Rajasthan News: महिला आरक्षण बिल 2026 को लेकर अब आर-पार की जंग शुरू हो गई है। पीसीसी चीफ गोविंद सिंह डोटासरा ने केंद्र की मोदी सरकार पर सीधा हमला बोलते हुए इसे सत्ता हथियाने का एक बड़ा षड्यंत्र करार दिया है। डोटासरा का आरोप है कि सरकार परिसीमन के बहाने विपक्ष को खत्म करना चाहती है।

3 साल की देरी और आधी रात वाला रहस्य

जयपुर स्थित कांग्रेस मुख्यालय में मीडिया से रूबरू होते हुए डोटासरा ने तीखे सवाल दागे। उन्होंने कहा कि जो बिल सितंबर 2023 में ही पास हो गया था, उसे लागू करने में 3 साल क्यों लग गए? दरअसल, डोटासरा ने चौंकाने वाला दावा किया कि 15 अप्रैल 2026 की रात 11 बजे बजट नोटिफिकेशन जारी करना यह बताता है कि सरकार के पास कोई ठोस योजना नहीं थी। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि किसी विशेषज्ञ की सलाह के बाद आनन-फानन में यह कदम उठाया गया क्योंकि तकनीकी रूप से पुराना बिल अस्तित्व में ही नहीं था।

परिसीमन के बहाने कुर्सी बचाने का प्लान?

डोटासरा ने मोदी सरकार की मंशा पर सवाल उठाते हुए कहा कि असल खेल लोकसभा सीटों को 543 से बढ़ाकर 850 करने का है। डोटासरा के अनुसार, असम और जम्मू-कश्मीर की तर्ज पर पूरे देश में अपनी सुविधा के हिसाब से सीटें बांटने की तैयारी है। उन्होंने आरोप लगाया कि बीजेपी का फोकस यूपी और बिहार जैसे बड़े राज्यों में सीटें बढ़ाकर दक्षिण भारत के राज्यों का हक मारने पर है। कांग्रेस नेता ने साफ कहा कि विपक्ष ने समय रहते इस ‘षड्यंत्र’ को बेनकाब कर दिया, वरना सरकार मनमर्जी से परिसीमन अध्यक्ष चुनकर चुनाव जीतने का फुलप्रूफ प्लान बना चुकी थी।

ओबीसी जनगणना से क्यों भाग रही सरकार?

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने भाजपा के महिला विरोधी वाले आरोपों पर भी जमकर पलटवार किया। उन्होंने याद दिलाया कि पंचायतों और निकायों में 33% आरक्षण कांग्रेस की ही देन है। उन्होंने सवाल उठाया कि केंद्र सरकार नई जनगणना कराने से क्यों डर रही है? डोटासरा ने कहा, दरअसल, जनगणना होते ही इन्हें ओबीसी वर्ग को उनका हक देना पड़ेगा, जिससे बचने के लिए ये लोग भाग रहे हैं।

मुख्यमंत्री की पर्ची और दिया कुमारी पर तंज

राजस्थान के मुख्यमंत्री की हालिया प्रेस कॉन्फ्रेंस पर चुटकी लेते हुए डोटासरा ने कहा कि सीएम साहब ने सिर्फ दिल्ली से आई पर्ची पढ़ी है। उन्होंने यह भी मुद्दा उठाया कि प्रेस कॉन्फ्रेंस में उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी को बोलने का मौका तक नहीं दिया गया। डोटासरा ने सवाल किया कि क्या यही भाजपा का महिला प्रेम है?

पढ़ें ये खबरें