पंचकूला। हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग (एचएसएससी) ने पुलिस विभाग में कॉन्स्टेबल भर्ती के लिए फिजिकल मेजरमेंट टेस्ट (पीएमटी) के कार्यक्रम की घोषणा कर दी है। भर्ती प्रक्रिया 15 अप्रैल से पंचकूला के ताऊ देवीलाल स्टेडियम में शुरू होने जा रही है। चयन प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी और सटीक बनाने के लिए आयोग ने इस बार आधुनिक तकनीक का सहारा लिया है।

चालाकी रोकने के लिए जर्मन तकनीक का उपयोग

आयोग ने शारीरिक माप के लिए विशेष रूप से करीब 25 जर्मन मशीनें मंगवाई हैं। इन मशीनों में एडवांस सेंसर लगे हुए हैं, जो अभ्यर्थियों की लंबाई और छाती का सटीक माप लेंगे। यदि कोई अभ्यर्थी हाइट नपवाते समय एड़ी उठाने की कोशिश करेगा, तो मशीन का सेंसर उसे पकड़ लेगा और स्क्रीन पर शून्य दिखाई देगा। आयोग के इस कदम से भर्ती में किसी भी प्रकार की चालाकी या मानवीय चूक की गुंजाइश खत्म हो जाएगी।

85 दिन में पूरी होगी प्रारंभिक प्रक्रिया

भर्ती के नियमों के अनुसार, जो अभ्यर्थी फिजिकल मेजरमेंट टेस्ट में सफल होंगे, उन्हें अगले चरण यानी फिजिकल स्क्रीनिंग टेस्ट (पीएसटी) के लिए बुलाया जाएगा। इसके बाद सफल उम्मीदवारों को लिखित परीक्षा में बैठने का अवसर मिलेगा। आयोग का लक्ष्य है कि लिखित परीक्षा से पहले की यह पूरी प्रक्रिया 85 दिनों के भीतर पूरी कर ली जाए। इस समयसीमा के अनुसार, जुलाई के बाद लिखित परीक्षा का आयोजन किया जा सकता है।

प्रशासन ने पूरी की तैयारियां

पंचकूला के ताऊ देवीलाल स्टेडियम में शुरू हो रही इस प्रक्रिया के लिए आयोग ने विभिन्न कंपनियों के साथ करार किया है। शुरुआत के एक सप्ताह तक प्रतिदिन निर्धारित संख्या में युवाओं को बुलाया जाएगा। आयोग ने स्पष्ट किया है कि पूरी प्रक्रिया सीसीटीवी कैमरों और आधुनिक मशीनों की निगरानी में होगी ताकि योग्य उम्मीदवारों का ही चयन सुनिश्चित किया जा सके।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m