Women Empowerment Act: केंद्र सरकार ने नारी शक्ति वंदन अधिनियम में संशोधन पारित करने के लिए आज 16 अप्रैल गुरुवार को संसद का विशेष सत्र बुलाया। इस दौरान संसद के सदस्यों ने महिला आरक्षण बिल और परिसीमन पर अपनी बातों को रखा। विशेष सत्र को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने भी अपनी बातों को सदन में रखा, जिसपर केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान की प्रतिक्रिया सामने आई है।

देश की आधी आबादी के साथ अन्याय

चिरगा पासवान ने कहा कि, प्रधानमंत्री ने बहुत स्पष्टता से सारी बातें कही… हम किसी लाभ, नुकसान के लिए बात नहीं कर रहे हैं। जो चीज़ दशकों पहले हो जानी चाहिए थी, उसका आज तक नहीं होना दर्शाता है कि नीयत में कोई कमी है। उन्होंने कहा कि, विपक्ष ने हर बार किसी न किसी विषय को बहाना बनाकर महिला आरक्षण को रोकने का काम किया। यह देश की आधी आबादी के साथ अन्याय है।

चिराग ने कहा कि, मैं भी सबसे आग्रह करता हूं कि सबको एकजुट होकर बड़े लक्ष्य की ओर अग्रसर होना चाहिए। यहां हम जाति, धर्म की राजनीति करने नहीं आए हैं। हमें सभी के हितों का ध्यान रखने की जरूरत है।

पीएम मोदी ने क्या कहा?

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लोकसभा में आज महिला आरक्षण और परिसीमन पर कहा कि, हम सब जानते हैं कि हर एक ने कैसे चालाकी की है कि, हम इसके पक्ष में हैं, हम इसके साथ हैं लेकिन… यह कहकर हर बार कोई न कोई तकनीकी पक्ष ले आए और इसे रोका गया। हर बार ऐसी चीजें लाई गई है। आपको कहना नहीं है कि आप इसका विरोध कर रहे हैं, इसलिए तकनीकी बहानेबाजी कर रहे हैं। भांति-भांति की बहानेबाजी करके इसे 3 दशक तक रोका गया।

‘महिलाओं ने उसे कभी माफ नहीं किया’

पीएम मोदी ने कहा कि, हमारे देश में जब से महिला आरक्षण को लेकर चर्चा हुई और उसके बाद जब-जब चुनाव आया है, महिलाओं को मिलने वाले इस अधिकार का जिस-जिसने विरोध किया है, महिलाओं ने उसे माफ नहीं किया है। 2024 के चुनाव में ऐसा नहीं हुआ, ऐसा इसलिए नहीं हुआ क्योंकि तब सबने सर्वसम्मति से इसे पारित किया तो यह विषय ही नहीं रहा।

हमें क्रेडिट नहीं चाहिए- पीएम मोदी

प्रधानमंत्री ने आगे कहा कि, अगर आप इसका विरोध करेंगे तो स्वाभाविक है कि इसका मुझे राजनीतिक लाभ होगा लेकिन साथ चलेंगे तो किसी को भी नहीं होगा। इसलिए हमें क्रेडिट नहीं चाहिए। जैसे ही यह पारित हो जाए मैं विज्ञापन देकर सबका धन्यवाद करने के लिए तैयार हूं। क्रेडिट आप ले लीजिए।

ये भी पढ़ें- बिहार में जल्द खत्म होगी शराबबंदी! सम्राट चौधरी के CM बनते ही सत्ता पक्ष के विधायक ने उठाई मांग