हेमंत शर्मा, इंदौर। मध्य प्रदेश के इंदौर सेंट्रल जेल से आज 6 बंदियों को रिहा किया गया है। ये सभी बंदी हत्या के अलग-अलग मामलों में आजीवन कारावास की सजा काट रहे थे, जिन्हें अच्छे आचरण के आधार पर शासन से सजा में छूट मिली है।

दरअसल संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती के अवसर पर इंदौर सेंट्रल जेल से 6 आजीवन कारावास की सजा काट रहे बंदियों को रिहा किया गया। इन बंदियों ने 20 साल की सजा में से 14 साल की अवधि पूरी कर ली थी, जिसके बाद शासन द्वारा 6 साल की सजा माफ की गई। रिहा होने वाले बंदियों में भारत पिता जगन्नाथ, राधेश्याम पिता श्रीपत, इमरान पिता आशिक, फूलचंद पिता मांगीलाल भील, सुंदरलाल पिता राम सिंह और नरसिंह पिता किशन शामिल हैं। 

इस दौरान जेल अधीक्षक डॉ. अलका सोनकर ने सभी रिहा बंदियों को श्रीफल, हार और पारिश्रमिक राशि देकर सम्मानपूर्वक विदाई दी और उन्हें समाज की मुख्यधारा में जुड़कर नया जीवन शुरू करने की सलाह दी। गौरतलब है कि पहले केवल 15 अगस्त और 26 जनवरी के अवसर पर ही बंदियों की रिहाई होती थी, लेकिन अब मध्य प्रदेश सरकार ने साल में पांच बार रिहाई की व्यवस्था लागू की है। इसके तहत अब 15 अगस्त, 26 जनवरी के साथ गांधी जयंती, अंबेडकर जयंती और आदिवासी जनजाति दिवस पर भी बंदियों को रिहा किया जाएगा।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m