सतीश सिंह, मथुरा. अगर मन में कान्हा के दर्शन की इच्छा है और ब्रज की गलियों में घूमने का सपना अधूरा है, तो इस जन्माष्टमी से पहले यह सपना पूरा हो सकता है. उत्तर प्रदेश पर्यटन विभाग ने श्रद्धालुओं के लिए ऐसा धार्मिक टूर पैकेज शुरू किया है, जिसमें तीन दिन में कृष्ण की लीलाभूमि के प्रमुख तीर्थों के दर्शन कराए जाएंगे. यानी एक ही यात्रा में वृंदावन के बांके बिहारी, मथुरा की कृष्ण जन्मभूमि, गोकुल की गलियां, गोवर्धन की परिक्रमा क्षेत्र और बरसाना की राधारानी तक पहुंचने का मौका मिलेगा.
यूपीएसटीडीसी (UPSTDC) ने इस विशेष यात्रा को ‘कृष्ण लीला’ टूर पैकेज (Krishna Leela Tour Package) नाम दिया है. ‘विजिट माय स्टेट उत्तर प्रदेश’ अभियान के तहत शुरू हुई यह यात्रा लखनऊ से सुबह आठ बजे शुरू होगी.
इसे भी पढ़ें : सावन की दूसरी सोमवारी पर शिवमय हुई रामनगरी अयोध्या, नागेश्वरनाथ मंदिर में उमड़ा आस्था का सैलाब
जहां हर कदम पर कृष्ण की कहानी
इस यात्रा की खासियत सिर्फ मंदिरों के दर्शन नहीं, बल्कि कृष्ण की बाल लीलाओं से लेकर राधा-कृष्ण के प्रेम तक की आध्यात्मिक यात्रा है. पहले दिन श्रद्धालु वृंदावन पहुंचेंगे. बांके बिहारी मंदिर में दर्शन के बाद निधिवन, रंगजी मंदिर, प्रेम मंदिर समेत प्रमुख स्थलों की यात्रा होगी.दूसरे दिन यात्रा पहुंचेगी मथुरा और गोकुल. यहां श्रीकृष्ण जन्मभूमि, द्वारकाधीश मंदिर, विश्राम घाट, पोतरा कुंड और गोकुल गांव के दर्शन होंगे. गोवर्धन धाम की यात्रा भी इसी दिन रखी गई है. तीसरे दिन यात्रा का सबसे भावनात्मक पड़ाव बरसाना होगा. यहां राधारानी मंदिर के दर्शन के साथ इस्कॉन और राधा दामोदर मंदिर की यात्रा कराकर श्रद्धालुओं को लखनऊ वापस रवाना किया जाएगा.
कान्हा की जन्मभूमि से राधारानी की नगरी तक
पर्यटन विभाग ने इस यात्रा को इस तरह तैयार किया है कि श्रद्धालुओं को अलग-अलग वाहनों और होटलों की व्यवस्था करने की परेशानी न हो. पैकेज में ठहरने, नाश्ते, जलपान, हाई-टी, प्रशिक्षित गाइड और स्थानीय भ्रमण की सुविधा शामिल है. सेडान से यात्रा के लिए 10,400 प्रति व्यक्ति, जबकि क्रिस्टा वाहन के लिए 10,150 प्रति व्यक्ति शुल्क निर्धारित किया गया है. कम से कम दो यात्रियों की बुकिंग जरूरी है.
इसे भी पढ़ें : कांवड़ यात्रा पर CM योगी की ‘पाती’: आस्था के साथ सेवा और अनुशासन का संदेश, एंबुलेंस को रास्ता देने की अपील
ब्रज में उमड़ रही आस्था की भीड़
ब्रज में बढ़ती श्रद्धालुओं की भीड़ भी इस यात्रा की लोकप्रियता की बड़ी वजह है. पर्यटन विभाग के मुताबिक वर्ष 2025 में मथुरा में 10.24 करोड़ से ज्यादा श्रद्धालु और पर्यटक पहुंचे. वहीं 2026 के शुरुआती तीन महीनों में ही करीब 1.90 करोड़ पर्यटकों के आने का दावा किया गया है. यानी इस बार जन्माष्टमी पर सिर्फ कान्हा के जन्म का उत्सव नहीं, बल्कि कृष्ण की पूरी लीलाभूमि को करीब से महसूस करने का मौका भी है.
बुकिंग के लिए: यूपीएसटीडीसी हेल्पलाइन 9149099890 और 7985816467 पर संपर्क किया जा सकता है.


