Surguja News Update : अम्बिकापुर। मुख्यमंत्री बाल भविष्य सुरक्षा योजना के अंतर्गत संचालित प्रयास आवासीय विद्यालयों में सत्र 2026-27 हेतु कक्षा 9वीं में प्रवेश के लिए आयोजित प्राक्चयन परीक्षा का परिणाम घोषित कर दिया गया है। आदिवासी विकास विभाग के सहायक आयुक्त ने जानकारी देते हुए बताया कि प्रयास आवासीय विद्यालयों में प्रवेश के लिए प्राक्चयन परीक्षा का आयोजन 10 मई 2026 को किया गया था। परीक्षा के उपरांत प्राप्त दावा-आपत्तियों का निराकरण कर अंतिम परिणाम विभागीय वेबसाइट पर जारी कर दिया गया है।

narayana

भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष मुन्नालाल चौधरी बने सरगुजा प्रभारी

राजपुर। भारतीय जनता पार्टी किसान मोर्चा, छत्तीसगढ़ द्वारा संगठन को और अधिक मजबूत बनाने के उद्देश्य से जिला प्रभारी एवं सह प्रभारियों की घोषणा की गई है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव की सहमति से किसान मोर्चा प्रदेश नेतृत्व ने विभिन्न जिलों के लिए जिम्मेदारियों का वितरण किया है। इसी क्रम में सरगुजा जिले का प्रभारी राजपुर निवासी एवं भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष मुन्नालाल चौधरी को बनाया गया है, जबकि विनोद कुमार साहू को सह-प्रभारी की जिम्मेदारी सौंपी गई है। मुन्नालाल चौधरी को सरगुजा जिले का प्रभारी बनाए जाने से जिले के भाजपा कार्यकर्ताओं एवं किसान मोर्चा पदाधिकारियों में उत्साह का माहौल है। उन्होंने कहा कि वे पार्टी द्वारा दिए गए विश्वास पर खरा उतरने का पूरा प्रयास करेंगे तथा सरगुजा जिले में संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाएंगे।

किसानों ने की खाद-बीज की मांग, आंदोलन की दी चेतावनी

प्रतापपुर। खरीफ सीजन की शुरुआत के साथ ही किसानों की समस्याओं को लेकर छत्तीसगढ़ प्रदेश किसान विकास महासंघ ने प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। महासंघ ने एसडीएम को ज्ञापन सौंपते हुए किसानों को पर्याप्त मात्रा में खाद, बीज और डीजल उपलब्ध कराने की मांग की है। साथ ही चेतावनी दी है कि यदि समय रहते समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो किसान आंदोलन के लिए बाध्य होंगे। किसान महासंघ के प्रांताध्यक्ष विद्यासागर सिंह के साथ संजीव श्रीवास्तव, त्रिभुवन सिंह एवं अन्य पदाधिकारियों ने ज्ञापन सौंपते हुए कहा कि खरीफ सीजन किसानों के लिए बेहद महत्वपूर्ण होता है, लेकिन हर वर्ष की तरह इस बार भी खाद और बीज की उपलब्धता को लेकर किसानों में चिंता बनी हुई है। यदि समय पर यूरिया, डीएपी और अन्य उर्वरक उपलब्ध नहीं हुए तो खेती-किसानी प्रभावित होगी।

ज्ञापन में मांग की गई कि किसानों को उनके रकबे के अनुसार पर्याप्त मात्रा में उर्वरक एवं गुणवत्ता युक्त बीज उपलब्ध कराया जाए। जिन किसानों का किसान क्रेडिट कार्ड नहीं बना है, उनके लिए भी वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। साथ ही कृषि कार्यों के लिए पर्याप्त डीजल उपलब्ध कराने की मांग की गई है। किसानों ने चेतावनी दी है कि यदि प्रशासन ने मांगों पर ध्यान नहीं दिया तो व्यापक धरना-प्रदर्शन और चक्का जाम किया जाएगा।

घर में लगी भीषण आग, लाखों का सामान जलकर खाक

सूरजपुर। जिले के पम्पापुर ग्राम पंचायत के झारपारा मोहल्ले में मंगलवार तड़के एक घर में भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग इतनी तेजी से फैली कि घर में सो रहे परिवार के चार सदस्यों को अपनी जान बचाकर बाहर भागना पड़ा। गनीमत रही कि सभी लोग सुरक्षित बाहर निकल आए, जिससे बड़ा हादसा टल गया। घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक घर में रखा लाखों रुपये का सामान जलकर खाक हो चुका था। आग की लपटों और धुएं को देखकर आसपास के ग्रामीण भी मौके पर पहुंच गए और राहत कार्य में सहयोग किया।

