कवर्धा। जिले के पंडरिया स्थित सामुदायिक भवन में होली मिलन समारोह का आयोजन उत्साह और उमंग के साथ किया गया। कार्यक्रम में पंडरिया विधायक भावना बोहरा विशेष रूप से शामिल हुईं। इस दौरान बड़ी संख्या में महिलाएं समारोह में पहुंचीं और फाग गीतों पर झूमते हुए रंगों के इस पर्व का आनंद लिया।

समारोह में उपस्थित महिलाओं ने विधायक का गर्मजोशी से स्वागत किया। रंग-गुलाल के बीच सभी ने एक-दूसरे को होली की शुभकामनाएं दीं और आपसी भाईचारे का संदेश दिया। माहौल में पारंपरिक फाग गीतों की गूंज और रंगों की खुशबू ने आयोजन को और भी खास बना दिया।

इस अवसर पर विधायक भावना बोहरा ने विधानसभा क्षेत्र सहित प्रदेशवासियों को होली की बधाई दी। उन्होंने कहा कि होली केवल रंगों का त्योहार नहीं, बल्कि आपसी मतभेद भुलाकर प्रेम, सद्भाव और एकता के रंग में रंगने का पर्व है। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार आज पंडरिया में रंगों की बौछार हो रही है, उसी तरह क्षेत्र में विकास कार्यों की बौछार भी निरंतर जारी है।

विधायक ने बताया कि विष्णु देव साय की सरकार में पंडरिया विधानसभा क्षेत्र में कई विकास कार्य तेजी से संचालित हो रहे हैं। नालंदा परिसर के निर्माण, सड़कों के विस्तार, बिजली और पानी जैसी मूलभूत सुविधाओं के विकास पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। इन प्रयासों से क्षेत्र निरंतर प्रगति की ओर अग्रसर है।

होली मिलन समारोह में महिलाओं की सक्रिय भागीदारी और उत्साह ने यह संदेश दिया कि त्योहार समाज को जोड़ने और सकारात्मक ऊर्जा फैलाने का माध्यम हैं। रंगों और उमंग से भरे इस आयोजन ने पंडरिया में होली के जश्न को खास बना दिया।

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H