Bilaspur News Update : बिलासपुर. महिलाओं की समस्याओं के त्वरित निराकरण, न्याय तक सुगम पहुँच सुनिश्चित करने तथा महिला सशक्तिकरण को गति देने के उद्देश्य से राष्ट्रीय महिला आयोग द्वारा कल 29 अप्रैल को राष्ट्रीय महिला आयोग के द्वारा महिला जनसुनवाई का आयोजन किया गया है. जनसुनवाई की अध्यक्षता राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष श्रीमती विजया रहाटकर करेंगी. प्रातः 10 बजे शी सर्वज विषय पर कार्यक्रम का आयोजन स्वर्गीय लखीराम ऑडिटोरियम, कंपनी गार्डन के पास किया जाएगा, जिसमें महिलाओं से जुड़े मामलों की निगरानी, शिकायतों के त्वरित निराकरण तथा महिला सुरक्षा एवं सशक्तिकरण योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर चर्चा होगी. इसके पश्चात सुबह 11:30 बजे कलेक्टोरेट स्थित मंथन मीटिंग हॉल में समीक्षा बैठक आयोजित की जाएगी, जिसमें कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के साथ महिला सुरक्षा, शिकायतों के निराकरण, कानून-व्यवस्था एवं महिला कल्याण योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की जाएगी. इसके बाद दोपहर 1 बजे से जल संसाधन विभाग परिसर स्थित प्रार्थना सभा कक्ष में महिला जनसुनवाई आयोजित होगी. दोपहर 3 बजे यशोदा एआई विषय पर कार्यक्रम आयोजित होगा.

सारनाथ एक्सप्रेस परिवर्तित मार्ग से चलेगी आज

बिलासपुर. दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे से होकर चलने वाली दुर्ग-छपरा-दुर्ग सारनाथ एक्सप्रेस कल 29 अप्रैल को परिवर्तित मार्ग से चलेगी. कल दुर्ग से चलने वाली 15160 दुर्ग-छपरा सारनाथ एक्सप्रेस व्हाया मानिकपुर-प्रयागराज छिवकी-जिवनाथपुर-वाराणसी-जौनपुर-औड़िहार मार्ग होकर छपरा जायेगी. इसी तरह 30 अप्रैल को छपरा से चलने वाली 15159 छपरा-दुर्ग सारनाथ एक्सप्रेस व्हाया औड़िहार-जौनपुर-वाराणसी-जिवनाथपुर-प्रयागराज छिवकी-वाराणसी-मानिकपुर मार्ग होकर दुर्ग आयेगी.

नाबालिग से दुष्कर्म का आरोपी रायपुर रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार

बिलासपुर. बिलासपुर पुलिस ने नाबालिग को बहला-फुसलाकर भगा ले जाने और रेप मामले में आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. आरोपी लक्की निषाद को रायपुर रेलवे स्टेशन से मोबाइल लोकेशन के आधार पर दबोचा गया. मामला सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र का है. आरोप है कि वह नाबालिग को अपने साथ बहला-फुसलाकर ले गया और जबरन शारीरिक संबंध बनाए. पुलिस ने नाबालिग को बरामद किया और आरोपी के खिलाफ धारा 137(2), धारा 64(2)(एम) बीएनएस व पॉक्सो एक्ट की धारा 6 के तहत की कार्रवाई. आरोपी को न्यायालय पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है.

