करनाल। राष्ट्रीय राजमार्ग-44 पर तरावड़ी और शामगढ़ के बीच फ्लाईओवर पर अचानक हुए ब्रेक के कारण बड़ा सड़क हादसा हो गया। इस हादसे में दो बसों समेत कुल नौ वाहन आपस में टकरा गए, जिससे अफरा-तफरी मच गई और हाईवे पर लंबा जाम लग गया।
जानकारी के अनुसार, दिल्ली के उत्तम नगर से दो बसों में सवार श्रद्धालु पंजोखरा साहिब गुरुद्वारा जा रहे थे। जब काफिला शामगढ़ गांव के पास फ्लाईओवर पर पहुंचा, तभी आगे चल रही एक बाइक सवार दंपति ने अचानक ब्रेक लगा दिए। इसके बाद पीछे चल रही गाड़ियों में एक के बाद एक टक्कर होती चली गई।
बस ने खोया नियंत्रण फिर टकराई गाड़ियां
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, पहले तीन कारें आपस में टकराईं, फिर उनके पीछे आ रही एक बस ने नियंत्रण खो दिया और आगे खड़ी कार से भिड़ गई। इसके बाद दूसरी बस और अन्य वाहन भी दुर्घटनाग्रस्त हो गए।
हादसे में कुल 13 लोग घायल हुए हैं, जिनमें 3 की हालत गंभीर बताई जा रही है। सभी घायलों को तुरंत तरावड़ी सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि सभी वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए।
घटनास्थल पर मची चीख पुकार
घटना के बाद यात्रियों में चीख-पुकार मच गई और हाईवे पर वाहनों की लंबी कतार लग गई। सूचना मिलते ही तरावड़ी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू किया। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाकर लगभग एक घंटे में यातायात सामान्य कराया।
तरावड़ी थाना प्रभारी राजपाल ने बताया कि सभी वाहनों को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी गई है। प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण अचानक ब्रेक लगना और तेज रफ्तार में चल रहे वाहन बताए जा रहे हैं।

