प्रवीण भारद्वाज, पानीपत। हरियाणा के पानीपत में मंगलवार को विभिन्न हिंदू संगठनों और गो भक्तों ने गाय को राष्ट्र माता का दर्जा देने और गौ हत्या पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने की मांग को लेकर प्रदर्शन किया।
प्रदर्शनकारी शहर के मुख्य मार्गों से होते हुए जुलूस के रूप में जिला सचिवालय पहुंचे, जहां उन्होंने राज्यपाल के नाम एक ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में मांग की गई कि देश में गाय को राष्ट्र माता का सम्मान दिया जाए, गौ हत्या पर सख्त कानून बनाया जाए और स्लॉटर हाउस बंद किए जाएं।

प्रदर्शन के दौरान गो भक्तों ने सरकार पर नाराजगी जताई। उनका कहना था कि गाय आज सड़कों पर बेसहारा घूम रही है, लेकिन सरकार सिर्फ गौ संरक्षण की बात करती है, जमीनी स्तर पर कोई ठोस कदम नहीं उठाए जा रहे हैं।

