Bihar MLC Elections: बिहार विधान परिषद चुनाव को लेकर बिहार एनडीए ने प्रचार अभियान तेज कर दिया है। जदयू नेता संजय झा और बिहार सरकार में स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार समेत घटक दल के कई नेता आज मंगलवार से एनडीए उम्मीदवार के लिए मैदान में उतर गए हैं। निशांत कुमार पटना स्नातक सीट से नीरज कुमार और पटना शिक्षक सीट से भाजपा उम्मीदवार नवल किशोर यादव के पक्ष में चुनाव प्रचार कर लोगों से उनके पक्ष में वोट करने और उन्हें जिताने की अपील करेंगे।
निशांत ने सभी 8 सीटों पर किया जीत का दावा
निशांत कुमार ने मीडिया से बातचीत में कहा कि, मैं नवादा और बिहारशरीफ जा रहा हूं। नीरज कुमार और नवल किशोर के पक्ष में जनता से वोट देने की अपील करेंगे कि आप उन्हें अपना बहुमूल्य वोट दें और उन्हें भारी मतों से विजयी बनाएं। इस दौरान निशांत ने सभी 8 सीटों पर एनडीए की जीत का दावा किया। उन्होंने कहा कि, एनडीए मिलकर चुनाव लड़ रहा है और गठबंधन को सभी सीटों पर जीत मिलने की उम्मीद है।
4-4 सीटों पर लड़ रही है जदयू भाजपा
बता दें कि बिहार की 8 एमएलसी सीटों पर होने वाले चुनाव में से जदयू और बीजेपी साथ में 4-4 सीटों पर चुनाव लड़ रही हैं। जदयू ने पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से नीरज कुमार, तिरहुत स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से अभिषेक झा, सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से आनंद पुष्कर और दरभंगा शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से घनश्याम राय को टिकट दिया है। भाजपा ने पटना शिक्षक से नवल किशोर यादव, तिरहुत शिक्षक से नरेंद्र प्रसाद सिंह, दरभंगा स्नातक से सर्वेश कुमार और कोशी स्नातक से डॉ एन. के को अपना उम्मीदवार बनाया है।
23 अक्टूबर को होना है मतदान
बिहार एमएलसी चुनाव के लिए 8 सीटों पर 23 अक्टूबर को सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक मतदान होना है। वोटिंग बैलेट पेपर (मतपत्र) के जरिए कराई जाएगी, जबकि वोटों की गिनती 27 अक्टूबर को होगी। इस चुनाव में कुल 5,32,847 मतदाता 150 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला करेंगे। सुचारू और शांतिपूर्ण मतदान के लिए पूरे राज्य में 933 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। एमएलसी चुनाव में एनडीए, महागठबंधन और जन सुराज के बीच मुख्य रूप से त्रिकोणीय मुकाबला माना जा रहा है।
ये भी पढ़ें- मोतिहारी में भू-माफिया राकेश शर्मा के ठिकाने पर आधी रात को छापेमारी, 27 लाख कैश और हथियार बरामद

