धनेश ,रेवाड़ी। अंतर्राष्ट्रीय मजदूर दिवस के अवसर पर 1 मई को सोमाणी कॉलेज में भव्य वार्षिक समारोह एवं कवि सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा। इस संबंध में सैंड पाइपर पर्यटन परिसर में आयोजित प्रेसवार्ता में प्रो. सोनम वर्मा, प्रो. रक्षपाल सिंह राजावत और प्रो. विवेक चौहान ने कार्यक्रम की जानकारी दी।
प्रो. सोनम वर्मा ने बताया कि यह आयोजन दोपहर 3 बजे से रात्रि 8 बजे तक कॉलेज परिसर में होगा। कार्यक्रम में देश और प्रदेश के कई प्रमुख साहित्यकारों और राजनेताओं की उपस्थिति रहेगी।
उन्होंने बताया कि कार्यक्रम में दिल्ली से पूर्व सांसद जयप्रकाश अग्रवाल, करनाल से सांसद संजय भाटिया, सांसद वरुण मुलाना, गुजरात से सांसद पुरुषोत्तम रूपाला तथा पूर्व मंत्री कैलाश शर्मा सहित कई गणमान्य अतिथि शामिल होंगे। इसके अलावा विभिन्न राज्यों के विधायक और पूर्व विधायक भी कार्यक्रम की शोभा बढ़ाएंगे।
कवि सम्मेलन में देश के प्रसिद्ध कवि एवं साहित्यकार भाग लेंगे, जिनमें प्रेमपाल ‘अनपढ़’, आलोक भांडोरिया, प्रो. लाज कौशल, करुणा यादव, डॉ. आरती सिंह और डॉ. जोगेंद्र मोर प्रमुख हैं। ये सभी कवि अपनी प्रस्तुतियों से श्रोताओं का मनोरंजन करेंगे।
प्रो. वर्मा ने बताया कि कार्यक्रम का उद्देश्य मजदूर दिवस के महत्व को रेखांकित करना और कॉलेज के प्रतिभावान विद्यार्थियों को सम्मानित करना है। आयोजन समिति ने रेवाड़ी एवं आसपास के नागरिकों, साहित्य प्रेमियों और मीडिया कर्मियों से कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचने की अपील की है।

