धमतरी। जिले के ग्रामीण अंचलों में पढ़ने वाले बच्चों को अब आधुनिक तकनीक से जुड़कर सीखने का अवसर मिलेगा। मगरलोड क्षेत्र में शिक्षा विभाग की ओर से अत्याधुनिक रोबोटिक्स एवं 3-डी प्रिंटिंग लैब विकसित की जा रही है। इस पहल के जरिए विद्यार्थियों को किताबों तक सीमित शिक्षा से आगे बढ़ाकर तकनीक के साथ प्रयोग और नवाचार के लिए मंच उपलब्ध कराया जाएगा।

प्रस्तावित लैब में विद्यार्थी रोबोटिक्स, प्रोग्रामिंग, इलेक्ट्रॉनिक्स, डिजाइन और 3-डी प्रिंटिंग जैसी आधुनिक तकनीकों का प्रशिक्षण ले सकेंगे। इसका उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों में तकनीकी समझ, रचनात्मक सोच और समस्या समाधान की क्षमता विकसित करना है।
वर्कशॉप में बच्चों ने दिखाया तकनीकी हुनर

मगरलोड में हाल ही में आयोजित रोबोटिक्स वर्कशॉप में विद्यार्थियों और युवाओं ने मॉडल निर्माण, प्रोग्रामिंग और विभिन्न तकनीकी प्रयोगों के जरिए अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। बच्चों ने अपने आइडिया को मॉडल के रूप में प्रस्तुत किया और तकनीक के जरिए समस्याओं के समाधान की संभावनाएं भी दिखाईं।
वर्कशॉप में कलेक्टर अबिनाश मिश्रा और जिला पंचायत सीईओ जयंत नाहटा भी पहुंचे। अधिकारियों ने विद्यार्थियों से उनके प्रोजेक्ट और आइडिया के बारे में जानकारी ली। बच्चों के नवाचार और तकनीकी रुचि की सराहना करते हुए उन्हें आगे भी प्रयोग और सीखने के लिए प्रोत्साहित किया गया।
‘लर्निंग बाय डूइंग’ पर रहेगा जोर
मगरलोड में विकसित की जा रही लैब की खासियत इसका ‘लर्निंग बाय डूइंग’ मॉडल होगा। यानी विद्यार्थी केवल किताबों में तकनीक के बारे में पढ़ेंगे नहीं, बल्कि खुद प्रयोग करके उसे समझेंगे। वे अपने विचारों को मॉडल और प्रोटोटाइप में बदल सकेंगे। इसके साथ ही 3-डी प्रिंटिंग तकनीक की मदद से तैयार किए गए डिजाइनों को वास्तविक रूप भी दिया जा सकेगा।
स्थानीय समस्याओं के समाधान की दिशा में कदम
इस पहल से ग्रामीण क्षेत्र के युवाओं को भविष्य में स्थानीय समस्याओं के तकनीकी समाधान तलाशने का अवसर भी मिल सकता है। नवाचार आधारित प्रोजेक्ट तैयार करने के साथ-साथ आगे चलकर युवाओं को इनोवेशन और स्टार्टअप की दिशा में मार्गदर्शन देने की संभावनाएं भी बनेंगी।
ग्रामीण बच्चों को अत्याधुनिक तकनीक से जोड़ने की यह पहल शिक्षा को पारंपरिक दायरे से बाहर निकालकर उन्हें भविष्य की जरूरतों के अनुरूप तैयार करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H

