अजय सैनी, भिवानी। भिवानी जिले के सांवड़ गांव में एक शादी समारोह उस समय भावुक और प्रेरणादायक बन गया, जब हरियाणा पुलिस के भिवानी और दादरी जिलों के 1998 बैच के पुलिसकर्मियों ने अपने साथी कर्मचारी रविंद्र मिंटू शर्मा की बेटी के विवाह में एक अनोखी मिसाल पेश की।

साथी की खुशी को अपनी खुशी मानते हुए पुलिसकर्मियों ने मिलकर 7 लाख 1 हजार 111 रुपये का सामूहिक कन्यादान किया। यह सहयोग न केवल आर्थिक मदद था, बल्कि वर्षों से चले आ रहे उनके आपसी भाईचारे और मजबूत संबंधों का प्रतीक भी बन गया।

हम सहकर्मी नहीं बल्कि एक परिवार हैं
कार्यक्रम में मौजूद पुलिसकर्मियों ने बताया कि वे केवल सहकर्मी नहीं, बल्कि एक परिवार की तरह जुड़े हुए हैं, जो हर सुख-दुख में एक-दूसरे के साथ खड़ा रहता है।इस मौके पर इंस्पेक्टर रमेश कुमार के नेतृत्व की सराहना की गई और साथियों ने उन्हें पगड़ी पहनाकर सम्मानित किया। पगड़ी को हरियाणवी संस्कृति में सम्मान और जिम्मेदारी का प्रतीक माना जाता है।

दिखी पुलिस बल की मानवीय छवि
एएसआई अशोक कुमार ने कहा कि उनका उद्देश्य सिर्फ कानून व्यवस्था बनाए रखना नहीं, बल्कि समाज में एकता और मानवता का संदेश देना भी है।यह आयोजन पुलिस बल की उस मानवीय छवि को सामने लाता है, जिसमें वर्दी सिर्फ अनुशासन नहीं, बल्कि संवेदनशीलता और अपनापन भी दर्शाती है।