शिवम मिश्रा, रायपुर। छत्तीसगढ़ में वन्यजीवों के संरक्षण को लेकर वन विभाग लगातार प्रयास कर रहा है। वन मंत्री केदार कश्यप ने वन्यजीव संरक्षण से जुड़ी उपलब्धियों की जानकारी देते हुए बताया कि बस्तर क्षेत्र के चित्रकूट रेंज में तेंदुए के एक शावक का सफल रेस्क्यू किया गया है। शावक को सुरक्षित तरीके से रेस्क्यू कर वन विभाग की निगरानी में रखा गया है।

वन मंत्री ने बताया कि राज्य में बाघों की संख्या में भी उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई है। वर्ष 2022 में कैमरा ट्रैप के माध्यम से छत्तीसगढ़ में करीब 17 से 18 बाघों की पहचान की गई थी। अब यह संख्या बढ़कर लगभग 35 से 36 तक पहुंच गई है। उन्होंने इसे वन्यजीव संरक्षण की दिशा में सकारात्मक उपलब्धि बताया।

तमोर पिंगला बना देश का तीसरा सबसे बड़ा टाइगर रिजर्व

वन मंत्री केदार कश्यप ने बताया कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य के तमोर पिंगला क्षेत्र को गुरु घासीदास-तमोर पिंगला टाइगर रिजर्व के रूप में विकसित किया गया है। यह क्षेत्र देश के तीसरे सबसे बड़े टाइगर रिजर्व के रूप में सामने आया है। उन्होंने कहा कि टाइगर रिजर्व के विस्तार और वन्यजीवों की संख्या में वृद्धि से छत्तीसगढ़ की जैव विविधता को संरक्षण मिलेगा। साथ ही यह क्षेत्र वन्यजीव प्रेमियों और पर्यटकों के लिए भी महत्वपूर्ण आकर्षण का केंद्र बनेगा। वन विभाग के प्रयासों से तेंदुए जैसे अन्य वन्यजीवों के संरक्षण और सुरक्षित रेस्क्यू की दिशा में भी लगातार काम किया जा रहा है। वन मंत्री ने वन्यजीवों और उनके प्राकृतिक आवासों के संरक्षण को सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल बताया।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m