भोपाल। उज्जैन के लोहना कुटी धाम के संस्थापक श्री श्री 1008 स्वामी महेश चरण दस महाराज का सोमवार को देवलोकगमन हो गया। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने उनके देवलोक गमन पर शोक व्यक्त किया है। साथ ही इसे अपूरणीय क्षति बताया है। 

सीएम डॉ. मोहन यादव ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर अपना दुख व्यक्त किया है। सीएम ने लिखा, उज्जैन जिले के बड़नगर स्थित श्री राधा माधव उदासीन आश्रम, लोहाना कुटी धाम के संस्थापक, परम पूज्य श्री श्री 1008 स्वामी श्री महेश चरण दास जी महाराज के देवलोक गमन का समाचार अत्यंत दुखद है।

महाराज श्री का संपूर्ण जीवन धर्म, सेवा, साधना और मानव कल्याण के लिए समर्पित रहा। उनका ब्रह्मलीन होना हम सभी के लिए अपूरणीय क्षति है। मैं उनके चरणों में नमन कर, उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित करता हूं। ईश्वर से प्रार्थना है कि उनके समस्त अनुयायियों को इस असहनीय दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करें।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने महाराज श्री के चरणों में श्रद्धासुमन अर्पित कर परमपिता परमेश्वर से उनके सभी अनुयायियों को यह असहनीय दुःख सहन करने की शक्ति देने की कामना की है।

दिवंगत स्वामी जी ने वर्ष 1994 में श्री राधा माधव उदासीन आश्रम लोहाना कुटी की स्थापना की थी। परम पूज्य गुरुदेव के मार्गदर्शन में लोहाना कुटी आश्रम में वर्ष भर आध्यात्मिक एवं धार्मिक गतिविधियां चलती रहती हैं।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m