कुंदन कुमार/पटना। बिहार में आज कौन-कौन से बड़े कार्यक्रम होंगे। कौन सी पार्टी के बड़े नेता क्या बयान दिए। इन सभी की जानकारी आप तक हम पहुंचा रहे हैं। वहीं, प्रदेश में आज कहां-कहां कार्यक्रम होंगे, ये सभी जानकारी आप तक हम रोज पहुंचाएंगे, तो प्रदेश की सभी गतिविधियों को जानने के लिए पढ़ते रहे लल्लूराम डॉट कॉम।

कांग्रेस कार्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस का आयोजन

कांग्रेस कार्यालय सदाकत आश्रम में आज सोमवार (27 अप्रैल) दोपहर 12 बजे एक महत्वपूर्ण प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की जाएगी। प्रेस-कॉन्फ्रेंस में प्रदेश अध्यक्ष राजेश राम समेत अन्य पदाधिकारी मौजूद रहेंगे, जो संवददाता सम्मेलन को संबोधित करेंगे। इस दौरान वे बिहार की मौजूदा राजनीतिक परिस्थितियां, संगठनात्मक गतिविधियों और राज्य से जुड़े मुद्दों पर मीडिया को जानकारी देंगे। वहीं, बिहार में नई सरकार को लेकर भी अपनी प्रतिक्रिया सामने रख सकते हैं।

राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग की महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक

राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग की एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आज दोपहर 1 बजे आयोजित की जाएगी। विभागीय सचिव यह समीक्षा बैठक करेंगे, जिसमें विभाग से जुड़े विभिन्न योजनाओं, खनन कार्यों की प्रगति, राजस्व वसूली, अवैध खनन पर नियंत्रण तथा लंबित मामलों की स्थिति पर विस्तार से समीक्षा की जाएगी। बैठक में विभागीय अधिकारी, संबंधित जिला पदाधिकारी और अन्य वरीय पदाधिकारी उपस्थित रहेंगे। इस दौरान चल रही परियोजनाओं की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की जाएगी और आवश्यक दिशा-निर्देश जारी भी किए जा सकते हैं।

जदयू कार्यालय में बैठक का आयोजन

जदयू कार्यालय में आज सोमवार (27 अप्रैल) को दोपहर 2 बजे पार्टी की एक अहम बैठक बुलाई गई है। इस बैठक में निशांत कुमार प्रमुख रूप से शामिल होंगे। इसके अलावा बैठक में प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा भी मौजूद रहेंगे। इस दौरान आगामी चुनाव के लिए पार्टी की रणनीति, भविष्य में होने वाले कार्यक्रमों और संगठन के विस्तार को लेकर चर्चा की जाएगी। बैठक में निशांत कुमार के आगामी बिहार यात्रा को लेकर भी चर्चा होने की उम्मीद है।

ये भी पढ़ें- ​सावधान! कहीं आप भी तो नहीं पड़ रहे फर्जी वेबसाइट के चक्कर में? फ्रेंचाइजी के नाम पर 48 लाख साफ