10 records set by champion Team India: इस वक्त सबसे ज्यादा टीम इंडिया की चर्चा है. भारत ने टी20 विश्व कप 2026 का खिताब जीतकर हर एक फैन का दिल जीत लिया है. अहमदाबाद के मैदान पर 8 मार्च 2026 की रात आई जीत सिर्फ एक खिताब जीतने की कहानी नहीं थी, बल्कि टी20 क्रिकेट में टीम इंडिया के नए शहंशाह बनने की गूंज भी थी. एक लाख लोगों से खचाखच भरे नरेंद्र मोदी स्टेडियम में जब भारत ने न्यूजीलैंड को 96 रनों से रौंदा तो सालों का इतिहास बदल गया. टीम इंडिया ने तीसरी बार खिताब जीता और लगातार दो विश्व कप जीतकर इतिहास रच डाला. 2007 से लेकर 2025 तक घर में ट्रॉफी जीतने का एक सपना था, जिसे सूर्या ब्रिगेड ने सच कर दिखाया.
टीम इंडिया ने फाइनल में 255 रन ठोके, फिर न्यूजीलैंड को 159 रनों पर समेटा और 96 रनों से खिताबी जंग में बाजी मारी. यह जीत इसलिए भी खास है, क्योंकि टीम इंडिया ने सिर्फ ट्रॉफी नहीं जीती बल्कि क्रिकेट की हर उस सीमा को लांघ दिया जो अब तक अटूट मानी जाती थी. हम यहां वो 10 रिकॉर्ड लेकर आए हैं, जो टीम इंडिया ने टी20 विश्व कप 2026 में अपने नाम किए. इनमें से अधिकतर कारनामे तो फाइनल में ही हुए हैं.

टी20 विश्व कप 2026 में टीम इंडिया ने बनाए 10 खास रिकॉर्ड
1 – टीम इंडिया बैक टू बैक 2 टी20 विश्व कप जीतने वाली पहली टीम बनी. आखिरी दफा भारत ने 2024 में रोहित की कप्तानी में यह ट्रॉफी अपने नाम की थी. टीम इंडिया के नाम (2007, 2024 और 2026) को मिलाकर अब कुल तीन टी20 विश्व कप खिताब हो चुके हैं.
2 – टीम इंडिया अपने घर में टी20 विश्व कप की ट्रॉफी जीतने में सफल रही. पिछले 19 साल में ऐसा कोई भी टीम नहीं कर पाई थी. मेजबान देश कभी खिताब नहीं जीत पाए थे. टीम इंडिया ने इससे पहले साउथ अफ्रीका और वेस्टइंडीज की सरज़मीं पर विश्व कप जीता था.
3 – टीम इंडिया ने अहमदाबाद में खेले गए फाइनल में 255 रन ठोके. यह टी-20 वर्ल्ड कप फाइनल में सबसे बड़े टोटल का रिकॉर्ड है. दूसरे नंबर पर भी टीम इंडिया है, जिसने साल 2024 के फाइनल में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 176 रन बनाए थे.
4 – टीम इंडिया ऐसी पहली टीम बनी है, जिसने टी20 विश्व कप के एक एडिशन में 100 से ज्यादा छक्के मारे हैं. इस बार भारत के बल्लेबाजों ने मिलाकर कुल 106 छक्के ठोक दिए. दूसरे नंबर पर वेस्टइंडीज है, जिसने इस बार कुल 76 छक्के लगाए.
5 – भारत पहला ऐसा देश बना है, जिसने टी-20 वर्ल्ड कप में सबसे ज्यादा बार 200+ का स्कोर बनाया. टीम इंडिया 7 बार ये कमाल कर चुकी है. नंबर 2 पर मौजूद साउथ अफ्रीका ने 6 बार 200 प्लस स्कोर बनाए हैं.
6 – टीम इंडिया अब टी20 विश्व कप के नॉकआउट मैचों यानी (सेमीफाइनल + फाइनल) मुकाबलों में सबसे तेज 100 रन बनाने वाली टीम बन चुकी है. फाइनल में टीम इंडिया ने सिर्फ 7.2 ओवर में 100 रन पूरे कर लिए. इस लिस्ट में दूसरा नाम न्यूजीलैंड का है, जिसने 2026 में साउथ अफ्रीका के खिलाफ 7.5 ओवर में 100 रन बनाए थे.
7 – टीम इंडिया ने फाइनल में कीवी टीम को 96 रनों से मात दी. यह टी20 विश्व कप के इतिहास में टीम इंडिया की सबसे बड़ी जीत है. इससे पहले इसी एडिशन में भारत ने नामीबिया को 93 रनों से मात दी थी.
8 – टीम इंडिया टी20 विश्व कप के फाइनल में सबसे ज्यादा छक्के मारने वाली टीम बन चुकी है. भारत ने 8 मार्च की रात कीवियों के खिलाफ कुल 18 छक्के जड़े. खास बात ये है कि फाइनल में भारत ने कुल 37 बाउंड्री मारीं, जो टी-20 वर्ल्ड कप इतिहास में किसी टीम की एक पारी में सबसे ज्यादा बाउंड्री लगाने का नया वर्ल्ड रिकॉर्ड है.
9 – टी20 विश्व कप 2026 के दौरान बुमराह ने कुल 40 विकेट लिए हैं. इसके साथ ही वो इस टूर्नामेंट के इतिहास में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले तेज गेंदबाज बन गए हैं. उनके बाद श्रीलंका के लसिथ मलिंगा का नाम है, जिन्होंने 38 शिकार किए थे.
10 – टीम इंडिया के लिए संजू सैमसन ने 321 रन बनाकर विराट कोहली का महारिकॉर्ड तोड़ा. संजू अब टी-20 वर्ल्ड कप के एक एडिशन में टीम इंडिया के लिए सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बैटर बन चुके हैं. कोहली ने 2014 में 319 रन बनाए थे.
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H

