कृष्ण कुमार सैनी,चंडीगढ़। हरियाणा विधानसभा के आज बुलाए गए विशेष सत्र में बड़ा राजनीतिक टकराव देखने को मिला, जहां कांग्रेस ने सदन की कार्यवाही का पूरी तरह बहिष्कार करने का फैसला लिया। कांग्रेस विधायकों की बैठक में सर्वसम्मति से तय किया गया कि पार्टी का कोई भी विधायक सदन की कार्यवाही में शामिल नहीं होगा। इसके साथ ही कांग्रेस ने विधानसभा के बाहर प्रदर्शन करने और ‘समांतर सदन’ चलाने की घोषणा कर सियासी तापमान और बढ़ा दिया है।
नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने हरियाणा कांग्रेस अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह और सभी कांग्रेस विधायकों के साथ विधानसभा की मीडिया गैलरी में प्रेस कॉन्फ्रेंस की। इस दौरान हुड्डा ने साफ कहा कि कांग्रेस आज की कार्यवाही का पूर्ण रूप से बायकॉट कर रही है और सदन में हिस्सा नहीं लेगी।
कांग्रेस ने सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि जिन मुद्दों को विशेष सत्र में लाया जा रहा है, उनका विधानसभा के कामकाज से कोई लेना-देना नहीं है। पार्टी का दावा है कि ये मुद्दे पूरी तरह राजनीतिक हैं और जनता के असली सवालों से ध्यान भटकाने की कोशिश की जा रही है। इसी विरोध के चलते कांग्रेस ने सदन के बाहर अपनी आवाज बुलंद करने और समानांतर मंच के जरिए जनता के मुद्दे उठाने का फैसला किया है।

