मोहम्मद शमी के भाई और रणजी खिलाड़ी मोहम्मद कैफ पर लखनऊ की एक महिला ने शादी का वादा कर यौन शोषण करने का आरोप लगाया है. शिकायत के बाद आशियाना पुलिस ने कैफ और उनके बड़े भाई मोहम्मद हसीब के खिलाफ FIR दर्ज की है.
अमरोहा. भारतीय क्रिकेटर मोहम्मद शमी के भाई और रणजी खिलाड़ी मोहम्मद कैफ के खिलाफ लखनऊ के आशियाना थाने में FIR दर्ज हुई है. आशियाना इलाके की रहने वाली एक तलाकशुदा महिला ने कैफ पर शादी का भरोसा देकर यौन शोषण करने का आरोप लगाया है. महिला की शिकायत पर पुलिस ने कैफ के खिलाफ यौन शोषण और उनके बड़े भाई मोहम्मद हसीब के खिलाफ धमकाने के आरोप में मामला दर्ज किया है.
कौन है शिकायतकर्ता
शिकायतकर्ता लखनऊ के आशियाना क्षेत्र की निवासी है. महिला तलाकशुदा है और उसका एक बेटा है. उसके मुताबिक, वह 2023 से 2026 के बीच एक एयरलाइंस में केबिन क्रू के रूप में काम करती थी.
2020 में हुई मुलाकात
महिला के अनुसार, उसकी मोहम्मद कैफ से पहली मुलाकात 2020 में गाजियाबाद में हुई थी. उस समय वह गाजियाबाद में रहती थी और एक दोस्त के जरिए कैफ से उसकी पहचान हुई थी.
उस दौरान कैफ कोलकाता में रणजी क्रिकेट खेल रहे थे. दोनों के बीच पहले दोस्ती हुई और बाद में यह रिश्ता आगे बढ़ा. महिला का दावा है कि अगस्त 2023 में कैफ ने उसके सामने शादी का प्रस्ताव रखा था.
होटल में संबंध बनाने का आरोप
महिला ने आरोप लगाया कि 9 सितंबर 2023 को कैफ ने उसे कोलकाता के एक होटल में बुलाया था. शिकायत के मुताबिक, कैफ को उसके तलाकशुदा होने और बेटे के बारे में जानकारी थी और उन्होंने इन बातों पर आपत्ति नहीं जताई.
महिला का आरोप है कि शादी का भरोसा देकर कैफ ने उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए. उसने यह भी आरोप लगाया कि कैबिन क्रू की नौकरी कैफ को पसंद नहीं थी और उनके दबाव के कारण उसे नौकरी छोड़नी पड़ी.
शादी को लेकर टालमटोल
शिकायतकर्ता के मुताबिक, जब भी उसने कैफ से शादी के बारे में बात की, तो वह टालमटोल करता रहा. महिला का दावा है कि कैफ ने दिसंबर 2025 में होने वाले आईपीएल ऑक्शन के बाद शादी करने की बात कही थी.
आईपीएल ऑक्शन के बाद जब महिला ने दोबारा शादी के लिए दबाव बनाया, तो आरोप है कि कैफ अपने वादे से पीछे हट गया और उससे दूरी बना ली.
भाई पर भी धमकाने का आरोप
महिला के मुताबिक, कैफ के शादी से इनकार करने के बाद उसने उनके बड़े भाई मोहम्मद हसीब से शिकायत की. आरोप है कि हसीब ने उसकी बात को गंभीरता से नहीं लिया.
इसके बाद एक परिचित के जरिए समझौते की बातचीत के लिए महिला को कैफ के गृह जनपद अमरोहा बुलाया गया. महिला का आरोप है कि वहां हसीब ने मामले को सुलझाने के बजाय उसे धमकाया.
13 दिन बाद दर्ज हुई FIR
महिला ने न्याय की मांग को लेकर 31 अगस्त को सबसे पहले आशियाना थाने में शिकायत दी थी. सुनवाई नहीं होने पर उसने डीसीपी पूर्वी और इसके बाद एसीपी विभूतिखंड से भी संपर्क किया.
महिला का आरोप है कि पुलिस करीब 13 दिनों तक घटनास्थल और सीमा विवाद का हवाला देकर उसे टालती रही. रविवार को शिकायत सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद आशियाना थाने में मोहम्मद कैफ और मोहम्मद हसीब के खिलाफ FIR दर्ज की गई.



