मनोज यादव, कोरबा। जिले के दर्री थाना क्षेत्र में हसदेव नदी में नहाने गए चार दोस्तों में से एक युवक तेज बहाव में बह गया। उसे बचाने के लिए उसके साथी भी नदी में कूद पड़े, लेकिन वे किसी तरह अपनी जान बचाकर बाहर निकल आए। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है।

मिली जानकारी के अनुसार बहने वाले युवक का नाम 22 वर्षीय नौशाद खान है, जो दर्री इलाके के जय भगवान गली का निवासी था और एक निजी कंपनी में काम करता था। बताया जा रहा है कि नौशाद खान को तैरना नहीं आता था। आज वह अपने तीन दोस्तों के साथ हसदेव नदी में नहाने गया था, इसी दौरान तेज बहाव में वह अचानक बह गया।

घटना की सूचना मिलते ही दर्री थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मौजूद युवकों से पूरे घटनाक्रम की जानकारी लेते हुए पूछताछ शुरू की। वहीं युवक की तलाश के लिए जिला प्रशासन ने राज्य आपदा मोचन बल (SDRF) टीम को भी मौके पर बुलाया है। रेस्क्यू टीम बोट और मोटर की मदद से नदी में युवक की तलाश कर रही है।

दर्री थाना प्रभारी आशीष सिंह ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची है और साथियों से पूछताछ की जा रही है। साथ ही नदी में बह गए युवक की तलाश लगातार जारी है।
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H

