MI vs PBKS IPL 2026 : आईपीएल 2026 में पंजाब किंग्स (Punjab Kings) का शानदार प्रदर्शन जारी है। वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए मुंबई इंडियंस (Mumbai Indians) को 7 विकेट से हरा दिया। इस जीत के साथ पंजाब ने लगातार चौथी सफलता हासिल कर अंक तालिका में शीर्ष स्थान पर कब्जा जमा लिया, जबकि मुंबई को एक बार फिर अपनी गेंदबाजी की कमजोरियों का खामियाजा भुगतना पड़ा।

मुंबई की पारी

पंजाब किंग्स ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला लिया। मुंबई इंडियंस ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 5 विकेट पर 195 रन बनाए। टीम की शुरुआत खराब रही। ओपनर रयान रिकेल्टन सिर्फ 2 रन बनाकर अर्शदीप सिंह का शिकार बने। इसके बाद सूर्यकुमार यादव भी बिना खाता खोले पवेलियन लौट गए, जिससे टीम पर शुरुआती दबाव बन गया। लेकिन शुरुआती झटकों के बाद क्विंटन डी कॉक और नमन धीर ने पारी को संभाला।

दोनों बल्लेबाजों के बीच शानदार साझेदारी हुई, जिसने टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया। डी कॉक ने आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए 60 गेंदों में 112 रन की नाबाद पारी खेली, जिसमें 8 चौके और 7 छक्के शामिल रहे। वहीं नमन धीर ने 31 गेंदों में 50 रन बनाकर उनका अच्छा साथ दिया। इसके अलावा कप्तान हार्दिक पांड्या ने 14 रन का योगदान दिया। शेरफेन रदरफोर्ड 1 रन बनाकर आउट हो गए। तिलक वर्मा ने आखिरी ओवरों में 3 गेंदों में 8 रन बनाए, जबकि मयंक रावत नाबाद लौटे। इस तरह से मुंबई इंडियंस ने पंजाब किंग्स एक सामने 195 रन का स्कोर खड़ा किया है।

वहीं पंजाब किंग्स की ओर से अर्शदीप सिंह सबसे सफल गेंदबाज रहे। उन्होंने 4 ओवर में 22 रन देकर 3 विकेट लिए, जबकि मार्को यानसन और शशांक सिंह को 1-1 सफलता मिली।

पंजाब की तूफानी बल्लेबाजी (MI vs PBKS IPL 2026 )

मुंबई इंडियंस के दिए गए 196 रन के लक्ष्य को पंजाब ने बेहद आक्रामक अंदाज में सिर्फ 16.3 ओवर में 3 विकेट खोकर हासिल कर लिया। टीम की जीत में प्रभसिमरन सिंह और कप्तान श्रेयस अय्यर की शानदार पारियों ने अहम भूमिका निभाई। प्रभसिमरन सिंह ने 39 गेंदों में नाबाद 80 रन बनाए, जिसमें 11 चौके और 2 छक्के शामिल रहे। वहीं कप्तान श्रेयस अय्यर ने 35 गेंदों में 66 रन की तेजतर्रार पारी खेली। दोनों बल्लेबाजों के बीच बेहतरीन साझेदारी ने टीम को आसान जीत दिलाई।

मुंबई की ओर से एएम गजनफर ने 2 विकेट लिए। वहीं शार्दुल ठाकुर ने एक विकेट ही हासिल कर पाए।

पॉइंट्स टेबल में पंजाब नंबर-1

इस जीत के साथ पंजाब किंग्स के 9 अंक हो गए हैं और टीम अंक तालिका में शीर्ष पर पहुंच गई है।

दोनों टीमों की प्लेइंग-11 (MI vs PBKS IPL 2026)

मुंबई इंडियंस: रायन रिकेल्टन (विकेटकीपर), क्विंटन डी कॉक, सूर्यकुमार यादव, तिलक वर्मा, हार्दिक पंड्या (कप्तान), शेरफेन रदरफोर्ड, नमन धीर, मयंक रावत, शार्दूल ठाकुर, दीपक चाहर और जसप्रीत बुमराह।
इम्पैक्ट प्लेयर: ट्रेंट बोल्ट, मयंक मार्कंडे।

पंजाब किंग्स: प्रभसिमरन सिंह (विकेटकीपर), प्रियांश आर्या, श्रेयस अय्यर (कप्तान), कूपर कोनोली, शशांक सिंह, मार्कस स्टोइनिस, मार्को यानसन, जेवियर बार्टलेट, विजयकुमार वैशाख, अर्शदीप सिंह और युजवेंद्र चहल।
इम्पैक्ट प्लेयर: नेहल वाधेरा, विष्णु विनोद, हरप्रीत बरार, सूर्यांश शेडगे और यश ठाकुर।