिया है। इस नीति के तहत राजधानी में झुग्गी बस्तियों के पुनर्वास की प्रक्रिया चरणबद्ध तरीके से शुरू की जाएगी। मुख्यमंत्री के मुताबिक, पहले चरण में 5 झुग्गी-झोपड़ी (JJ) क्लस्टर के लिए पुनर्वास परियोजनाएं शुरू की जाएंगी। इन परियोजनाओं का उद्देश्य झुग्गी क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को बेहतर आवास के साथ-साथ जरूरी नागरिक सुविधाएं उपलब्ध कराना है। उन्होंने बताया कि नई पुनर्वास कॉलोनियों में केवल आवास की सुविधा ही नहीं होगी, बल्कि स्कूल, स्वास्थ्य केंद्र, खेल के मैदान और आंगनवाड़ी केंद्र जैसी बुनियादी सुविधाएं भी विकसित की जाएंगी।

हर की पौड़ी से लक्ष्मण झूला तक पहुंचेगी नमो भारत
दिल्ली से मेरठ के बीच संचालित हो रही नमो भारत ट्रेन को जल्द ही उत्तराखंड के धार्मिक शहर ऋषिकेश तक विस्तार मिल सकता है। केंद्र सरकार, उत्तर प्रदेश सरकार, उत्तराखंड सरकार और नेशनल कैपिटल रीजन ट्रांसपोर्ट कॉरपोरेशन (NCRTC) के बीच सहमति बनने के बाद इस दिशा में प्रक्रिया तेज हो गई है। प्रस्तावित योजना के तहत मौजूदा दिल्ली-मेरठ नमो भारत कॉरिडोर को करीब 150 किलोमीटर आगे बढ़ाने की तैयारी है। इसके बाद दिल्ली से ऋषिकेश तक का सफर करीब तीन घंटे में पूरा किया जा सकेगा। यह विस्तार उत्तराखंड के लिए भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है, क्योंकि ऋषिकेश देश के प्रमुख धार्मिक और पर्यटन केंद्रों में शामिल है। नमो भारत कॉरिडोर के विस्तार से दिल्ली, पश्चिमी उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के बीच कनेक्टिविटी बेहतर होने की उम्मीद है।
कल की कुछ महत्वपूर्ण खबरेंः-
सरकार जल्द कर सकती है प्रदेश स्तरीय आयोगों का गठन: दिल्ली में भाजपा सरकार अपने नए संगठनात्मक ढांचे के साथ-साथ प्रदेश स्तरीय आयोगों के गठन की दिशा में तेजी से काम कर रही है। पार्टी स्तर पर इस पूरी प्रक्रिया को लेकर तैयारियां शुरू हो गई हैं। सूत्रों के अनुसार, पार्टी के वरिष्ठ नेताओं की राय है कि विभिन्न आयोगों में विधायकों को शामिल करने के बजाय संगठन में सक्रिय रूप से काम कर रहे कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों को अवसर दिया जाना चाहिए। नेतृत्व का मानना है कि इससे संगठन को और अधिक मजबूती मिलेगी। (पढ़े पूरी खबर)
सोमनाथ भारती को पुराना वीडियो पोस्ट करना पड़ा भारी: आम आदमी पार्टी (AAP) के पूर्व विधायक सोमनाथ भारती (Somnath Bharti) की एक सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर दिल्ली की राजनीति गरमा गई है। दिल्ली भाजपा ने आरोप लगाया है कि सोमनाथ भारती ने पुरानी घटना को वर्तमान घटना बताकर जनता को गुमराह करने की कोशिश की है। भाजपा नेताओं ने इस मामले में पुलिस कार्रवाई की मांग की है। अधिवक्ता और भाजपा नेता संकेत गुप्ता (Sanket Gupta) तथा दिल्ली कैंटोनमेंट बोर्ड के सदस्य राजेश गोयल ने संयुक्त प्रेसवार्ता कर सोमनाथ भारती के खिलाफ शिकायत की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि दिल्ली पुलिस (Delhi Police) आयुक्त को शिकायत देकर सोशल मीडिया पोस्ट की जांच कराने, FIR दर्ज करने और कानूनी कार्रवाई की मांग की गई है। भाजपा नेताओं का आरोप है कि संबंधित पोस्ट में तथ्यों को तोड़-मरोड़कर पेश किया गया, जिससे लोगों के बीच भ्रम की स्थिति पैदा हुई। (पढ़े पूरी खबर)
