Delhi Morning News Brief (दिल्ली मॉर्निंग न्यूज ब्रीफ): कल (01 मई 2026) की खबरों में राशन कार्ड समस्याओं के समाधान के लिए ‘जन सुनवाई शिविर’, प्राइवेट स्कूलों की मनमानी पर रेखा सरकार सख्त, गर्मियों की छुट्टियों से पहले सभी छात्रों को मिलेंगी किताबें, ध्वनि प्रदूषण पर कड़ी कार्रवाई प्रमुख रहा।

राशन कार्ड समस्याओं के समाधान के लिए ‘जन सुनवाई शिविर’

दिल्ली सरकार के खाद्य एवं आपूर्ति विभाग ने एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए सभी जिला कार्यालयों में ‘जन सुनवाई शिविर’ शुरू करने का निर्णय लिया है। इन शिविरों का उद्देश्य राशन कार्ड से जुड़ी समस्याओं का त्वरित समाधान प्रदान करना है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने इस संबंध में निर्देश दिए हैं कि राशन कार्ड से संबंधित सभी मामलों को प्राथमिकता दी जाए और जन समस्याओं का समाधान जल्द से जल्द किया जाए। शिविरों के माध्यम से नागरिकों को सीधे तौर पर अधिकारियों से सहायता मिल सकेगी, जिससे राशन कार्ड में किसी भी प्रकार की गलती, नवीनीकरण, या वितरण में समस्या जैसे मुद्दों का समाधान हो सकेगा।

पढ़े पूरी खबर…..

प्राइवेट स्कूलों की मनमानी पर रेखा सरकार सख्त

नई दिल्ली: दिल्ली में निजी स्कूलों की ओर से अभिभावकों पर किताबें, यूनिफॉर्म और स्टेशनरी किसी तय दुकान से खरीदने के दबाव को लेकर सरकार ने सख्त रुख अपनाया है। सीएम रेखा गुप्ता (Rekha Gupta) ने स्पष्ट किया है कि अब किसी भी स्कूल को अभिभावकों को सीमित विक्रेताओं से खरीदारी के लिए बाध्य करने की अनुमति नहीं होगी। सरकार के इस फैसले के बाद पैरेंट्स को यह स्वतंत्रता मिलेगी कि वे किताबें, ड्रेस और स्टेशनरी किसी भी मान्यता प्राप्त विक्रेता से अपनी सुविधा और पसंद के अनुसार खरीद सकें।मुख्यमंत्री ने कहा कि शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता और अभिभावकों के हितों की सुरक्षा सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने यह भी संकेत दिया कि यदि कोई स्कूल इस नियम का उल्लंघन करता पाया गया तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

पढ़े पूरी खबर…..

गर्मियों की छुट्टियों से पहले सभी छात्रों को मिलेंगी किताबें

दिल्ली सरकार ने दिल्ली हाई कोर्ट में महत्वपूर्ण बयान देते हुए कहा कि सभी सरकारी स्कूलों में बच्चों को गर्मियों की छुट्टियां शुरू होने से पहले किताबें दे दी जाएंगी। यह निर्णय एक एनजीओ द्वारा दायर की गई याचिका की सुनवाई के दौरान लिया गया, जिसमें सरकार से किताबों की आपूर्ति में हो रही देरी के संबंध में सचिव (शिक्षा) के खिलाफ अवमानना की कार्रवाई की मांग की गई थी। दिल्ली सरकार ने कोर्ट को आश्वासन दिया कि गर्मी की छुट्टियों से पहले किताबें सभी छात्रों तक पहुंचा दी जाएंगी, ताकि आगामी शैक्षिक सत्र के लिए छात्र समय से तैयार हो सकें। इस कदम का उद्देश्य छात्रों को अपनी छुट्टियों के दौरान पाठ्यक्रम सामग्री का अध्ययन करने का पर्याप्त समय देना है, जिससे उनकी पढ़ाई में किसी तरह का व्यवधान न हो।

पढ़े पूरी खबर…..

ध्वनि प्रदूषण पर कड़ी कार्रवाई

राजधानी दिल्ली में बढ़ते ध्वनि प्रदूषण को काबू में करने के लिए अब प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। नई व्यवस्था के तहत शिकायत मिलने के बाद किसी भी प्रकार की देरी के बिना त्वरित कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने यह सुनिश्चित किया है कि तीन दिन के भीतर शिकायतों की जांच पूरी की जाएगी, मौके पर ध्वनि मापी जाएगी और नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर तुरंत जुर्माना लगाया जाएगा, साथ ही प्रदूषण फैलाने वाले उपकरण भी जब्त कर लिए जाएंगे।यह कदम दिल्ली सरकार द्वारा ध्वनि प्रदूषण को गंभीरता से लेते हुए उठाया गया है, ताकि नागरिकों को शांति और स्वच्छ पर्यावरण में जीवन जीने का अधिकार मिले। अब तक, शिकायतों के समाधान में समय लेने की वजह से प्रदूषण नियंत्रण की दिशा में प्रभावी कदम नहीं उठाए जा सके थे, लेकिन इस नई व्यवस्था के तहत कार्रवाई को और तेज किया जाएगा।

पढ़े पूरी खबर…..

