लक्ष्य वर्मा,करनाल। हरियाणा कांग्रेस ओबीसी सैल के प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष जीतराम कश्यप ने केंद्र की भाजपा सरकार पर महिला आरक्षण बिल को लेकर झूठा प्रचार करने का आरोप लगाया है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस हमेशा से महिलाओं के सम्मान और अधिकारों की पक्षधर रही है। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि देश को पहली महिला प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के रूप में कांग्रेस ने ही दिया।


सरकार की नीयत पर उठते हैं सवाल
जीतराम कश्यप ने सवाल उठाया कि वर्ष 2023 में संसद में जो महिला आरक्षण बिल पारित हुआ था, उसे अभी तक लागू क्यों नहीं किया गया। उन्होंने कहा कि बिल सर्वसम्मति से पास होने के बावजूद इसे लागू न करना सरकार की नीयत पर सवाल खड़े करता है।


महिलाओं के अधिकारों को लेकर भ्रम फैला रही भाजपा
उन्होंने आगे कहा कि कांग्रेस 543 संसदीय सीटों के आधार पर महिला आरक्षण लागू करने के पक्ष में है। वहीं, उन्होंने भाजपा पर आरोप लगाया कि वह महिलाओं के अधिकारों को लेकर भ्रम फैलाने का काम कर रही है।
कश्यप ने यह भी कहा कि “बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ” का नारा देने वाली सरकार पर महिलाओं के अपमान के आरोप हैं। उन्होंने बताया कि कांग्रेस ने देशभर में महिला पोस्टकार्ड अभियान शुरू किया है, जिसके जरिए महिलाओं की आवाज को संसद तक पहुंचाया जाएगा।