कुमार उत्तम/मुजफ्फरपुर। जिले में पुलिस सप्ताह के गौरवशाली आयोजन का शुभारंभ रविवार को एसएसपी कांतेश मिश्रा द्वारा किया गया। इस अवसर पर पुलिस केंद्र में आयोजित विशेष कार्यक्रम में पुलिस और आम जनता के बीच की दूरी कम करने के उद्देश्य से एक भव्य दौड़ का आयोजन किया गया, जिसमें हजारों की संख्या में पुलिसकर्मी, स्कूली बच्चे और ‘पुलिस पाठशाला’ के छात्र शामिल हुए।

​5 किलोमीटर की दौड़

​एसएसपी कांतेश मिश्रा ने स्वयं दौड़ का नेतृत्व करते हुए इसका शुभारंभ किया। यह दौड़ पुलिस केंद्र से शुरू होकर शहर के मरीन ड्राइव पर नवनिर्मित ट्रैफिक थाना भवन तक पहुंची। इस 5 किलोमीटर लंबी दौड़ में ग्रामीण एसपी राजेश सिंह प्रभाकर, सिटी एसपी मोहिबुल्लाह अंसारी और टाउन एएसपी डॉ. राजेश कुमार सहित तमाम वरीय पदाधिकारी कदम से कदम मिलाकर दौड़ते नजर आए। रास्ते में प्रतिभागियों के लिए पेयजल की पुख्ता व्यवस्था की गई थी।

​प्रतिभागियों का सम्मान और जलपान

​दौड़ संपन्न होने के बाद सभी प्रतिभागी वापस पुलिस केंद्र लौटे, जहां उनके लिए ऊर्जावर्धक जलपान (शरबत, चना-गुड़ और पानी) का प्रबंध किया गया था। एसएसपी ने खेल भावना को प्रोत्साहित करते हुए दौड़ में शामिल युवाओं और बच्चों को मोमेंटो देकर सम्मानित किया।

​रक्तदान शिविर: समाज सेवा की अनूठी पहल

​पुलिस सप्ताह के अवसर पर पुलिस केंद्र में एक विशाल रक्तदान शिविर का भी आयोजन किया गया। इस दौरान एसएसपी ने एक महत्वपूर्ण घोषणा करते हुए कहा कि यदि कोई बाहरी व्यक्ति इस शिविर में रक्तदान करता है, तो अगले 6 माह के भीतर उसके परिवार को रक्त की आवश्यकता पड़ने पर जिला पुलिस प्राथमिकता के आधार पर रक्त मुहैया कराएगी।