नाली में पेशाब करने पर विवाद, 10 लोगों ने किया जानलेवा हमला

बिलासपुर. थाना सरकंडा क्षेत्र में मामूली विवाद ने गंभीर रूप ले लिया, जब नाली में पेशाब करने की बात पर हुए झगड़े में 10 आरोपियों ने मिलकर जानलेवा हमला कर दिया. पुलिस ने मामले में 3 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि 7 अपचारी बालकों को भी पकड़ा गया है. पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, प्रार्थी सनत सारथी निवासी प्रभात चौक चिंगराजपारा ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि 25 अप्रैल की रात करीब 12 बजे वह खाना खाने के बाद टहल रहा था. इसी दौरान वक्किी अहिरवार और उसके साथियों ने नाली में पेशाब करने की बात को लेकर गाली-गलौच शुरू कर दी और जान से मारने की धमकी देते हुए चाकू, डंडे और हाथ-मुक्कों से हमला कर दिया. हमले में प्रार्थी के सिर, हाथ और पैर में चोटें आई. बीच-बचाव करने पहुंचे रेखा सारथी, बेटू वश्विकर्मा, सोनी सिंह ठाकुर और तिलक दास मानिकपुरी को भी आरोपियों ने नहीं छोड़ा. सभी को गंभीर चोटें आई हैं. पुलिस टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले, जिसमें करीब 15 लोग मुंह ढंककर मारपीट करते नजर आए. जांच के बाद 10 आरोपियों की पहचान की गई, जिनमें 3 वयस्क और 7 विधि से संघर्षरत बालक शामिल हैं. गिरफ्तार आरोपियों में शैलेन्द्र रावत उर्फ बांडिया (22 वर्ष), दीपक निषाद उर्फ बुटु (21 वर्ष) और दुर्गेश अहिरवार उर्फ सीनातान (19 वर्ष) शामिल हैं. पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त चाकू और डंडे भी जब्त किए हैं. सभी आरोपियों को अपचारी बालकों सहित न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है. वहीं, मामले में शामिल अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है.

narayana

एलपीजी की कालाबाजारी रोकने टीम गठित

मुंगेली. जिले में घरेलू एलपीजी के दुरुपयोग पर रोक लगाने तथा कालाबाजारी रोकने के लिए जिला प्रशासन ने सख्त कदम उठाए हैं. कलेक्टर कुन्दन कुमार ने आदेश जारी कर राजस्व, खाद्य एवं नापतौल विभाग की संयुक्त टीम का गठन किया गया है, जो जिलेभर में एलपीजी वितरकों की नियमित जांच करेगी. जारी आदेश के अनुसार विकासखंड स्तर पर गठित इस संयुक्त समिति में संबंधित तहसीलदार को अध्यक्ष तथा नापतौल निरीक्षक और खाद्य निरीक्षक को सदस्य बनाया गया है. टीम का मुख्य उद्देश्य एलपीजी सिलेंडरों के स्टॉक, वितरण और उपयोग की पारदर्शी निगरानी सुनिश्चित करना है. कलेक्टर ने निर्देशित किया है कि सभी एलपीजी वितरकों के गोदामों में उपलब्ध रिफिल सिलेंडरों का भौतिक सत्यापन अनिवार्य रूप से किया जाए. साथ ही ऑनलाइन दर्ज स्टॉक और मौके पर उपलब्ध स्टॉक का मिलान किया जाएगा. किसी भी प्रकार की अनियमितता या अंतर पाए जाने पर तत्काल प्रकरण दर्ज कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी. आदेश में यह भी स्पष्ट किया गया है कि उपभोक्ताओं को निर्धारित मात्रा में गैस उपलब्ध हो, इसके लिए सिलेंडरों का रैंडम वजन भी कराया जाएगा.

सीलबंद शराब की बोतल में मिला काकरोच

लोरमी. सीलबंद देशी शराब में ककरोच मिलने का मामला प्रकाश में आया है. यह घटना न सिर्फ शराब की गुणवत्ता पर सवाल खड़े कर रही है, बल्कि जिम्मेदार व्यवस्था की लापरवाही भी उजागर कर रही है. मिली जानकारी के अनुसार एक ग्राहक शादी समारोह के लिए देशी शराब के दो पाव लेकर जा रहा था. तभी जब उसने लाल रंग की सील पैक बोतल को ध्यान से देखा, तो उसके अंदर ककरोच नजर आया. यह दृश्य देखकर ग्राहक सहित आसपास मौजूद लोग सन्न रह गए. कॉकरोच मिलने के मामला के मदिरा प्रेमियों बाद ग्राहकों में सेहत को लेकर नाराजगी प्रकट कर जांच की मांग कर रहे हैं.

