अमित पांडेय, सीधी। मध्य प्रदेश के सीधी में महिला प्रधान आरक्षक की हत्या करने वाला कातिल पति 1 साल बाद दबोचा गया। पुलिस ने आरोपी को पकड़ने के लिए मैकेनिक का हुलिया अपनाया और 1300 किलोमीटर दूर से गिरफ्तार किया। इस सफलता के बाद एसपी ने गठित टीम को पुरस्कार करने की घोषणा की है।
पूरी घटना बीते साल 15 सितंबर 2025 की है जहां सीधी पुलिस लाइन के शासकीय आवास में महिला प्रधान आरक्षक मृत अवस्था में मिली थी। बेटी की रिपोर्ट पर कोतवाली पुलिस ने बीएनएस के तहत हत्या का मामला दर्ज किया था। पुलिस जांच में सामने आया कि पत्नी और उसके पति के बीच लंबे समय से पारिवारिक विवाद चल रहा था। वारदात के बाद आरोपी फरार हो गया और लगातार ठिकाने बदलता रहा, जहां तकनीकी सबूतों और मुखबिर की मदद से पुलिस को जानकारी हुई कि आरोपी 1300 किलोमीटर दूर महाराष्ट्र में ड्राइवर की नौकरी कर रहा है।
उसकी रोजाना की गतिविधियों पर नजर रखी तो पता चला कि वह वाहन में हवा भराने और पंचर के काम के लिए एक दुकान पर आता है। फिर पुलिस ने अपना हुलिया बदला और दुकान के कर्मचारी बनकर जाल बिछा दिया। रोज की तरह आरोपी हवा भराने पहुंचा और पुलिस ने मौका मिलते ही उसे दबोच कर सीधी लाया जहां आज पुलिस अधीक्षक ने पूरे मामले का खुलासा किया और आरोपी को पकड़ने करने वाली टीम को 10 हजार रुपये का नकद पुरस्कार दिया।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m



