नालंदा। जिले के मानपुर थाना क्षेत्र स्थित डमर बीघा गांव में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहां 16 वर्षीय इंटर के छात्र सौरभ कुमार की गोली मारकर हत्या कर दी गई। मृतक पावा गांव निवासी रामानुज शर्मा का इकलौता पुत्र था। इस घटना के बाद से क्षेत्र में तनाव व्याप्त है, जिसे देखते हुए भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।
फोन कॉल के बाद घर से निकला था सौरभ
परिजनों के अनुसार, मंगलवार रात करीब 8:00 बजे सौरभ के पास एक फोन आया था। वह घर पर यह कहकर निकला कि थोड़ी देर में लौट आएगा, लेकिन कुछ ही समय बाद उसकी मौत की खबर मिली। सौरभ ने इसी वर्ष इंटर की परीक्षा दी थी और वह अपने परिवार का इकलौता चिराग था।
चाचा ने जताई गहरी साजिश की आशंका
सौरभ के चाचा मनोज कुमार ने हत्या को सोची-समझी साजिश बताया है। उन्होंने आरोप लगाया कि गांव का ही मिथिलेश उसे अपनी गाड़ी में ले गया था। बाद में मिथिलेश ने ही घटना की सूचना दी और लूटपाट की कहानी सुनाई। परिजनों का सवाल है कि यदि बदमाशों ने मोबाइल और गाड़ी छीन ली थी, तो मिथिलेश सुरक्षित कैसे बचा और उसने सूचना कैसे दी?
पुलिस जांच और संदिग्ध हिरासत में
ग्रामीणों के बीच पैसों के लेनदेन और शराब कारोबार से जुड़े विवाद की चर्चाएं भी गर्म हैं। हालांकि, पुलिस अभी किसी नतीजे पर नहीं पहुंची है। एसपी भारत सोनी ने स्वयं अस्पताल पहुंचकर परिजनों को निष्पक्ष जांच का भरोसा दिलाया है। मानपुर थानाध्यक्ष ने बताया कि एक संदिग्ध को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है और पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है।
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें


