कृष्ण कुमार सैनी, चंडीगढ़। हरियाणा सरकार ने ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं को और बेहतर बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। राज्य में दो नए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC) स्थापित करने की मंजूरी दी गई है।
किन जगहों पर बनेंगे नए पीएचसी?
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार:
० भिवानी जिले के गांव सूई में एक नया पीएचसी बनाया जाएगा
० पलवल जिले के गांव अमरपुर में दूसरा पीएचसी स्थापित किया जाएगा
कितना होगा खर्च?
० सूई (भिवानी) पीएचसी के निर्माण पर लगभग ₹466.35 लाख खर्च होंगे
० अमरपुर (पलवल) पीएचसी पर करीब ₹439.33 लाख की लागत आएगी
सरकार का उद्देश्य क्या है?
स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने कहा कि इन स्वास्थ्य केंद्रों के शुरू होने से ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों को स्थानीय स्तर पर बेहतर इलाज मिल सकेगा। इससे बड़े अस्पतालों पर दबाव कम होगा, मरीजों को समय पर इलाज मिलेगा, स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच गांव-गांव तक मजबूत होगी
स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में कदम
मंत्री ने यह भी कहा कि राज्य सरकार लगातार स्वास्थ्य ढांचे को सुदृढ़ करने और हर नागरिक तक गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सुविधाएं पहुंचाने के लिए काम कर रही है। नए पीएचसी इस दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल हैं।