कल की कुछ महत्वपूर्ण खबरेंः-

दिल्ली में अतिक्रमण पर कड़ी कार्रवाई: दिल्ली में दशकों से जारी जाम की समस्या को समाप्त करने के लिए दिल्ली सरकार ने अब एक नया कदम उठाया है। राजधानी की 1400 किमी से अधिक लंबी सड़कों पर भयंकर अतिक्रमण की समस्या के समाधान के लिए पीडब्ल्यूडी (PWD) ने डिफरेंशियल ग्लोबल पोजिशनिंग सिस्टम (डीजीपीएस) सर्वे कराने का फैसला किया है। इस सर्वे की मदद से सड़कों पर अतिक्रमण की पहचान और मार्किंग की जाएगी, जिससे भविष्य में अवैध कब्जों पर कड़ी कार्रवाई की जा सकेगी। (पढ़े पूरी खबर)

दिल्ली में यमुना क्रूज सेवा की तैयारी: दिल्ली में जल्द ही यमुना नदी पर पर्यटन का नया आकर्षण जुड़ने जा रहा है। राज्य सरकार अगले महीने यमुना में एक आधुनिक क्रूज सेवा शुरू करने की तैयारी में है, जिसका उद्देश्य नदी पुनरुद्धार के साथ-साथ पर्यटन को बढ़ावा देना है। इस परियोजना के तहत मुंबई में निर्मित 40 सीटों वाला एक आधुनिक क्रूज यमुना में संचालित किया जाएगा। इसमें यात्रियों के लिए संगीत, भोजन और मनोरंजन जैसी प्रीमियम सुविधाएं उपलब्ध होंगी। क्रूज की खास बात यह होगी कि यह यमुना पर एक घंटे की “राउंड ट्रिप” करेगा, जिससे यात्रियों को राजधानी के बीचों-बीच एक अनोखा अनुभव मिलेगा। (पढ़े पूरी खबर)

मधुबन चौक स्टेशन अस्थायी रूप से बंद: दिल्ली मेट्रो (Delhi Metro) के यात्रियों के लिए महत्वपूर्ण अपडेट जारी किया गया है। DMRC ने रेड लाइन पर स्थित मधुबन चौक मेट्रो स्टेशन को लेकर एडवाइजरी जारी की है। DMRC के अनुसार, मधुबन चौक स्टेशन पर गेट नंबर-2 और लिफ्ट नंबर-3 (आर क्यूब मॉल की ओर) को 1 मई से 15 मई 2026 तक अस्थायी रूप से बंद रखा जाएगा। यह निर्णय लाइन-1 (रेड लाइन) और लाइन-8 (मेजेंटा लाइन) के बीच चल रहे कनेक्टिविटी निर्माण कार्य के चलते लिया गया है। यात्रियों की सुविधा के लिए DMRC ने सलाह दी है कि वे स्टेशन पर आने-जाने के लिए गेट नंबर 1, 3 और 4 तथा लिफ्ट नंबर-4 का उपयोग करें, ताकि किसी तरह की असुविधा से बचा जा सके। (पढ़े पूरी खबर)

संजय कपूर की संपत्ति पर अंतरिम रोक: दिल्ली में दिल्ली हाईकोर्ट (Delhi High Court) ने फिल्म अभिनेत्री करिश्मा कपूर (Karisma Kapoor) के बच्चों की ओर से दायर याचिका पर सुनवाई करते हुए अहम अंतरिम आदेश जारी किया है। अदालत ने दिवंगत कारोबारी संजय कपूर (Sanjay Kapoor) की संपत्ति से जुड़े मामले में उनकी दूसरी पत्नी प्रिया कपूर (Priya Kapoor) को फिलहाल किसी भी प्रकार का लेन-देन या हस्तांतरण करने से रोक दिया है। न्यायमूर्ति ज्योति सिंह (Jyoti Singh) की पीठ ने अपने आदेश में कहा कि मामले का ट्रायल लंबा चल सकता है, ऐसे में संपत्ति की सुरक्षा जरूरी है। इसलिए संजय कपूर के बैंक खातों और विदेश में मौजूद उनकी क्रिप्टोकरेंसी होल्डिंग्स को अभी के लिए निष्क्रिय रखने का निर्देश दिया गया है। (पढ़े पूरी खबर)

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m