निजी स्कूल कर्मचारी को हटाने पर दिल्ली हाई कोर्ट का अहम फैसला: दिल्ली हाई कोर्ट (Delhi High Court) ने निजी स्कूलों में काम करने वाले कर्मचारियों के हित में एक अहम फैसला सुनाया है। कोर्ट ने स्पष्ट किया है कि किसी निजी स्कूल के कर्मचारी को शिक्षा निदेशक (Director of Education) की पूर्व मंजूरी के बिना नौकरी से हटाने का आदेश वैध नहीं माना जा सकता। हाई कोर्ट ने कहा कि ऐसा करना दिल्ली स्कूल शिक्षा अधिनियम, 1973 की धारा 8(2) का उल्लंघन है। कोर्ट ने अपने फैसले में निजी स्कूलों को नियमों का पालन करने के निर्देश दिए हैं। (पढ़े पूरी खबर)
कंज्यूमर कमीशन ने लगाया मुआवजा देने का आदेश: दिल्ली में एक व्यक्ति को पत्नी के इलाज के बाद हेल्थ इंश्योरेंस क्लेम (Health insurance claim) के लिए लंबी कानूनी लड़ाई लड़नी पड़ी। अस्पताल के खर्च का पूरा भुगतान नहीं मिलने पर उन्होंने कंज्यूमर कमीशन का रुख किया, जहां से उन्हें राहत मिली। मामले के अनुसार, व्यक्ति की पत्नी का इलाज चल रहा था, लेकिन कुछ हफ्तों बाद उनका निधन हो गया। इलाज के दौरान हुए अस्पताल खर्च का भुगतान पाने के लिए उन्होंने हेल्थ इंश्योरेंस कंपनी में दावा किया। हालांकि, कंपनी ने विभिन्न बीमा शर्तों और क्लॉज का हवाला देते हुए कुल खर्च का केवल करीब एक तिहाई हिस्सा ही वापस किया। (पढ़े पूरी खबर)
दिल्ली में पूर्व अग्निवीरों को सरकारी नौकरियों में 20% आरक्षण: दिल्ली में पूर्व अग्निवीरों के लिए सरकारी नौकरियों के नए अवसरों का रास्ता खुल गया है। दिल्ली के उपराज्यपाल Taranjit Singh Sandhu ने गुरुवार को वरिष्ठ अधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय बैठक कर ग्रुप-सी पदों पर पूर्व अग्निवीरों को 20 प्रतिशत आरक्षण देने की नीति के क्रियान्वयन की समीक्षा की। यह कदम केंद्र सरकार के उस व्यापक दृष्टिकोण का हिस्सा है, जिसके तहत सेना में सेवा दे चुके युवाओं के कौशल और अनुशासन का उपयोग नागरिक प्रशासन में किया जाएगा। (पढ़े पूरी खबर)
अंतरराज्यीय बाल तस्करी गिरोह का भंडाफोड़; दिल्ली पुलिस (Delhi Police) को बाल तस्करी (child trafficking gang) के खिलाफ बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने एक अंतरराज्यीय बाल तस्करी गिरोह का पर्दाफाश करते हुए 12 लोगों को गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 5 नवजात बच्चों को भी सुरक्षित बचाया है। दिल्ली पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार किए गए आरोपी नवजात शिशुओं और छोटे बच्चों की अलग-अलग राज्यों में तस्करी और अवैध खरीद-फरोख्त में शामिल गिरोह का हिस्सा हैं। पुलिस अब गिरोह के नेटवर्क, उसके अंतरराज्यीय संपर्कों और आरोपियों की भूमिका की जांच कर रही है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि यह गिरोह कितने समय से सक्रिय था और इसके तार किन-किन राज्यों से जुड़े हुए हैं। साथ ही, बच्चों की तस्करी के तरीके और इसमें शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। (पढ़े पूरी खबर)
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

