Punjab News : फिरोजपुर. फिरोजपुर के गांव मीरा शाह नूर में पारिवारिक कलह के चलते एक युवक द्वारा जहर पीकर आत्महत्या करने का दुखद मामला सामने आया है. मृतक की पहचान गगनदीप सिंह के रूप में हुई है. इस घटना के बाद पुलिस ने मृतक की पत्नी, जो विजिलेंस विभाग में बतौर महिला कॉन्स्टेबल तैनात है, उसके ससुर और एक अन्य अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है.

जानकारी के अनुसार, गगनदीप सिंह और उसकी पत्नी के बीच अक्सर झगड़ा रहता था. मृतक के परिजनों का आरोप है कि ससुराल पक्ष की ओर से गगनदीप पर लगातार दबाव बनाया जा रहा था और उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था. इसी परेशानी के चलते गगनदीप ने जहरीली चीज निगल ली.

जहर पीने की सूचना मिलते ही परिजनों ने गगनदीप को तुरंत फिरोजपुर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया. हालत बिगड़ने पर उसे बेहतर इलाज के लिए लुधियाना के डी.एम.सी. (DMC) अस्पताल रेफर कर दिया गया, जहाँ इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई. मौत के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए फिरोजपुर के सिविल अस्पताल लाया गया है.

मृतक के परिवार ने आरोप लगाया है कि उनकी बहू (महिला कॉन्स्टेबल) अक्सर अपने पिता और बाहरी लोगों को साथ लाकर गगनदीप की पिटाई करती थी. परिजनों के अनुसार, उसे लगातार जान से मारने की धमकियां दी जा रही थीं, जिससे दुखी होकर उसने यह कदम उठाया. पीड़ित परिवार ने अब पुलिस प्रशासन से आरोपी पत्नी और उसके परिवार के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है.

डीएसपी सुखविंदर सिंह ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि मृतक के वारिसों के बयानों के आधार पर पत्नी, ससुर और एक अन्य व्यक्ति के खिलाफ आत्महत्या के लिए मजबूर करने की धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है. पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है और पोस्टमार्टम के बाद शव वारिसों को सौंप दिया जाएगा.

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H