Hockey World Cup 2026: हॉकी वर्ल्ड कप 2026 में भारतीय टीम को अपने दूसरे पूल मुकाबले में पहली हार का सामना करना पड़ा। पूल डी के रोमांचक मुकाबले में इंग्लैंड ने भारत को 4-2 से शिकस्त दी। भारतीय टीम ने मैच में पिछड़ने के बाद शानदार वापसी करते हुए 2-1 की बढ़त बना ली थी, लेकिन दूसरे हाफ में इंग्लैंड ने दमदार खेल दिखाते हुए लगातार तीन गोल दागे और मुकाबला अपने नाम कर लिया।

भारत ने मैच की शुरुआत आक्रामक अंदाज में की, लेकिन इंग्लैंड ने पहले बढ़त हासिल कर ली। इसके बाद भारतीय टीम ने शानदार वापसी की। दूसरे क्वार्टर में कप्तान हरमनप्रीत सिंह ने 16वें मिनट में गोल कर भारत को बराबरी दिलाई। इसके बाद दिलप्रीत सिंह ने 24वें मिनट में गोल करके भारत को 2-1 की बढ़त दिला दी।

हालांकि, दूसरे हाफ में मुकाबले की तस्वीर पूरी तरह बदल गई। इंग्लैंड ने भारतीय डिफेंस पर दबाव बढ़ाया और तीसरे क्वार्टर में स्टुअर्ट रशमेयर ने 38वें मिनट में गोल करके स्कोर 2-2 कर दिया। इसके कुछ ही मिनट बाद हेनरी क्रॉफ्ट ने 42वें मिनट में गोल दागकर इंग्लैंड को 3-2 से आगे कर दिया।

चौथे क्वार्टर में भारत ने बराबरी की कोशिश की, लेकिन इंग्लैंड ने उसे कोई मौका नहीं दिया। बैंडुराक ने 54वें मिनट में अपना दूसरा गोल करते हुए इंग्लैंड की बढ़त 4-2 कर दी। इसके बाद भारत की ओर से वापसी की तमाम कोशिशें नाकाम रहीं और इंग्लैंड ने मुकाबला 4-2 से जीत लिया।

पूल डी में इंग्लैंड शीर्ष पर

इस जीत के साथ इंग्लैंड पूल डी की अंक तालिका में पहले स्थान पर पहुंच गया है, जबकि भारत दूसरे स्थान पर है। भारत के दो मैचों में तीन अंक हैं। भारतीय टीम ने अपने अभियान की शुरुआत वेल्स के खिलाफ 3-1 की जीत के साथ की थी।

वेल्स के खिलाफ मुकाबले में कप्तान हरमनप्रीत सिंह ने पेनल्टी कॉर्नर के जरिए दो गोल किए थे, जबकि संजय ने भी पेनल्टी कॉर्नर से एक गोल दागा था।

अब पाकिस्तान से भिड़ेगा भारत

भारत के लिए अब टूर्नामेंट का अगला मुकाबला बेहद अहम होने वाला है। 19 अगस्त को भारतीय टीम अपने चिर-प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान के खिलाफ मैदान में उतरेगी। भारत, इंग्लैंड, पाकिस्तान और वेल्स को पूल डी में रखा गया है।

पाकिस्तान के दो मैचों में एक अंक है। ऐसे में भारत के पास अगले दौर में पहुंचने का मौका है। पाकिस्तान के खिलाफ जीत या ड्रॉ भारत को अगले दौर में पहुंचा देगा, जबकि हार की स्थिति में भारतीय टीम टूर्नामेंट से बाहर हो जाएगी।

इंग्लैंड के खिलाफ मिली हार के बाद अब भारतीय टीम की निगाहें पाकिस्तान के खिलाफ होने वाले इस हाई-वोल्टेज मुकाबले पर टिकी हैं।

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H