नारनौंद। हिसार जिले के गांव बास बादशाहपुर में सोमवार को बास टोल के पास खेतों में अचानक गेहूं के फानों में आग लग गई, जिससे किसानों को भारी नुकसान हुआ।


जानकारी के अनुसार, आग अज्ञात कारणों से लगी और तेजी से फैलती चली गई। सूचना मिलने पर हांसी फायर ब्रिगेड की गाड़ी मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक लगभग 60 एकड़ फाने जलकर राख हो चुके थे।


किसानों ने मुआवजे की मांग की
आग की चपेट में कई किसानों की फसलें और चारा जल गया, जिसमें जयबीर मोर के 6 एकड़, दिलबाग के 18 एकड़, सुरता के 16 एकड़, गुड्ड के 6 एकड़, सुमित के 6 एकड़ और राजबीर के 8 एकड़ सहित अन्य किसानों का नुकसान शामिल है।घटना की सूचना पर बास थाना प्रभारी बलवान सिंह भी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।


किसानों ने सरकार से नुकसान का उचित मुआवजा देने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि आग से पशुओं के चारे के लिए तैयार किया गया फाना भी जल गया, जिससे उनके सामने गंभीर समस्या खड़ी हो गई है।