कृष्ण कुमार सैनी, चंडीगढ़। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने एक बार फिर अपने तीखे बयान से राजनीतिक माहौल गर्म कर दिया है। उन्होंने कहा कि जैसे ही पंजाब में “कमल का फूल” खिलेगा, यानी भाजपा की सरकार बनेगी, वैसे ही प्रदेश में सक्रिय सभी नशा तस्कर और माफिया पाकिस्तान की ओर भाग जाएंगे। उनके इस बयान को आगामी चुनावों के संदर्भ में बड़ा राजनीतिक संदेश माना जा रहा है।
नशा तस्करों के खिलाफ भाजपा लाएगी सख्त कानून
सीएम सैनी ने दावा किया कि पंजाब में नशे का कारोबार वर्षों से गंभीर समस्या बनी हुई है और वर्तमान सरकारें इसे रोकने में पूरी तरह विफल रही हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा की सरकार आते ही कानून-व्यवस्था को सख्ती से लागू किया जाएगा और नशा तस्करों के खिलाफ बड़ा अभियान चलाया जाएगा।
कमल का फूल सिर्फ एक चुनाव चिन्ह नहीं, बल्कि बदलाव और सख्त शासन का प्रतीक है
उनके अनुसार, “कमल का फूल सिर्फ एक चुनाव चिन्ह नहीं, बल्कि बदलाव और सख्त शासन का प्रतीक है।”इस बयान के बाद पंजाब की राजनीति में हलचल तेज हो गई है। विपक्षी दलों ने इसे चुनावी जुमला बताते हुए सैनी पर निशाना साधा है, जबकि भाजपा समर्थक इसे नशा मुक्त पंजाब के संकल्प के रूप में प्रचारित कर रहे हैं। अब देखना होगा कि यह बयान चुनावी माहौल में कितना असर डालता है और क्या यह मुद्दा आगामी चुनावों में केंद्र बिंदु बनता है।