प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है, हालांकि पुलिस और प्रशासनिक टीम मामले की जांच कर रही है। स्थानीय लोगों के अनुसार आग ने कुछ ही मिनटों में पूरे घर को अपनी चपेट में ले लिया था। फिलहाल इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई है, लेकिन परिवार को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है।

आम तोड़ रही युवती की स्कूटी ले उड़े चोर

अम्बिकापुर। सड़क किनारे स्कूटी खड़ी कर आम तोड़ना उस समय एक युवती को भारी पड़ गया, जब चोर उसकी स्कूटी लेकर फरार हो गए। पीड़िता की रिपोर्ट पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, सीतापुर थाना क्षेत्र के ग्राम बेलजोरा निवासी सीता तिवारी, पिता जवाहर लाल तिवारी, 6 जून की शाम स्कूटी क्रमांक सीजी 15 ईजे 3606 से सलाईनगर जा रही थीं। शाम करीब 5 बजे जब वह ग्राम चलता कापू रोड पुलिया के पास पहुंचीं तो उन्होंने सड़क किनारे स्कूटी खड़ी कर आम तोड़ना शुरू कर दिया। कुछ देर बाद जब वह वापस लौटीं तो स्कूटी अपने स्थान से गायब थी। काफी तलाश करने के बाद भी स्कूटी का कोई पता नहीं चला। इसके बाद उन्होंने घटना की रिपोर्ट सीतापुर थाने में दर्ज कराई। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ धारा 305(बी) के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

सड़क हादसे में घायल युवक की मौत

बिश्रामपुर। एनएच-43 पर जयनगर आत्मानंद विद्यालय के पास 12 जून को हुई सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल युवा आर्किटेक्ट इंजीनियर जिन्शर, पिता नासिर, उम्र 36 वर्ष की इलाज के दौरान रायपुर के श्री नारायणा अस्पताल में मौत हो गई।

जानकारी के अनुसार, वे अपनी बुलेट मोटरसाइकिल से साइड विजिट के लिए अंबिकापुर जा रहे थे, तभी पीछे से आ रही तेज रफ्तार और अनियंत्रित कार (सीजी 29 पीए 0502) के चालक ने लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर के बाद बाइक और कार के नीचे फंसे आर्किटेक्ट करीब 20 मीटर तक घिसटते चले गए। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए रायपुर रेफर किया गया।

बताया जा रहा है कि उनके दाहिने पैर की नस कटने से लगातार आंतरिक रक्तस्राव होता रहा। पहले मेडिकल कॉलेज में इलाज के दौरान उनके पैर में फ्रैक्चर बताते हुए प्लास्टर चढ़ा दिया गया। बाद में स्थिति बिगड़ने पर पैर काटना पड़ा, लेकिन संक्रमण फैलने से उनकी हालत लगातार गंभीर होती गई और अंततः इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया, जिसके बाद परिजन उसे केरल लेकर रवाना हो गए। घटना से क्षेत्र में शोक का माहौल है। मृतक अपने पीछे दो बच्चों को छोड़ गए हैं।

नर्मदापुर में पंजीकरण शिविर आज योजनाओं का मिलेगा लाभ

अम्बिकापुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित किए जा रहे “विश्वास के, विकास के, जनकल्याण के” कार्यक्रम के अंतर्गत 18 जून को प्रातः 10:30 बजे से स्वामी आत्मानंद स्कूल नर्मदापुर में निर्मित अतिरिक्त भोजन कक्ष में विशेष पंजीकरण शिविर का आयोजन किया जाएगा। एसडीएम सीतापुर द्वारा जारी आदेश के अनुसार, शिविर में विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहकर आमजनों को शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रदान करेंगे। शिविर के माध्यम से पात्र हितग्राहियों का पंजीयन, दस्तावेजों का सत्यापन तथा योजनाओं से संबंधित आवश्यक मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जाएगा।

शिविर में आधार कार्ड, जनधन बैंक खाता, प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना, स्वनिधि मुद्रा लोन, आयुष्मान कार्ड, आयुष्मान वंदना, सिकल सेल बीमारी जांच, जननी सुरक्षा योजना, पीएम सूर्यघर योजना, श्रम पंजीयन, इंदिरा गांधी एवं मुख्यमंत्री पेंशन योजना, जन्म एवं मृत्यु पंजीयन, प्रधानमंत्री आवास योजना, जल जीवन मिशन, पीएम कौशल विकास योजना, जाति एवं निवास प्रमाण पत्र, पीएम किसान सम्मान निधि, किसान क्रेडिट कार्ड, राशन कार्ड, उज्ज्वला योजना, पीएम मातृ वंदना योजना, पीएम सुकन्या समृद्धि योजना तथा मनरेगा अंतर्गत वीबीजी-आरएएम-जी सहित विभिन्न योजनाओं से संबंधित सेवाएं प्रदान की जाएंगी।

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H