Chhattisgarh Hockey League 2026: छत्तीसगढ़ हॉकी लीग के पहले सीजन को दो फाइनलिस्ट मिल गए हैं। संस्कारधानी स्ट्राइकर्स और मैनपाट टाइटंस ने अपने-अपने सेमीफाइनल मुकाबले जीतकर खिताबी मुकाबले में जगह बना ली है। संस्कारधानी ने पहले सेमीफाइनल में अंक तालिका की शीर्ष टीम न्यायधानी नाइट्स को 6-3 से हराया, जबकि दूसरे सेमीफाइनल में मैनपाट टाइटंस ने बैलाडीला बुल्स को 3-1 से शिकस्त दी।

अब आज शाम 1 नवंबर को सरदार वल्लभभाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम में दोनों टीमें खिताब के लिए आमने-सामने होंगी। राज्योत्सव के मौके पर होने वाले इस मुकाबले में छत्तीसगढ़ हॉकी लीग को अपना पहला चैंपियन मिलेगा।

शाहरुख के तीन गोल से संस्कारधानी की जीत

पहले सेमीफाइनल में संस्कारधानी स्ट्राइकर्स ने शुरुआत से ही आक्रामक खेल दिखाया। टीम के शाहरुख ने पहले ही मिनट में फील्ड गोल कर खाता खोला। इसके बाद नौवें मिनट में संस्कारधानी को पेनल्टी कॉर्नर मिला, जिसे गोल में बदलकर टीम ने बढ़त मजबूत की। न्यायधानी नाइट्स की ओर से शादाब अहमद खान ने इसी मिनट में पेनल्टी कॉर्नर पर गोल कर स्कोर का अंतर कम किया।

दूसरे क्वार्टर में न्यायधानी ने वापसी की कोशिश की। आदर्श राज सिंह ने फील्ड गोल कर स्कोर बराबर किया, लेकिन संस्कारधानी के आशीष तानी पूर्ति ने पेनल्टी पर गोल दागकर टीम को फिर आगे कर दिया। इसके बाद अरबाज अली ने फील्ड गोल से न्यायधानी को मुकाबले में बनाए रखा।

तीसरे क्वार्टर में शाहरुख ने एक और फील्ड गोल किया। इसके कुछ ही देर बाद उन्होंने पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदलकर अपनी टीम की बढ़त और मजबूत कर दी। न्यायधानी की ओर से रोहित रजक ने पेनल्टी पर गोल किया, लेकिन टीम स्कोर बराबर करने में सफल नहीं हो सकी।

आखिरी क्वार्टर में संस्कारधानी ने दो और गोल दागे। पांचवें मिनट में आर्यन एक्सेस ने फील्ड गोल किया, जबकि आठवें मिनट में ओम कुमार यादव ने डिफ्लेक्शन से गेंद को गोलपोस्ट में पहुंचाया। इस तरह संस्कारधानी ने 6-3 से मुकाबला अपने नाम कर फाइनल में जगह बना ली। शाहरुख तीन गोल के साथ टीम की जीत के सबसे बड़े हीरो रहे।

आखिरी क्वार्टर में मैनपाट ने पलटा मैच

दूसरे सेमीफाइनल में मैनपाट टाइटंस और बैलाडीला बुल्स के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला। पहले क्वार्टर में दोनों टीमों ने गोल करने के मौके बनाए, लेकिन मैनपाट के संदीप ठाकुर ने सातवें मिनट में पेनल्टी कॉर्नर पर गोल कर टीम को बढ़त दिला दी। इसके बाद दूसरे और तीसरे क्वार्टर में कोई टीम गोल नहीं कर सकी।

मैच के आखिरी 15 मिनट में मैनपाट ने अपना आक्रमण तेज किया। चौथे क्वार्टर के चौथे मिनट में प्रिंस भगत ने फील्ड गोल कर टीम की बढ़त दोगुनी कर दी। इसके पांच मिनट बाद उन्होंने एक और गोल दागा। इस बार प्रिंस ने पास के जरिए मिले मौके को गोल में बदला और मैनपाट को 3-0 से आगे कर दिया।

बैलाडीला बुल्स ने 12वें मिनट में फील्ड गोल कर अंतर कम करने की कोशिश की, लेकिन तब तक देर हो चुकी थी। मैनपाट ने 3-1 से जीत दर्ज करते हुए फाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली। प्रिंस भगत ने आखिरी क्वार्टर में दो गोल कर टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई।

पॉइंट्स टेबल में शीर्ष दो पर थीं न्यायधानी और मैनपाट

लीग चरण में न्यायधानी नाइट्स और मैनपाट टाइटंस ने 11-11 अंकों के साथ शीर्ष दो स्थान हासिल किए थे। संस्कारधानी स्ट्राइकर्स 10 अंकों के साथ तीसरे और बैलाडीला बुल्स 8 अंकों के साथ चौथे स्थान पर रही थी। हालांकि, सेमीफाइनल में संस्कारधानी ने शीर्ष पर रही न्यायधानी को हराकर फाइनल में जगह बना ली।

छत्तीसगढ़ हॉकी लीग की पॉइंट्स टेबल

स्थानटीममैचजीतड्रॉहारगोल किएगोल खाएगोल अंतरअंक
1न्यायधानी नाइट्स63211916+311
2मैनपाट टाइटंस63211512+311
3संस्कारधानी स्ट्राइकर्स63122621+510
4बैलाडीला बुल्स6222171708
5चक्रधर चैंपियंस52121720-37
6राजधानी रॉयल्स5005816-80

अब आज शाम 7:00 बजे सरदार वल्लभभाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम में संस्कारधानी स्ट्राइकर्स और मैनपाट टाइटंस के बीच खिताबी भिड़ंत होगी। दोनों टीमों के पास छत्तीसगढ़ हॉकी लीग का पहला खिताब जीतकर इतिहास बनाने का मौका है।

दर्शकों के लिए प्रवेश निःशुल्क, JioHotstar पर होगा सीधा प्रसारण

हॉकी प्रेमियों के लिए स्टेडियम में प्रवेश पूरी तरह निःशुल्क रखा गया है। दर्शक स्टेडियम पहुंचकर मुकाबलों का आनंद ले सकेंगे। जो दर्शक स्टेडियम नहीं पहुंच पाएंगे, वे JioHotstar पर सभी मुकाबलों का लाइव प्रसारण देख सकेंगे। इस दौरान दर्शक हिंदी के साथ-साथ छत्तीसगढ़ी भाषा में भी मैचों का आनंद ले सकेंगे।

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H