हापुड़. खादर में गढ़ गंगा नदी अपना रौद्र रूप दिखा रही है. गंगा का जलस्तर गांवों की तरफ बढ़ रहा है. ज्यादा पानी की वजह से किसानों की हजारों बीघा फसल बर्बाद हो गई है. गंगा का जलस्तर बढ़ने से कई गांव के रास्ते प्रभावित हो गए हैं. डीएम, विधायक, SDM मौके का स्थलीय निरीक्षण कर चुके हैं. पांच बाढ़ चौकियां बनाकर तैयार की गई है. ग्रामीणों के पशुओं के लिए चारे की व्यवस्था भी कर ली है. DM ने अधिकारियों को अलर्ट रहने के निर्देश दिए हैं.
बता दें कि प्रयागराज में हालात सबसे ज्यादा खराब हैं. यहां दारागंज, मोरी गेट और करेली जैसे इलाकों में बाढ़ जैसी स्थिति बन गई है. कई घरों में करीब 5 फीट तक पानी भर गया है. प्रयागराज में गंगा, यमुना नदी का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है. जिसके देखते हुए प्रशासन अलर्ट हो गया है. संगम इलाके के सभी घाट जलमग्न हो चुके हैं. जल पुलिस, NDRF को अलर्ट मोड पर रखा गया है. वहीं 100 बाढ़ चौकियों की स्थापना की गई है. जलभराव के बीच अव्यवस्था और बदइंतजामी को लेकर अखिलेश यादव ने गुरुवार को शासन प्रशासन पर जमकर निशाना भी साधा था.
इसे भी पढ़ें : भाजपा नेता के इशारे पर गरीबों पर जुल्म! गोंड-मांझी समुदाय के खिलाफ हुई कार्रवाई पर चंद्रशेखर आजाद ने उठाए सवाल, ग्रामीणों और पुलिस के बीच हुआ था विवाद
अखिलेश ने एक्स पर लिखा था कि ‘ये है प्रयागराज के गंभीर हालात. कोई और हो तो 1 लाख करोड़ प्रयागराज के विकास के नाम पर डकार जाने के बाद, वहां के हज़ारों घरों का ये जलमग्न हाल देखकर शर्मिंदगी से सत्ता ही छोड़ दे. जनाब नाम बदलने से कुछ नहीं होता, बदलिए तो आप अपना भ्रष्ट काम और नीयत लेकिन अब वो भी नहीं बदलेगी, इसीलिए अब उत्तर प्रदेश और देश की जनता ‘भाजपा सरकार’ ही हमेशा के लिए बदल देगी. भाजपा जाएगी फिर कभी नहीं आएगी.’