पशुओं का उपयोग 12 से 3 बजे तक प्रतिबंधित

जांजगीर-चांपा. जिले में लगातार बढ़ रही भीषण गर्मी को देखते हुए कलेक्टर ने पशुओं के प्रति क्रूरता रोकने के लिए आदेश जारी किया है. कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने आदेश जारी कर दोपहर 12 बजे से 3 बजे के बीच पशुओं का उपयोग पूर्णतः प्रतिबंधित किया है. वर्तमान में तापमान 37 डिग्री सेल्सियस से अधिक बना हुआ है. ऐसे में पशुओं का उपयोग सवारी, बोझा ढोने या अन्य कार्यों में करने से उनके बीमार होने या मृत्यु का खतरा बढ़ जाता है. इसी को ध्यान में रखते हुए पशुओं पर क्रूरता निवारण नियम 1965 के नियम 6 (3) के अंतर्गत यह प्रतिबंध लागू किया गया है. आदेश का उल्लंघन करने वालों पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी.

पुलिस की मुस्तैदी से टली एटीएम चोरी की वारदात, गैस कटर सहित आरोपी गिरफ्तार

रायगढ़. कभी कभी पुलिस के हाथ भी वारदात से पहले पहुंच जाते है. इसका जीता जागता उदाहरण कल रात गेरवानी चौक में देखने को मिली, जहां पुलिस ने रात्रि गस्त के दौरान एक ऐसी घटना को होने से बचा लिया, जिसमें एक बैंक को बड़ा नुकसान हो सकता था. पूंजीपथरा पुलिस ने कल रात रात्रि गस्त के दौरान एटीएम में चोरी होने से बचा लिया और चोर को रंगे हाथ गैस कटर के साथ घर दबोचा. पुलिस ने बताया कि पेट्रोलिंग के दौरान पुलिस को मूखबिर से सूचना मिली कि गेरवानी चौक में कोई अज्ञात व्यक्ति गैस कटर से एटीएम को तोडने की कोशिश कर रहा है. मामले की जानकारी पुलिस को लगने पर पूंजी पथरा पुलिस दल बल के साथ मौके पर पहुंची और वहां स्थित इंडिया वन प्राइवेट लिमिटेड के एटीएम के पास एक संदिग्ध व्यक्ति को देखा गया. जहां उक्त व्यक्ति गैस कटर से मशीन तोड़कर रुपए चोरी का प्रयास कर रहा था. इसी दौरान पुलिस ने उसे रंगे हाथ दबोच लिया. पुलिस ने बताया कि मूल रूप से आरोपी पंकज पासवान झारखंड का निवासी है. वह पिछले 7 से 8 सालों से रायगढ़ में रह रहा था और उसके पास 2 ट्रेलर था, जिसे कम्पनी ने किस्त नहीं पटने पर खिंच लिया था. इससे आरोपी पूरी तरह कर्ज में डूब गया था और यही वजह है कि उसने कल रात कर्ज से परेशान होकर एटीएम से रूपये चोरी करने की योजना बनाई और गैस कटर लेकर गेरवानी के पास एटीएम मशीन को तोड़ रहा था और आधा तोड़ चूका था लेकिन पुलिस की सतर्कता से पकड़ा गया.

कैश निकालने की थी तैयारी

पुलिस ने बताया कि आरोपी एटीएम मशीन को क्षतिग्रस्त कर कैश निकालने की कोशिश कर रहा था तभी पुलिस ने तत्काल घेराबंदी कर आरोपी पंकज कुमार पासवान को पकड लिया . आरोपी के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त गैस कटर बरामद किए गए.

एटीएम से रूपये चोरी ही नहीं हुई और कम्पनी को हो गया नुकसान

पुलिस की माने तो घटना से एटीएम मशीन को 3,50,000 रूपये का नुकसान है. घटना के संबंध में इंडिया वन प्राइवेट लिमिटेड के कर्मचारी दीपक दास महंत की रिपोर्ट पर आरोपी के खिलाफ धारा 305, 316,331(4),62 BNS के तहत अपराध पंजीबद्ध कर आरोपी पंकज कुमार पासवान को गिरफ्तार कर रिमांड पर जेल भेज दिया गया है.

नगद पुरस्कार से सम्मानित हुए आरक्षक

इस साहसिक और सतर्क कार्रवाई की सराहना करते हुए एसएसपी शशि मोहन सिंह ने थाना प्रभारी रामकिंकर यादव एवं पूरी टीम की पीठ थपथपाई तथा उत्कृष्ट कार्य के लिए तीनों आरक्षक- चंद्रशेखर चंद्राकर, विक्रांत भगत और नरेंद्र कुमार पैकरा को नगद ईनाम राशि आदेश जारी कर प्रोत्साहित किया गया है.