लखनऊ. यूपी के IPS अजय पाल शर्मा का एक वीडियो सोशल मीडिया में जमकर वायरल हो रहा है. वायरल वीडियो में अजय पाल शर्मा सख्त चेतावनी देते हुए सुने और देखे जा रहे हैं. उन पर वोटरों को कथित तौर पर डराने-धमकाने का आरोप लग रहा है. जिसे लेकर अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए गंभीर आरोप लगाए हैं.

इसे भी पढ़ें- भाजपा नहीं चाहती कि…गाजीपुर नाबालिग से रेप और हत्या को लेकर सरकार पर भड़के अखिलेश यादव, गंभीर आरोप लगाते हुए दिया बड़ा बयान

अखिलेश यादव ने एक्स पर पोस्ट कर कहा, बंगाल चुनाव के दौरान ऑब्ज़र्वर बने, उप्र के एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी का जो अभद्र वीडियो सरेआम चल रहा है, उससे उत्तर प्रदेश सरकार के शासन-प्रशासन की छवि बेहद क्षतिग्रस्त हुई है. साथ ही भाजपा सरकार के तथाकथित ‘महिला सम्मान’ और ‘नारी वंदन’ के दावों की पोल भी महिलाओं के सामने पूरी तरह खुल गई है. भाजपा शासन-प्रशासन में ऐसे व्यक्ति व अधिकारी अपवाद नहीं है. नारी को लगता है कि जिनके हाथ में महिला सुरक्षा की बागडोर है अगर वो ‘ऐसे’ हैं, तो हमारी सुरक्षा कैसे होगी. आज भाजपा से जुड़ी हर नारी शर्मिंदा है क्योंकि बहन-बेटियां तो उनके घरों में भी हैं.

इसे भी पढ़ें- पल भर में खुशियां खाकः ट्रक और कार के बीच जोरदार भिड़ंत, 4 बारातियों की मौत, 3 की हालत देख चीख पड़े लोग

आगे अखिलेश यादव ने कहा, देखते हैं इनका निलंबन-बर्ख़ास्तगी कितनी जल्दी होती है. इसका सीधा संबंध मुख्यमंत्री जी की छवि से जुड़ा है. इस अधिकारी के ख़िलाफ़ जैसी कार्रवाई होगी वो तय करेगी कि मुख्यमंत्री जी का इस मामले में ख़ुद का रुख़ कैसा है. वैसे इतना सब कुछ उजागर होने के बाद तो मुख्यमंत्री जी भी मन मारकर ही सही, अनुशासनात्मक-दंडात्मक कार्रवाई करने के लिए बाध्य हो जाएंगे और अपने इस ‘विशेष कृपा प्राप्त’ को बचाने के लिए ये नहीं कहेंगे कि ये वीडियो ‘एआई’ जेनरेटेड है. ज़ीरो टॉलरेंस सिर्फ़ अपराधियों के ख़िलाफ नहीं ऐसे अधिकारियों के ख़िलाफ भी होना चाहिए.