कुंदन कुमार, पटना। नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव द्वारा पीएम मोदी के झालमुढ़ी खाने को लेकर कसे गए तंज पर बीजेपी विधायक और पूर्व डिप्टी सीएम विजय कुमार सिन्हा की प्रतिक्रिया सामने आई है। पटना में मीडिया से बात करते हुए विजय सिन्हा ने कहा कि, तेजस्वी यादव नेता प्रतिपक्ष हैं और वो प्रधानमंत्री के ‘सबका साथ सबका विकास’ के भाव को अभी तक नहीं समझ पाए हैं। इसीलिए वो सत्तू और झालमुड़ी के बारे में कुछ से कुछ बोलते हैं।

राहुल को पार्टी के बारे में कुछ पता नहीं- विजय सिन्हा

विजय सिन्हा ने आगे कहा कि, राहुल गांधी पश्चिम बंगाल को लेकर क्या बोल रहे हैं? वो सब सुन रहा है, उन्हें तो अपने पार्टी के बारे में कुछ पता ही नहीं है और सच को वो स्वीकार करने से परहेज करते हैं। लेकिन जनता का जो मूड है, उसको लेकर जो उन्होंने कहा है इससे लगता है कि वो अपने भूल को स्वीकार कर रहे हैं।

ट्रंप के सामने मुंह नहीं खुलता- तेजस्वी

दरअसल तेजस्वी यादव इन दिनों पश्चिम बंगाल दौरे पर हैं, जहां वे टीएमसी के उम्मीदवारों के पक्ष में प्रचार-प्रसार कर रहे हैं। इस बीच राजद ने उनके भाषण का एक वीडियो क्लिप शेयर करते हुए अपनी पोस्ट में लिखा कि, बिहार चुनाव में मोदी जी को सत्तू याद आता है और बंगाल चुनाव में झालमुड़ी। चुनाव के बिना कोई याद नहीं आता है।

पोस्ट में आगे यह भी लिखा गया है कि, ट्रंप के सामने तो मोदी जी का मुंह नहीं खुलता है। साथ ही कहा गया है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उनके अंधभक्तों को तेजस्वी यादव का पश्चिम बंगाल में यह संबोधन विशेष रूप से अवश्य सुनना चाहिए।

टीएमसी के जीत का किया दावा

तेजस्वी यादव ने कल शनिवार को पश्चिम बंगाल की सीएम ममता दीदी के विधानसभा क्षेत्र कोलकाता के भवानीपुर, उत्तर 24 परगना जिला अंतर्गत बारानगर विधानसभा क्षेत्र से सायंतिका बनर्जी तथा जोरासांको विधानसभा से विजय उपाध्याय के पक्ष में चुनावी जनसभाओं को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि, यंत्र-तंत्र-षड्यंत्र के ज़रिए लोकतंत्र को लूटने में प्रयासरत बीजेपी की तिकड़मों को बंगाल की जनता करारा जवाब देगी। तेजस्वी ने कहा कि बंगाल की जनता ने चौथी बार ममता दीदी को अपना अपार समर्थन, स्नेह, सहयोग और आशीर्वाद देने का मन बना लिया है।

ये भी पढ़ें- नीतीश के जाने के बाद जदयू कार्यालय पहुंचे निशांत, भामाशाह की जयंती समारोह में हुए शामिल